- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- नागपुर
- /
- गुजरात पुलिस को चकमा देकर नागपुर के...
Nagpur News: गुजरात पुलिस को चकमा देकर नागपुर के होटल से फरार हुआ आरोपी

Nagpur News चेक बाउंस मामले में गुजरात की अदालत के गैर-जमानती वारंट पर ओडिशा से गिरफ्तार किए गए एक आरोपी ने नागपुर में पुलिस को चकमा देकर हिरासत से फरार होने की सनसनीखेज वारदात को अंजाम दिया। घटना सीए रोड स्थित एक होटल में हुई, जहां गुजरात पुलिस की टीम सफर के दौरान कुछ देर के लिए रुकी थी। शिकायत के आधार पर तहसील पुलिस ने मामला दर्ज कर फरार आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। फरार आरोपी की पहचान अमित दास बकीमदास (46) , निवासी डांगरपाड़ा, चांदनी पोस्ट ऑफिस के पास, कटक (ओडिशा) के रूप में हुई है।
पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, राजकोट शहर (गुजरात) के 'ए' डिवीजन पुलिस थाने में पदस्थ पुलिस उपनिरीक्षक (पीएसआई) हिम्मतभाई जिंजाला, न्यायिक प्रथम श्रेणी मजिस्ट्रेट (नगरपालिका), राजकोट द्वारा नेगोशिएबल इंस्ट्रूमेंट्स एक्ट की धारा 138 के तहत दर्ज चेक बाउंस मामले में जारी गैर-जमानती वारंट क्रमांक-6587 का पालन कर रहे थे। पीएसआई जिंजाला के साथ पुलिस हवलदार जितेंद्रकुमार कालूभाई चव्हाण तथा पुलिस सिपाही प्रदीपभाई आयदानभाई भंगार की टीम ओडिशा पहुंची थी। वहां से आरोपी अमित दास बकीमदास को गिरफ्तार कर निजी टैक्सी से राजकोट ले जाया जा रहा था। 14 जुलाई को शाम करीब 4 बजे पुलिस टीम नागपुर के तहसील थाना क्षेत्र अंतर्गत सीए रोड स्थित भवसार चौक के पास इंडिया सन्स होटल में कुछ देर रुककर तरोताजा होने के लिए ठहरी।
शिकायत के अनुसार, पीएसआई जिंजाला एक कमरे में ठहरे, जबकि आरोपी को दोनों पुलिसकर्मियों की निगरानी में दूसरे कमरे में रखा गया। इसी दौरान एक पुलिसकर्मी फ्रेश होने चला गया, जबकि आरोपी की निगरानी कर रहा दूसरा पुलिसकर्मी कथित तौर पर झपकी ले बैठा। मौके का फायदा उठाकर आरोपी होटल से फरार हो गया। पुलिस टीम ने तत्काल उसकी तलाश शुरू की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं लग सका। इसके बाद गुजरात पुलिस अधिकारी जिंजाला की शिकायत पर तहसील पुलिस ने बीएनएस की धारा 262 तथा आईपीसी की धारा 224 के तहत पुलिस हिरासत से फरार होने का मामला दर्ज किया है। फिलहाल फरार आरोपी की तलाश के लिए सर्च अभियान चलाया जा रहा है। मामले की आगे की जांच जारी है।
Created On :   15 July 2026 3:37 PM IST














