- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- नागपुर
- /
- दोस्ती के जाल में फंसाकर एमडी की लत...
Nagpur News: दोस्ती के जाल में फंसाकर एमडी की लत लगाई, फिर किया सामूहिक दुष्कर्म

Nagpur News कंप्यूटर क्लास में हुई पहचान एक 22 वर्षीय नवविवाहिता के लिए भयावह साबित हुई। आरोप है कि दो युवकों ने पहले महिला को दोस्ती के जाल में फंसाया, फिर उसे एमडी (मादक पदार्थ) की लत लगाई और नशे की हालत में उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। इतना ही नहीं, आरोपियों ने उसके अश्लील फोटो और वीडियो बनाकर उन्हें वायरल करने की धमकी भी दी।
खापरखेड़ा पुलिस के अनुसार, पीड़िता (काल्पनिक नाम संजना) की नवंबर 2024 में कंप्यूटर क्लास के दौरान अनुराग कटारिया (25) से पहचान हुई थी। कुछ समय बाद दोनों में दोस्ती हो गई। इसी दौरान अनुराग ने कथित तौर पर पीड़िता को एमडी का सेवन करने के लिए उकसाया और धीरे-धीरे उसे इसकी लत लगा दी। बाद में उसने अपने मित्र आशीष शास्त्री (25), निवासी दहेगांव रंगारी, से उसकी मुलाकात कराई। आरोप है कि दोनों ने महिला को अपने कमरे पर ले जाकर एमडी खिलाई और उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया।
यह भी पढ़े -महाराष्ट्र मुख्यमंत्री ने समग्र शहरी विकास को गति देने के लिए 'अर्बन चैलेंज फंड' के गठन का किया आह्वान
पीड़िता का आरोप है कि इसके बाद दोनों आरोपी उसे लगातार शारीरिक संबंध बनाने के लिए मजबूर करते रहे। यहां तक कि उसके घर में घुसकर भी उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया गया। लगातार प्रताड़ना से तंग आकर महिला ने पूरी आपबीती अपने पति को बताई। पति ने उसका साथ देते हुए उसे पुलिस में शिकायत दर्ज कराने के लिए प्रोत्साहित किया। महिला की शिकायत पर खापरखेड़ा पुलिस ने अनुराग कटारिया और आशीष शास्त्री के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। दोनों आरोपी फरार हैं और उनकी तलाश जारी है।
यह भी पढ़े -जांच अधिकारी का कर्तव्य केवल पत्राचार करना नहीं, बल्कि समय पर प्रभावी और कानूनी जांच करना है
Created On :   14 July 2026 4:07 PM IST












