'आम महोत्सव' में सीएम योगी बोले, केमिकल-मुक्त उत्पाद वैश्विक बाजार में बनाएंगे पहचान

आम महोत्सव में सीएम योगी बोले, केमिकल-मुक्त उत्पाद वैश्विक बाजार में बनाएंगे पहचान
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को लखनऊ में आयोजित आम महोत्सव का उद्घाटन करते हुए कहा कि राज्य सरकार कृषि को आधुनिक तकनीक, वैश्विक बाजार और गुणवत्ता आधारित उत्पादन से जोड़ने की दिशा में तेजी से काम कर रही है।

लखनऊ, 3 जुलाई (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को लखनऊ में आयोजित आम महोत्सव का उद्घाटन करते हुए कहा कि राज्य सरकार कृषि को आधुनिक तकनीक, वैश्विक बाजार और गुणवत्ता आधारित उत्पादन से जोड़ने की दिशा में तेजी से काम कर रही है।

उन्होंने कहा कि एआई (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) आधारित खेती, ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म और निर्यात को बढ़ावा देकर उत्तर प्रदेश के आम को दुनिया के प्रमुख बाजारों तक पहुंचाने का लक्ष्य है। मुख्यमंत्री ने प्रदर्शनी में विभिन्न प्रजातियों के आमों का अवलोकन किया और आम उत्पादकों से उनकी विशेषताओं की जानकारी ली। इस दौरान प्रदर्शनी में रखा करीब आधा किलो वजनी आम उनकी उत्सुकता का केंद्र बना।

मुख्यमंत्री ने दोनों हाथों में आम लेकर तस्वीर भी खिंचवाई। उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि उत्तर प्रदेश के कृषि उत्पाद रसायन-मुक्त हों और गुणवत्ता, खाद्य सुरक्षा तथा वैश्विक मानकों पर पूरी तरह खरे उतरें। इसके लिए किसानों को आम की सुरक्षा हेतु विशेष बैग उपलब्ध कराए जा रहे हैं, जिससे फलों की गुणवत्ता बेहतर बनी रहे।

उन्होंने कहा कि आम महोत्सव केवल एक प्रदर्शनी नहीं, बल्कि किसानों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खरीदारों से जोड़ने का प्रभावी मंच है। बायर्स-सेलर्स मीट के माध्यम से उत्पादकों को अपने उत्पाद की वैश्विक ब्रांडिंग का अवसर मिल रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि मलिहाबाद का दशहरी आम जीआई टैग मिलने के बाद वैश्विक पहचान हासिल कर चुका है। इससे न केवल इस क्षेत्र के उत्पादकों को लाभ मिलेगा, बल्कि उत्तर प्रदेश के बागवानी उत्पादों की विश्वसनीयता भी मजबूत होगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश में आम उत्पादकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए चार आधुनिक पैक हाउस स्थापित किए गए हैं।

उन्होंने उत्कृष्ट आम उत्पादकों को सम्मानित करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश का आम ब्रिटेन, संयुक्त अरब अमीरात (यूएई), मलेशिया और कुवैत सहित कई देशों में निर्यात किया जा रहा है। सीएम योगी ने बताया कि एक विशेष किस्म के आम को 'काकोरी ब्रांड' नाम दिया गया है, जो देशभक्ति और समर्पण का प्रतीक है। उत्तर प्रदेश की आर्थिक प्रगति और कृषि विकास की मजबूत नींव उसके किसान हैं। किसानों की आय बढ़ाने, आधुनिक तकनीक उपलब्ध कराने और कृषि उत्पादों को वैश्विक बाजार से जोड़ने के लिए राज्य सरकार निरंतर प्रयास कर रही है।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   3 July 2026 3:13 PM IST

Tags

Next Story