Nagpur News: हावड़ा-अहमदाबाद एक्सप्रेस का एसी फेल, डेढ़ घंटे नागपुर में रुकी ट्रेन

हावड़ा-अहमदाबाद एक्सप्रेस का एसी फेल, डेढ़ घंटे नागपुर में रुकी ट्रेन
  • उमसभरी गर्मी से यात्री बेहाल
  • अतिरिक्त कोच लगाकर कराया गया शिफ्ट

Nagpur News हावड़ा से अहमदाबाद जा रही 12834 हावड़ा-अहमदाबाद एक्सप्रेस के थर्ड एसी कोच (बी-3) का एयर कंडीशनर रास्ते में पूरी तरह खराब हो गया। इससे यात्रियों को उमसभरी गर्मी में भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। यात्रियों की लगातार शिकायतों के बाद रेलवे प्रशासन ने नागपुर स्टेशन पर ट्रेन को करीब डेढ़ घंटे तक रोककर समस्या का समाधान किया। अंततः यात्रियों की सुविधा के लिए एक अतिरिक्त एसी कोच लगाया गया।

यात्रियों ने नागपुर पहुंचने से पहले ही हेल्पलाइन नंबर और टीटीई को एसी खराब होने की सूचना दे दी थी। ट्रेन रात 10:30 बजे प्लेटफॉर्म नंबर-8 पर पहुंची, जहां रेलवे के तकनीकी दल ने तत्काल मरम्मत कार्य शुरू किया। करीब आधे घंटे से अधिक प्रयास के बावजूद एसी सिस्टम ठीक नहीं हो सका।

बुजुर्ग, महिलाएं और बच्चे सबसे ज्यादा परेशान : कोच में एसी बंद होने से गर्मी और उमस असहनीय हो गई। सबसे अधिक परेशानी बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों को उठानी पड़ी। हालात को देखते हुए रेलवे अधिकारियों ने तत्काल अतिरिक्त एसी कोच जोड़ने का निर्णय लिया।

कुलियों की सहायता से बी-3 कोच के सभी यात्रियों और उनके सामान को नए कोच में शिफ्ट किया गया। इस पूरी प्रक्रिया में भी काफी समय लग गया, जिससे ट्रेन निर्धारित समय से करीब डेढ़ घंटे विलंब से रवाना हुई।

यात्रियों ने जताई नाराजगी : यात्रियों ने रेलवे की व्यवस्था पर नाराजगी जताते हुए कहा कि महंगा किराया चुकाने के बावजूद उन्हें यात्रा के दौरान बुनियादी सुविधा भी नहीं मिल सकी। उनका कहना था कि लंबी दूरी की ट्रेनों में इस तरह की तकनीकी खराबियां लगातार सामने आ रही हैं, जिससे यात्रियों को अनावश्यक परेशानी उठानी पड़ती है।

रात 12 बजे रवाना हुई ट्रेन : रेलवे अधिकारियों के अनुसार, तकनीकी खराबी गंभीर होने के कारण एसी को मौके पर ठीक नहीं किया जा सका। यात्रियों की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए अतिरिक्त एसी कोच जोड़ने का निर्णय लिया गया। इसके बाद ट्रेन रात करीब 12 बजे नागपुर से अहमदाबाद के लिए रवाना हुई।

इस घटना ने एक बार फिर लंबी दूरी की ट्रेनों के रखरखाव और कोचों की तकनीकी जांच व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। यात्रियों का कहना है कि नियमित और प्रभावी मेंटेनेंस से ऐसी परेशानियों से बचा जा सकता है।


Created On :   15 July 2026 3:31 PM IST

Tags

Next Story