बिहार में अंतरराज्यीय हथियार तस्कर गिरोह का पर्दाफाश, कई हथियार बरामद, दो महिलाएं गिरफ्तार
मोतिहारी, 14 मई (आईएएनएस)। बिहार के पूर्वी चंपारण जिला के ढाका थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक घर में छापेमारी कर एक अंतरराज्यीय हथियार तस्कर गिरोह का भंडाफोड़ किया है। यहां से पुलिस ने कई हथियार और गोलियां बरामद की हैं। इस मामले में पुलिस ने दो महिलाओं को भी गिरफ्तार किया है।
पुलिस के एक अधिकारी ने गुरुवार को बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि बरेवा गाँव निवासी खुर्शीद आलम अपने घर में अवैध अत्याधुनिक हथियार रखे हुए हैं। इस सूचना के बाद एक टीम गठित की गई। टीम ने संबंधित मकान का घेराव कर छापेमारी की। उन्होंने बताया कि छापेमारी के दौरान घर की तलाशी के क्रम में कई हथियार और नेपाल देश का रुपया बरामद किया गया है।
उन्होंने बताया कि यहां से पुलिस ने दो पिस्टल, दो मैगजीन, पांच जिंदा कारतूस, एक देसी बंदूक एवं तीन हजार नेपाली रुपया बरामद किया है। इस मामले में दो महिलाओं को गिरफ्तार किया गया है, जिनसे पूछताछ की जा रही है। इस मामले में अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए भी छापेमारी की जा रही है। बता दें कि बुधवार को मोतिहारी में पुलिस ने हथियार तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए पांच तस्करों को गिरफ्तार किया था।
गिरफ्तार आरोपियों के पास से पुलिस ने दो देसी पिस्टल, पांच जिंदा कारतूस, चार मोबाइल फोन और एक ऑटो जब्त किया है। बताया गया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ संदिग्ध युवक ऑटो से शहर के बरियारपुर इलाके की ओर जा रहे हैं। सूचना मिलते ही छतौनी थाना पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए संदिग्ध ऑटो को रोककर तलाशी शुरू की।
तलाशी के दौरान ऑटो में सवार अब्बास खान नामक युवक के पास से एक देसी पिस्टल बरामद किया गया। इसके बाद पुलिस ने ऑटो में बैठे सभी युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की। पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर डीआईयू और एसटीएफ की टीम ने पकड़ीदयाल इलाके में छापेमारी कर दो अन्य युवकों को गिरफ्तार किया। उनके पास से एक और देसी पिस्टल तथा पांच जिंदा कारतूस बरामद किए गए।
--आईएएनएस
एमएनपी/पीएम
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   14 May 2026 4:01 PM IST












