स्मार्ट नहीं है स्मार्ट: ज्यादा बिल की शिकायतें बढ़ीं, लैब में मीटर टेस्ट कराना है तो 260 रुपये देने होंगे

ज्यादा बिल की शिकायतें बढ़ीं, लैब में मीटर टेस्ट कराना है तो 260 रुपये देने होंगे
  • बिजली के ज्यादा बिल आने की शिकायतें लगातार बढ़ीं
  • महावितरण पहले संबंधित मीटर के साथ एक पैरलल मीटर लगाकर जांच करता है
  • उपभोक्ता लैब में मीटर की जांच कराना चाहता है, तो उसे 260 रुपये का शुल्क देना पड़ता

Nagpur News. स्मार्ट मीटर लगने के बाद बिजली के ज्यादा बिल आने की शिकायतें लगातार बढ़ रही हैं। महावितरण के पास पहुंच रही शिकायतों पर गौर करें तो जिन उपभोक्ताओं का पहले 4-5 हजार रुपये का बिल आता था, स्मार्ट मीटर लगने के बाद उनका बिल सीधे दोगुना हो गया है। यदि उपभोक्ता मीटर की लैब में जांच कराना चाहता है, तो उसे 260 रुपये का शुल्क देना होगा।

महावितरण ने पिछले सप्ताह करीब 100 स्थानों पर शिविर लगाकर उपभोक्ताओं की शिकायतें सुनीं। इनमें अधिकांश शिकायतें बिजली का बिल अधिक आने से संबंधित थीं। उपभोक्ताओं ने अभियंताओं को बताया कि स्मार्ट मीटर लगने के बाद अनाप-शनाप बिजली बिल आ रहे हैं।

दो तरीके से होती है मीटर की जांच

शिकायत मिलने पर महावितरण पहले संबंधित मीटर के साथ एक पैरलल मीटर लगाकर जांच करता है। यदि दोनों मीटरों में समान यूनिट दर्ज होती हैं, तो शिकायत निरस्त कर दी जाती है। वहीं, यदि उपभोक्ता लैब में मीटर की जांच कराना चाहता है, तो उसे 260 रुपये का शुल्क देना पड़ता है। शिकायतों की बढ़ती संख्या को देखते हुए महावितरण अधिकांश मामलों में पैरलल मीटर लगाकर ही जांच कर रहा है।

एक महीने में 990 यूनिट की खपत

दीपकनगर निवासी हरविंदर कौर मनकू ने बताया कि पहले उनका बिजली बिल 4 से 5 हजार रुपये तक आता था। स्मार्ट मीटर लगने के कुछ महीनों बाद जून में 990 यूनिट की खपत दर्शाई गई और 18,800 रुपये का बिल भेज दिया गया। उन्होंने नारी वितरण केंद्र में शिकायत दर्ज कराई, लेकिन अभी तक समस्या का समाधान नहीं हुआ है।

दोगुना बिजली बिल आया

न्यू बीडीपेठ निवासी नीरज नखाते ने बताया कि पहले उनका बिजली बिल करीब 2 हजार रुपये आता था। जून में 333 यूनिट की खपत दिखाकर 4,300 रुपये का बिल भेज दिया गया। उन्होंने कहा कि पहली बार इतना अधिक बिल आया है और मीटर की जांच की मांग की है।

अधिकारी बोले

नारी वितरण केंद्र के सहायक अभियंता ब्रजेश यादव ने कहा कि ज्यादा बिजली बिल आने की शिकायतें काफी बढ़ गई हैं। विभाग सभी शिकायतों के निवारण में जुटा है। दीपकनगर निवासी हरविंदर कौर के घर पैरलल मीटर लगाकर जांच की जाएगी। यदि उससे समाधान नहीं निकलता है, तो मीटर की लैब में जांच कराई जाएगी।

Created On :   13 July 2026 7:57 PM IST

Tags

Next Story