- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- नागपुर
- /
- कंटेनर पर चढ़ा व्यक्ति 25 हजार...
Nagpur News: कंटेनर पर चढ़ा व्यक्ति 25 हजार वोल्ट की OHE लाइन की चपेट में आने से गंभीर रूप से झुलसा

Nagpur News नागपुर रेलवे स्टेशन पर मंगलवार तड़के एक बड़ा हादसा हो गया। प्लेटफॉर्म नंबर-2 के पास लूप लाइन पर खड़ी मालगाड़ी के कंटेनर पर चढ़ा एक व्यक्ति 25 हजार वोल्ट की ओवरहेड इलेक्ट्रिक (OHE) लाइन की चपेट में आ गया। तेज करंट लगने से वह गंभीर रूप से झुलस गया। घटना के बाद स्टेशन परिसर में अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार, मंगलवार सुबह करीब 5:45 बजे शशीप्रकाश नामक व्यक्ति मुंबई एंड की ओर खड़ी मालगाड़ी के कंटेनर पर चढ़ गया। इसी दौरान वह ऊपर से गुजर रही 25 केवी हाई टेंशन ओएचई लाइन के संपर्क में आ गया। हाई वोल्टेज करंट लगते ही वह गंभीर रूप से झुलस गया।
घटना की सूचना मिलते ही ड्यूटी पर तैनात जीआरपी की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। पीएसआई पेंदोर के नेतृत्व में पुलिसकर्मियों ने जोखिम उठाते हुए रेस्क्यू अभियान चलाया और घायल को सावधानीपूर्वक कंटेनर से नीचे उतारा। इस अभियान में गिरीश राऊत, अमित त्रिवेदी, राकेश सिमिया, ताराचंद गजवे, मनीषा डोळस, मनोज मेश्राम, शशीकांत वाघमारे, भगवान इंगोले तथा सच्चिदानंद द्विवेदी ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
रेस्क्यू के बाद घायल को तत्काल नागपुर रेलवे अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका प्राथमिक उपचार किया गया। अस्पताल सूत्रों के अनुसार शशीप्रकाश की हालत गंभीर बनी हुई है और चिकित्सकों की निगरानी में उसका इलाज जारी है।
रेलवे प्रशासन ने घटना के बाद यात्रियों और आम नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी परिस्थिति में ट्रेन, मालगाड़ी या कंटेनर के ऊपर न चढ़ें। ओएचई लाइन में 25 हजार वोल्ट का करंट प्रवाहित होता है, जिसके निकट जाने मात्र से भी जानलेवा हादसा हो सकता है। मामले की जांच की जा रही है।
यह भी पढ़े -लाडकी बहन योजना से 92 लाख महिलाएं बाहर, वडेट्टीवार बोले- चुनाव जीतने के बाद सरकार ने किया विश्वासघात
Created On :   14 July 2026 3:50 PM IST











