10वीं और 12वीं क्लास के टॉपर को एक लाख रुपए की प्रोत्साहन राशि सीएम साय
रायपुर, 29 अप्रैल (आईएएनएस)। छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल की ओर से बुधवार को 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षाओं के परिणाम घोषित किए गए। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सभी सफल छात्र-छात्राओं को अपनी ओर से शुभकामनाएं दी।
सीएम साय ने रायपुर में मीडिया से बातचीत के दौरान कहा कि बोर्ड परीक्षाओं में जो छात्र टॉपर है, उन्हें शासन की ओर से एक लाख रुपए की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी।
उन्होंने कहा कि आज का दिन बहुत ही खास है, छत्तीसगढ़ में कक्षा 10 और कक्षा 12 की बोर्ड परीक्षाओं में शामिल हुए विद्यार्थियों के नतीजे घोषित कर दिए गए हैं, और ये नतीजे बहुत ही शानदार रहे हैं। हाई स्कूल का परिणाम 77.15 प्रतिशत रहा है, जबकि हायर सेकेंडरी का परिणाम 83.04 प्रतिशत रहा है। सभी विद्यार्थियों को बधाई और शुभकामनाएं। मैं उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करता हूं। मैं उनके माता-पिता और शिक्षकों के प्रति भी आभार व्यक्त करता हूं, क्योंकि यह बेहतरीन परिणाम सभी की कड़ी मेहनत से ही संभव हो पाया है।
एक्स पोस्ट में सीएम ने लिखा कि बोर्ड परीक्षाओं में विशेष रूप से बेटियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए एक बार फिर बाजी मारी है, जो उनके आत्मविश्वास, परिश्रम और बढ़ती शैक्षणिक उत्कृष्टता का प्रतीक है। दूरस्थ एवं वनांचल क्षेत्रों के छात्रों का प्रावीण्य सूची में स्थान बनाना यह दर्शाता है कि प्रतिभा संसाधनों की मोहताज नहीं होती, बल्कि दृढ़ संकल्प और परिश्रम से हर लक्ष्य हासिल किया जा सकता है। यह प्रदेश की शैक्षणिक गुणवत्ता और समावेशी विकास का सशक्त उदाहरण है। यह सफलता हमारे बच्चों की मेहनत, अनुशासन, समर्पण और निरंतर प्रयासों का परिणाम है। आप सभी न केवल अपने परिवार का गौरव हैं, बल्कि छत्तीसगढ़ और देश के नव निर्माण की मजबूत शक्ति भी हैं। आपका परिश्रम और आपकी उपलब्धियां विकसित भारत एवं विकसित छत्तीसगढ़ की नींव को और मजबूत करेंगी।
उन्होंने आगे लिखा कि जिन विद्यार्थियों को इस बार अपेक्षित परिणाम प्राप्त नहीं हो पाया है, वे निराश न हों। आत्मविश्वास बनाए रखें और सकारात्मक सोच के साथ निरंतर प्रयास करते रहें। आपकी मेहनत और लगन निश्चित ही आपको सफल बनाएगी।
डिप्टी सीएम अरुण साव ने 10वीं एवं 12वीं परीक्षा में सफल सभी विद्यार्थियों को शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि जो विद्यार्थी इस बार सफल नहीं हो पाए हैं, वे निराश न हों। अगली बार पूरे आत्मविश्वास और मेहनत के साथ पुनः प्रयास करें, सफलता अवश्य मिलेगी।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   29 April 2026 8:59 PM IST












