- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- नागपुर
- /
- वैवाहिक विवाद ने लिया हिंसक मोड़,...
Nagpur News: वैवाहिक विवाद ने लिया हिंसक मोड़, पत्नी समेत सात पर लूट व मारपीट का मामला दर्ज

Nagpur News पति-पत्नी के बीच चल रहा वैवाहिक विवाद अब आपराधिक मामले में बदल गया है। हुडकेश्वर पुलिस ने 36 वर्षीय युवक की शिकायत पर उसकी पत्नी, साली समेत सात लोगों के खिलाफ मारपीट, लूट, धमकी, अवैध रूप से बंधक बनाने और अन्य गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, उमरेड तहसील के बेला निवासी महेंद्र वासुदेव तेलरांधे (36) पिछले छह माह से घरेलू विवाद के चलते अपनी पत्नी प्रिया तेलरांधे से अलग रह रहे हैं। महेंद्र ने शिकायत में बताया कि 20 जून 2026 की रात करीब 8.15 बजे वह अपने मित्र देवेंद्रकुमार चिल्लाटे के साथ जा रहे थे। इसी दौरान दिघोरी चौक के पास उनकी पत्नी प्रिया और साली माधुरी चंदनखेड़े ने मोपेड सड़क पर खड़ी कर उनका रास्ता रोक लिया।
महेंद्र का आरोप है कि इसके बाद गणेश चंदनखेड़े, संजय तरोटे, किरण शेडके तथा दो-तीन अन्य लोग वहां पहुंचे और उन्हें वाहन से खींचकर कॉलर पकड़ लिया। सभी ने मिलकर उनकी जमकर पिटाई की।
अस्पताल में भी मारपीट का आरोप : घटना के दौरान प्रिया की तबीयत बिगड़ने पर उसे म्हालगी नगर स्थित श्री कृपा अस्पताल में भर्ती कराया गया। महेंद्र का आरोप है कि जब वह अस्पताल पहुंचे तो आरोपियों ने वहां भी उनके साथ मारपीट की। इस दौरान उनका मोबाइल फोन और 15 हजार रुपये नकद छीन लिए गए।
जिंदा जलाने की धमकी : शिकायत में महेंद्र ने आरोप लगाया है कि आरोपियों ने चाकू दिखाकर पेट्रोल डालकर जिंदा जलाने और शरीर के टुकड़े-टुकड़े करने की धमकी दी। इसके बाद उन्हें जबरन ऑटो में बैठाकर दिघोरी चौक के पास छोड़ दिया गया।
महेंद्र ने पहले वाठोड़ा थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। जांच में घटना का स्थान हुडकेश्वर थाना क्षेत्र में आने के कारण मामला वहां स्थानांतरित किया गया। हुडकेश्वर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत रास्ता रोकने, अवैध रूप से बंधक बनाने, मारपीट, लूट, जबरन वसूली, गाली-गलौज, जान से मारने की धमकी तथा समान आशय सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
यह भी पढ़े -लाडकी बहन योजना से 92 लाख महिलाएं बाहर, वडेट्टीवार बोले- चुनाव जीतने के बाद सरकार ने किया विश्वासघात
Created On :   14 July 2026 4:00 PM IST












