200 लड़कों को पीछे छोड़कर मिला था पहला रोल, विवादों में घिरकर बिखर गया शाइनी आहूजा का करियर
मुंबई, 14 मई (आईएएनएस)। शाइनी आहूजा एक समय बॉलीवुड के सबसे तेजी से उभरते कलाकारों में गिने जाते थे। उन्होंने दमदार अभिनय के दम पर कम समय में ही इंडस्ट्री में पहचान बना ली थी। फिल्मों में कदम रखने से पहले उन्हें काफी संघर्ष करना पड़ा था। कहा जाता है कि फिल्म 'हजारों ख्वाहिशें ऐसी' में मुख्य किरदार पाने के लिए उन्हें 200 से ज्यादा लड़कों के बीच चुना गया था। यही फिल्म उनके करियर का सबसे बड़ा टर्निंग प्वाइंट बनी। हालांकि बाद में एक विवाद ने उनका पूरा करियर बिखेर कर रख दिया।
शाइनी आहूजा का जन्म 15 मई 1975 को नई दिल्ली में हुआ था। उनके पिता भारतीय सेना में अधिकारी थे, इसलिए बचपन से ही घर में अनुशासन का माहौल था। शाइनी ने अपनी पढ़ाई दिल्ली विश्वविद्यालय के हंसराज कॉलेज से की और फिर इंजीनियरिंग में भी दाखिला भी लिया। लेकिन उनका मन पढ़ाई से ज्यादा अभिनय और कला की दुनिया में लगता था।
धीरे-धीरे उनका झुकाव थिएटर की तरफ बढ़ने लगा। उन्होंने थिएटर ग्रुप जॉइन किया, जहां उनकी मुलाकात मशहूर थिएटर गुरु बैरी जॉन से हुई। यहीं से उन्होंने एक्टिंग की बारीकियां सीखीं। बाद में, उन्होंने विज्ञापनों में काम करना शुरू किया। शाइनी ने कोल्ड ड्रिंक, चॉकलेट और बैंक से जुड़े बड़े ब्रांड्स के लिए विज्ञापनों में काम किया।
इसी दौरान निर्देशक सुधीर मिश्रा की नजर उन पर पड़ी। बताया जाता है कि फिल्म 'हजारों ख्वाहिशें ऐसी' के लिए 200 से ज्यादा लड़कों का ऑडिशन लिया गया था लेकिन आखिर में शाइनी आहूजा को चुना गया। यह फिल्म साल 2005 में रिलीज हुई थी। इस फिल्म में शाइनी के अभिनय ने दूसरे निर्माताओं और दर्शकों का ध्यान अपनी ओर खींचा। इस फिल्म के लिए उन्हें फिल्मफेयर बेस्ट मेल डेब्यू अवॉर्ड भी मिला। इसके अलावा, उन्हें कई दूसरे अवॉर्ड्स से भी सम्मानित किया गया।
पहली फिल्म की सफलता के बाद शाइनी का करियर तेजी से आगे बढ़ा। उन्होंने 'गैंगस्टर', 'वो लम्हे', 'लाइफ इन अ... मेट्रो' और 'भूल भुलैया' जैसी फिल्मों में काम किया। उनकी एक्टिंग को काफी पसंद किया गया और लोग उन्हें बॉलीवुड का अगला बड़ा स्टार मानने लगे। लेकिन साल 2009 में उनकी जिंदगी अचानक बदल गई।
उन पर उनकी नौकरानी ने यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया। इस आरोप को लेकर मीडिया में लगातार खबरें चलने लगीं और बॉलीवुड इंडस्ट्री ने भी उनसे दूरी बनानी शुरू कर दी। बाद में अदालत ने उन्हें दोषी मानते हुए सात साल की सजा सुनाई। इस विवाद ने उनके करियर को नुकसान पहुंचाया।
इसके बाद शाइनी ने फिल्मों में वापसी की कोशिश की। वह 'घोस्ट' और 'वेलकम बैक' में नजर आए, लेकिन उन्हें पहले जैसी सफलता नहीं मिल सकी। धीरे-धीरे वह फिल्मी दुनिया से दूर होते चले गए। रिपोर्ट्स की मानें तो, शाइनी अब फिलीपींस में रहते हैं और वहां कपड़ों का कारोबार कर अपना घर चलाते हैं।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   14 May 2026 3:46 PM IST












