खुली पोल: कक्षाओं पर ताले, पढ़ाई शुरु होगी कब, जूनियर केजी में 40 बच्चों का एडमिशन, रामभाऊ म्हालगी नगर मनपा स्कूल में अव्यवस्था

कक्षाओं पर ताले, पढ़ाई शुरु होगी कब, जूनियर केजी में 40 बच्चों का एडमिशन, रामभाऊ म्हालगी नगर मनपा स्कूल में अव्यवस्था
  • अभी सीएम के जन्मदिन कार्यक्रम में व्यस्त
  • जानकारी देने में टालमटोल

Nagpur News. म्हालगी नगर प्रभाग 29 स्थित महानगरपालिका के रामभाऊ म्हालगी नगर इंग्लिश मीडियम स्कूल (महाराष्ट्र स्टेट बोर्ड) में जूनियर केजी के विद्यार्थियों के भविष्य को लेकर गंभीर लापरवाही सामने आई है। जानकारी के अनुसार, यहां शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए जूनियर केजी में 40 विद्यार्थियों का प्रवेश तो दे दिया गया, लेकिन अब तक उनके लिए नियमित कक्षाएं शुरू ही नहीं हुई हैं। मौके पर निरीक्षण के दौरान केजी की कक्षाओं पर ताले लगे हुए मिले। बाथरूम भी बंद पाए गए। सूत्रों के अनुसार, स्कूल परिसर में एक ऐसी जगह भी चिन्हित की गई है, जहां जूनियर केजी की नई कक्षा का निर्माण किया जाना था, लेकिन वहां निर्माण शुरू होने के कोई संकेत तक दिखाई नहीं दे रहे हैं। समय बीतता जा रहा है, लेकिन बच्चों की पढ़ाई शुरू नहीं हो पाई है, जिससे पालकों में नाराजगी बढ़ रही है। बता दें कि जिले के सभी स्कूल 30 जून से शुरू हो चुके हैं।


जानकारी देने में टालमटोल

जब इस विषय पर स्कूल के शिक्षक वर्ग ने स्पष्ट जानकारी देने से बचते हुए प्रिंसिपल का नाम बताने में भी आनाकानी की। बाद में उपस्थित एक शिक्षक के फोन से प्रिंसिपल से संपर्क किया गया। प्रिंसिपल प्रियल उमारिया ने भी सीधे तौर पर जवाब देने से इनकार करते हुए कहा कि सीनियर केजी की क्लासेस चल रही हैं, लेकिन जूनियर केजी की क्लासेस शुरू नहीं हुई हैं। इस बारे में हम कुछ नहीं बता सकते। आपको जानकारी चाहिए तो एनएमसी ऑफिसर्स से बात करें। हम अपना संपर्क नंबर भी साझा नहीं कर सकते। इस संबंध में मनपा के शिक्षण अधिकारी से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनसे संपर्क नहीं हो पाया।

अभी सीएम के जन्मदिन कार्यक्रम में व्यस्त

इस मामले में प्रभाग 29 की नगरसेविका एवं हनुमान नगर जोन 3 की सभापति ज्योति देवघरे ने कहा कि मुझे इस स्कूल की स्थिति के बारे में फिलहाल कोई जानकारी नहीं है। अभी हम मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के जन्मदिन (22 जुलाई) के कार्यक्रम में व्यस्त हैं। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद 5-6 दिनों में मैं स्कूल जाकर स्थिति की जानकारी लूंगी और उसके बाद ही कुछ बता पाऊंगी।”

Created On :   12 July 2026 6:12 PM IST

Tags

Next Story