स्मार्ट मीटर: 80 हजार का बिजली बिल देख उड़े होश, 10 मिनट में घटकर 23,770 रुपये हुआ, उड़ रही उपभोक्ताओं की नींद

80 हजार का बिजली बिल देख उड़े होश, 10 मिनट में घटकर 23,770 रुपये हुआ, उड़ रही उपभोक्ताओं की नींद
  • स्मार्ट मीटर लगने के बाद उड़ रही उपभोक्ताओं की नींद
  • 23,770 रुपये का बिल भी मंजूर नहीं

Nagpur News. स्मार्ट मीटर को लेकर हर दिन नए-नए मामले सामने आ रहे हैं। मिहान स्थित महिंद्रा ब्लूमडेल सोसायटी में रहने वाले अतुलकुमार द्विवेदी को एक महीने का 80 हजार रुपये का बिजली बिल मिला। बिल देखते ही उनके होश उड़ गए। उन्होंने महावितरण में शिकायत की तो महज 10 मिनट के भीतर बिना किसी जांच-पड़ताल के बिल घटकर 23 हजार 770 रुपये हो गया।

पेशे से सॉफ्टवेयर इंजीनियर अतुलकुमार द्विवेदी ने बताया कि फरवरी में उनका बिजली बिल 3 हजार रुपये, अप्रैल में 10 हजार रुपये और मई में केवल 100 रुपये आया था। अप्रैल का बिल देखकर वे पहले ही हैरान थे, लेकिन अगले महीने मात्र 100 रुपये का बिल आने पर उन्होंने समझा कि बिल का समायोजन (एडजस्टमेंट) कर दिया गया है। जून का 80 हजार रुपये का बिल देखकर वे सकते में आ गए। बिल में एक महीने में 3,688 यूनिट बिजली की खपत दर्शाई गई है।

मंगलवार को उन्होंने महावितरण में अनाप-शनाप बिल की शिकायत दर्ज कराई। अधिकारियों ने उनके घर टेस्ट मीटर लगाकर जांच करने का आश्वासन दिया। इस दौरान अभियंता ने उनके मोबाइल में महावितरण का ऐप भी डाउनलोड कराया, ताकि बिजली की खपत की जानकारी ऑनलाइन देखी जा सके। महावितरण कार्यालय से घर पहुंचने के कुछ ही देर बाद उनके मोबाइल पर 23 हजार 770 रुपये के संशोधित बिल का संदेश आ गया। बिना जांच-पड़ताल के इतनी तेजी से बिल में बदलाव होने से द्विवेदी परिवार हैरान है।

23,770 रुपये का बिल भी मंजूर नहीं

अतुलकुमार की पत्नी नीलम द्विवेदी ने कहा कि अब जो 23 हजार 770 रुपये का बिल आया है, वह भी स्वीकार्य नहीं है। बिना किसी तकनीकी जांच के बिल में इतना बड़ा बदलाव कैसे हो गया, यह समझ से परे है। पहले टेस्ट मीटर लगाकर वास्तविक बिजली खपत का पता लगाया जाए, उसके बाद जितनी यूनिट निकलेंगी, उसी के अनुसार बिल का भुगतान करेंगे। उन्होंने कहा कि दो महीने पहले ही स्मार्ट मीटर लगाया गया था और उसके बाद से भारी-भरकम बिल आने लगे हैं। अप्रैल का 10 हजार रुपये का बिल भी सामान्य खपत की तुलना में बहुत अधिक था। हमारे घर में कोई उद्योग नहीं चलता। स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं की नींद उड़ा रहे हैं।

एक अन्य उपभोक्ता को 26 हजार रुपये का बिल

महिंद्रा ब्लूमडेल सोसायटी के ही एक अन्य निवासी कोरी को भी एक महीने का 26 हजार रुपये का बिजली बिल मिला है। हालांकि उन्होंने अभी तक महावितरण में शिकायत दर्ज नहीं कराई है, लेकिन उनका कहना है कि इससे पहले कभी इतना अधिक बिजली बिल नहीं आया।

टेस्ट मीटर से होगी वास्तविक खपत की जांच

महावितरण के खापरी वितरण केंद्र के सहायक अभियंता मनोज पुरी ने बताया कि बुधवार को द्विवेदी के घर टेस्ट मीटर लगाया जाएगा। दो दिनों तक टेस्ट मीटर के जरिए बिजली की वास्तविक खपत का आकलन किया जाएगा। इसके आधार पर सही यूनिट का पता चलेगा और आवश्यकता पड़ने पर बिजली बिल संशोधित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि 80 हजार रुपये का बिल 10 मिनट में घटकर 23 हजार 770 रुपये होने की जानकारी उन्हें नहीं है। उपभोक्ता को मिले संदेश की पुष्टि महावितरण कार्यालय में करनी चाहिए। टेस्ट मीटर लगाए बिना इस तरह बिल में बदलाव होना संभव नहीं है।

Created On :   14 July 2026 8:57 PM IST

Tags

Next Story