- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- नागपुर
- /
- तीन होटलों के लाइसेंस निलंबित,...
सख्ती: तीन होटलों के लाइसेंस निलंबित, गंभीर अनियमितताएं मिलने पर अन्न व औषध प्रशासन की बड़ी कार्रवाई

Nagpur News. अन्न सुरक्षा मानकों का उल्लंघन करने वाले होटल और रेस्त्रां के खिलाफ अन्न व औषध प्रशासन (एफडीए) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन होटलों के खाद्य लाइसेंस निलंबित कर दिए हैं। यह कार्रवाई अन्न सुरक्षा एवं मानक अधिनियम-2006 के तहत चलाए गए विशेष जांच अभियान के दौरान की गई। जांच में तीनों प्रतिष्ठानों में अन्न सुरक्षा से जुड़ी गंभीर खामियां सामने आने पर उनके खाद्य लाइसेंस/पंजीकरण 12 जुलाई से अगले आदेश तक निलंबित कर दिए गए हैं। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सभी कमियों को दूर कर निर्धारित मानकों का पालन करने के बाद ही लाइसेंस बहाल करने पर विचार किया जाएगा।
जिन प्रतिष्ठानों पर कार्रवाई की गई, उनमें याराना फैमिली गार्डन रेस्टोरेंट (जगदीश नगर, हजारी पहाड़), इंडियन तंदूर (शॉप नंबर-1, प्लॉट नंबर-122, मोनार्क को-ऑपरेटिव सोसायटी, फ्रेंड्स कॉलोनी, काटोल रोड) तथा द हट फैमिली रेस्टोरेंट (घर नंबर-144, वार्ड नंबर-3, फेटरी, कलमेश्वर रोड) शामिल हैं।
यह कार्रवाई सह आयुक्त (अन्न), नागपुर विभाग सचिन केदारे तथा सहायक आयुक्त (अन्न) अ. सु. सदार के मार्गदर्शन में अन्न सुरक्षा अधिकारी कि. रं. गेडाम, अ. या. सोनटक्के और कि. शि. सोनेवाने ने की।
एफडीए ने कहा है कि उपभोक्ताओं को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना सर्वोच्च प्राथमिकता है। अन्न सुरक्षा नियमों का उल्लंघन करने वाले प्रतिष्ठानों के खिलाफ भविष्य में भी इसी तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
जांच में मिलीं ये प्रमुख खामियां
- खाद्य पंजीकरण/लाइसेंस प्रमाणपत्र दर्शनीय स्थान पर प्रदर्शित नहीं था।
- रसोई (किचन) खुले में संचालित की जा रही थी।
- किचन और अन्य स्थानों पर चूहों की मौजूदगी मिली।
- भोजन बनाने वाले कर्मचारियों ने टोपी और एप्रन नहीं पहन रखे थे।
- कर्मचारियों के मेडिकल फिटनेस प्रमाणपत्र उपलब्ध नहीं थे।
- पेयजल की जांच (वॉटर टेस्ट) की रिपोर्ट उपलब्ध नहीं थी।
- पेस्ट कंट्रोल का रिकॉर्ड नहीं मिला।
- फ्रिज और डीप फ्रीजर की नियमित सफाई नहीं की जा रही थी।
- डीप फ्रीजर में शाकाहारी और मांसाहारी खाद्य सामग्री एक साथ रखी गई थी।
- भोजन कक्ष ऊपर से खुला होने के कारण धूल और कीटों के प्रवेश की आशंका पाई गई।
- धुएं के कारण रसोई की दीवारें और छत काली पड़ चुकी थीं।
Created On :   13 July 2026 8:24 PM IST











