Nagpur News: मध्यवर्ती कारागृह में जेल अधिकारी पर कैदियों का हमला, दो बंदियों पर मामला दर्ज

मध्यवर्ती कारागृह में जेल अधिकारी पर कैदियों का हमला, दो बंदियों पर मामला दर्ज
दोनों आरोपियों के खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा पहुंचाने और मारपीट का आरोप

Nagpur News नागपुर मध्यवर्ती कारागृह में मंगलवार शाम एक चौंकाने वाली घटना सामने आई, जहां विचाराधीन दो कैदियों ने ड्यूटी पर तैनात श्रेणी-1 जेल अधिकारी पर हमला कर दिया। घटना के बाद धंतोली पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा पहुंचाने सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है।

पुलिस के अनुसार, वामन तुकाराम निमजे नागपुर मध्यवर्ती कारागृह में श्रेणी-1 जेल अधिकारी के पद पर कार्यरत हैं। मंगलवार शाम करीब 6 बजे वे जेल के छोटी गोल परिसर स्थित बैरक क्रमांक-1 के सामने कैदियों की सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण कर रहे थे। इसी दौरान विचाराधीन बंदी दीपक उर्फ खट्या रामकृष्ण घनचक्कर (41, श्रीकृष्ण नगर, हिंगणा) तथा नादिर खान आतीख खान पठान (28, हसनबाग गली, नंदनवन) ने कथित रूप से उनके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी।

जेल अधिकारी ने दोनों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन दोनों बंदियों ने कथित तौर पर उन पर हमला कर मारपीट की और उन्हें वहां से खदेड़ने की कोशिश की। घटना के बाद वामन निमजे की शिकायत पर धंतोली पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा पहुंचाने और मारपीट के आरोप में मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।


Created On :   15 July 2026 3:59 PM IST

Tags

Next Story