स्वरोजगार पर जोर: केंद्रीय मंत्री नितीन गडकरी बोले-मेरे घर 19 लोग काम करते हैं, हाऊसकीपिंग कंपनी को देता हूं हर माह ढाई लाख रुपये

केंद्रीय मंत्री नितीन गडकरी बोले-मेरे घर 19 लोग काम करते हैं, हाऊसकीपिंग कंपनी को देता हूं हर माह ढाई लाख रुपये
  • रोजगार का मतलब नौकरी नहीं
  • बाइक टैक्सी से भी अच्छी कमाई
  • युवाओं को नौकरी के बजाय रोजगार देनेवाला बनने की दिशा में काम करना होगा

Nagpur News. केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितीन गडकरी ने कहा है कि युवाओं को नौकरी के बजाय रोजगार देनेवाला बनने की दिशा में काम करना होगा। आयोजित एक कार्यक्रम में गडकरी ने कहा कि देश के हर युवा को नौकरी मिलना संभव नहीं है, इसलिए कौशल आधारित स्वरोजगार को बढ़ावा देना समय की आवश्यकता है। उन्होंने युवाओं से हाउसकीपिंग, सेवा और अन्य कौशल आधारित क्षेत्रों में अपनी कंपनियां स्थापित करने का आह्वान किया। गडकरी ने उदाहरण देते हुए कहा कि उनके घर की हाउसकीपिंग सेवाएं एक निजी कंपनी द्वारा संचालित की जाती हैं और इसके लिए वे हर महीने लगभग ढाई लाख रुपये का भुगतान करते हैं। उन्होंने बताया कि उनके घर में 19 लोग काम करते हैं, जिससे यह स्पष्ट होता है कि सेवा क्षेत्र में रोजगार और स्वरोजगार की बड़ी संभावना है।

रोजगार का मतलब नौकरी नहीं

सुदर्शन वाल्मीकि समाज के लिए आयोजित कार्यक्रम में गडकरी ने कहा कि सफाई और हाउसकीपिंग जैसे क्षेत्रों में सेवाओं की मांग लगातार बढ़ रही है। ऐसे में युवा प्रशिक्षण लेकर अपनी स्वयं की कंपनियां शुरू करें और दूसरों को भी रोजगार दें। उन्होंने कहा कि गरीब परिवारों की मूलभूत जरूरतों को पूरा करने के लिए रोजगार जरूरी है, लेकिन रोजगार का अर्थ केवल सरकारी या निजी नौकरी नहीं है। स्वरोजगार भी आर्थिक आत्मनिर्भरता का मजबूत माध्यम है।

बाइक टैक्सी से भी अच्छी कमाई

  • गडकरी ने दावा किया कि देश में ई-रिक्शा और बाइक टैक्सी जैसी योजनाओं ने लाखों लोगों को रोजगार उपलब्ध कराया है। उनके अनुसार, बड़ी संख्या में युवा बाइक टैक्सी सेवाओं के जरिए हर महीने अच्छी आय अर्जित कर रहे हैं।
  • गडकरी ने यह भी बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत सैकड़ों गरीब परिवारों के लिए आवास निर्माण कार्य शुरू होने जा रहा है। वहीं, कमाल चौक परिसर नागपुर में उनकी माता की स्मृति में शुरू किए गए डायग्नोस्टिक सेंटर में पिछले नौ महीनों में हजारों गरीब मरीजों को स्वास्थ्य सेवाएं मिली हैं।
  • गडकरी ने कहा कि सरकार का उद्देश्य समाज के सभी वर्गों को विकास और रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना है, ताकि युवाओं को आत्मनिर्भर बनने का अवसर मिल सके।

Created On :   12 July 2026 6:29 PM IST

Tags

Next Story