लेफ्टिनेंट कर्नल की मानद उपाधि देश के प्रति जिम्मेदारी है नीरज चोपड़ा

लेफ्टिनेंट कर्नल की मानद उपाधि देश के प्रति जिम्मेदारी है नीरज चोपड़ा
गोल्डेन बॉय के नाम से मशहूर स्टार जैवलिन थ्रोअर नीरज चोपड़ा को मंगलवार को रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भारतीय सेना की टेरिटोरियल आर्मी में मानद लेफ्टिनेंट कर्नल के पद से सम्मानित किया। साउथ ब्लॉक, नई दिल्ली में आयोजित एक समारोह में नीरज को यह सम्मान प्रदान किया गया। चोपड़ा ने इस सम्मान को देश के प्रति अपनी जिम्मेदारी बताया है।

नई दिल्ली, 22 अक्टूबर (आईएएनएस)। गोल्डेन बॉय के नाम से मशहूर स्टार जैवलिन थ्रोअर नीरज चोपड़ा को मंगलवार को रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भारतीय सेना की टेरिटोरियल आर्मी में मानद लेफ्टिनेंट कर्नल के पद से सम्मानित किया। साउथ ब्लॉक, नई दिल्ली में आयोजित एक समारोह में नीरज को यह सम्मान प्रदान किया गया। चोपड़ा ने इस सम्मान को देश के प्रति अपनी जिम्मेदारी बताया है।

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर नीरज चोपड़ा ने लिखा, "यह मेरे लिए सम्मान से कहीं बढ़कर है। यह मेरे देश के प्रति एक जिम्मेदारी है। मुझे लेफ्टिनेंट कर्नल की मानद उपाधि प्रदान करने के लिए रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और टेरिटोरियल सेना का धन्यवाद। इस वर्दी को पहनने पर गर्व है। जय हिंद।"

इससे पहले नीरज चोपड़ा को लेफ्टिनेंट कर्नल के मानद उपाधि से सम्मानित करते हुए रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने उनकी तारीफ की थी।

रक्षा मंत्री ने कहा, "नीरज चोपड़ा दृढ़ संकल्प, देशभक्ति और उत्कृष्टता की भारतीय भावना का प्रतीक हैं। उन्होंने अपने अनुशासन और समर्पण से न केवल खेल जगत में, बल्कि पूरे देश में प्रेरणा का स्रोत बनने का काम किया है। नीरज ने मैदान में जो अनुशासन और निष्ठा दिखाई, वही भावना उन्हें सेना के आदर्शों से जोड़ती है। वह आने वाली पीढ़ियों के लिए सच्चे प्रेरणास्रोत हैं।"

नीरज चोपड़ा को वर्ष 2016 में भारतीय सेना की राजपूताना राइफल्स रेजिमेंट में शामिल किया गया था। हरियाणा के पानीपत जिले के खांदरा गांव में 24 दिसंबर 1997 को जन्मे नीरज ने अपने प्रदर्शन से न केवल भारत को, बल्कि भारतीय सेना को भी गौरवान्वित किया है। नीरज ने टोक्यो ओलंपिक 2020 में इतिहास रचा और ट्रैक एंड फील्ड में देश को पहला स्वर्ण दिलाया। इसके बाद पेरिस ओलंपिक 2024 में भी उन्होंने सिल्वर जीता था। नीरज ने 2023 में वर्ल्ड एथलेटिक्स चैंपियनशिप में भी स्वर्ण जीतकर देश का नाम रोशन किया था।

नीरज की उत्कृष्ट उपलब्धियों और राष्ट्र सेवा के प्रति उनके योगदान के सम्मान में, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने उन्हें 16 अप्रैल 2025 को टेरिटोरियल आर्मी में मानद कमीशन प्रदान किया था। नीरज को पद्म श्री, मेजर ध्यानचंद खेल रत्न, अर्जुन पुरस्कार, परम विशिष्ट सेवा पदक और विशिष्ट सेवा पदक जैसे प्रतिष्ठित सम्मानों से सम्मानित किया जा चुका है।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   22 Oct 2025 7:49 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story