अंतरराष्ट्रीय ड्रग सिंडिकेट!: बैंकॉक से 4.71 करोड़ की ड्रग्स लाते नागपुर का युवक मुंबई एयरपोर्ट पर गिरफ्तार, ट्रॉली बैग से हुआ बरामद

बैंकॉक से 4.71 करोड़ की ड्रग्स लाते नागपुर का युवक मुंबई एयरपोर्ट पर गिरफ्तार, ट्रॉली बैग से हुआ बरामद
  • 13.477 किलो हाइड्रोपोनिक वीड ट्रॉली बैग से बरामद
  • अंतरराष्ट्रीय ड्रग सिंडिकेट से जुड़े होने की आशंका
  • नेटवर्क का पता लगाने में जुटी जांच एजेंसी

Mumbai News. बैंकॉक से लौट रहे नागपुर के 30 वर्षीय युवक को मुंबई एयरपोर्ट पर कस्टम्स ने करोड़ों रुपए की ड्रग्स के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी के ट्रॉली बैग से 13.477 किलो हाइड्रोपोनिक वीड (गांजा) बरामद हुई है। इसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 4.71 करोड़ बताई गई है। कस्टम्स को शक है कि यह खेप भारत में तस्करी के लिए लाई गई थी। मामले में अंतरराष्ट्रीय ड्रग नेटवर्क की भी जांच की जा रही है।

ट्रॉली बैग में छिपाकर लाई गई ड्रग्स

आरोपी की पहचान नागपुर निवासी विकास गणोरकर के रूप में हुई है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, वह अपने दोस्तों के साथ बैंकॉक घूमने गया था। मंगलवार रात वह बैंकॉक से मुंबई पहुंचा था। जहां से उसे नागपुर की फ्लाइट पकड़नी थी। लेकिन इससे पहले ही मुंबई कस्टम्स की एयर इंटेलिजेंस यूनिट ने उसे घेर लिया। अधिकारियों को उसके बारे में पहले से खुफिया सूचना मिली थी। इसी आधार पर एयरपोर्ट पर निगरानी बढ़ाई गई थी। एयरपोर्ट से बाहर निकलने से पहले ही उसे रोककर सामान की जांच की गई।

बैग से मिले 14 पैकेट

तलाशी के दौरान ट्रॉली बैग में प्लास्टिक के 14 पैकेट मिले। पैकेट खोलने पर उनमें हाइड्रोपोनिक वीड भरी मिली, जिससे तेज गंध आ रही थी। जांच में कुल 13.477 किलो ड्रग्स बरामद हुई। इसकी कीमत करीब 4.71 करोड़ आंकी गई है। कस्टम्स ने ड्रग्स के साथ ट्रॉली बैग, पासपोर्ट, बोर्डिंग पास, बैगेज टैग और मोबाइल फोन भी जब्त कर लिया। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

नेटवर्क का पता लगाने में जुटी जांच एजेंसी

पूछताछ में आरोपी का बयान दर्ज किया गया है। शुरुआती जांच में अन्य लोगों की संलिप्तता के संकेत मिले हैं। कस्टम्स अब यह पता लगा रही है कि ड्रग्स किसने भेजी, भारत में किसे पहुंचाई जानी थी और नागपुर में इसका कोई संपर्क या रिसीवर था या नहीं। साथ ही पूरे अंतरराष्ट्रीय ड्रग तस्करी नेटवर्क और पैसों के लेनदेन की भी जांच की जा रही है।

Created On :   15 July 2026 6:19 PM IST

Tags

Next Story