रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने दुबई एयर शो हादसे में पायलट की मौत पर जताया दुख

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने दुबई एयर शो हादसे में पायलट की मौत पर जताया दुख
दुबई एयर शो में शुक्रवार को लड़ाकू विमान तेजस क्रैश होने से पायलट की मृत्यु हो गई। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने इस हादसे पर दुख जताया है।

नई दिल्ली, 21 नवंबर (आईएएनएस)। दुबई एयर शो में शुक्रवार को लड़ाकू विमान तेजस क्रैश होने से पायलट की मृत्यु हो गई। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने इस हादसे पर दुख जताया है।

केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि दुबई एयर शो में हवाई प्रदर्शन के दौरान एक बहादुर और साहसी भारतीय वायुसेना पायलट के निधन से गहरा दुख हुआ है। शोक संतप्त परिवार के प्रति मेरी हार्दिक संवेदना। इस दुखद घड़ी में पूरा देश उनके परिवार के साथ खड़ा है।

वहीं, हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने भी इस हादसे पर गहरा दुख जताया है। उन्होंने एक्स पर लिखा कि दुबई एयर शो में हुए तेजस विमान हादसे में हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले के वीर सपूत नमन स्याल के निधन का समाचार अत्यंत दुखद और हृदयविदारक है। उन्होंने लिखा कि देश ने एक बहादुर, कर्तव्यनिष्ठ और साहसी पायलट खो दिया है। शोकाकुल परिवारजनों के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं प्रकट करता हूं। वीर सपूत नमन स्याल जी की अदम्य वीरता, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्रसेवा के प्रति समर्पण को हृदय से नमन।

दरअसल, दुबई एयरशो में शुक्रवार को भारतीय वायुसेना के हल्के लड़ाकू विमान तेजस (एलसीए तेजस) के साथ यह बड़ा हादसा हुआ। फ्लाइंग डिस्प्ले के दौरान विमान अचानक नियंत्रण खो बैठा और ग्राउंड एरिया में गिरकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस दुर्घटना में तेजस के पायलट को गंभीर और घातक चोटें आईं, जिसके चलते उन्होंने प्राण गंवा दिए।

भारतीय पक्ष ने भी घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया। भारतीय वायुसेना ने इस दुर्घटना पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा है कि वे पायलट की मृत्यु से हुई इस अपूरणीय क्षति पर गहरा दुख प्रकट करती हैं। भारत के चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ जनरल अनिल चौहान तथा भारतीय सशस्त्र बलों के सभी रैंक ने बयान जारी कर पायलट की मृत्यु पर दुख व्यक्त किया है।

उन्होंने कहा कि भारतीय वायुसेना का तेजस विमान एयर शो के एरियल डिस्प्ले के दौरान दुर्घटनाग्रस्त हो गया, जिसमें पायलट की मृत्यु हो गई। चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ ने कहा कि भारतीय सेना इस दर्दनाक क्षति पर गहरा दुख प्रकट करती है और पायलट के परिवार के साथ पूरी मजबूती से खड़ी है।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   21 Nov 2025 10:18 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story