आरक्षण की समीक्षा होनी चाहिए, पिछड़े वर्गों को आबादी के हिसाब से मिले लाभ संजय निषाद
लखनऊ, 7 अगस्त (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री संजय निषाद ने शुक्रवार को राष्ट्रीय हथकरघा दिवस पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अपील पर टिप्पणी की। इसके साथ ही, उन्होंने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) प्रमुख मोहन भागवत की हालिया टिप्पणी, आरक्षण व्यवस्था, कांवड़ यात्रा से जुड़े विवाद समेत कई अन्य मुद्दों पर अपनी राय रखी।
राष्ट्रीय हथकरघा दिवस के अवसर पर प्रधानमंत्री मोदी की अपनी पर मंत्री संजय निषाद ने कहा कि आज का दिन हथकरघा से जुड़े सभी लोगों को सम्मान देने का दिन है। हथकरघा केवल एक उद्योग नहीं, बल्कि भारतीय समाज और संस्कृति का महत्वपूर्ण हिस्सा है। सदियों से भारतीय परिधान और हस्तशिल्प की पहचान दुनिया भर में रही है। हथकरघा भारत की ऐतिहासिक धरोहर है और इससे जुड़े सभी कारीगरों को सरकार याद करती है। राज्य और केंद्र सरकार इस क्षेत्र के विकास के लिए नीतियां बना रही हैं और हथकरघा से जुड़े लोगों के हितों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध हैं।
आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत की युवाओं को लेकर की गई टिप्पणी का संजय निषाद ने समर्थन किया। उन्होंने कहा कि राजनीति का केंद्र युवाओं को होना चाहिए क्योंकि देश का भविष्य युवाओं के हाथ में है। कहा जाता है कि जिधर जवानी चलती है, उधर जमाना चलता है। राजनीति युवाओं की अभिभावक है। जब सड़क पर युवाओं की आवाज उठती है तो उसकी गूंज सदन तक पहुंचती है और जब सदन में चर्चा होती है तो समस्याओं का समाधान निकलता है।
मोहन भागवत द्वारा आरक्षण पर दिए गए बयान को लेकर संजय निषाद ने कहा कि पिछली सरकारों ने सामाजिक न्याय के साथ अन्याय किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि कई वर्गों का अधिकार छीनकर दूसरे वर्गों को लाभ दिया गया। सामाजिक न्याय समिति की सिफारिशों के अनुरूप आरक्षण व्यवस्था की समीक्षा होनी चाहिए। पिछड़े वर्गों की सभी जातियों को उनकी वास्तविक आबादी और स्थिति के अनुसार अलग-अलग आरक्षण का लाभ मिलना चाहिए, न कि केवल समूह के आधार पर। वर्तमान व्यवस्था में मजबूत वर्ग अधिक लाभ उठा लेते हैं जबकि कमजोर और वंचित समुदाय पीछे रह जाते हैं।
रामपुर पुलिस अधीक्षक द्वारा गौकशी को लेकर दिए गए बयान पर संजय निषाद ने कहा कि भारत में सभी धर्मों की आस्था का सम्मान होना चाहिए। जो लोग गौकशी जैसे कृत्यों में शामिल हैं, उनके खिलाफ कानून के तहत सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।
मौलाना साजिद रशीदी द्वारा कांवड़ियों को लेकर दिए गए विवादित बयान पर मंत्री ने कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की। उन्होंने कहा कि किसी भी समुदाय या धार्मिक आस्था के खिलाफ गैर-संवैधानिक और आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल स्वीकार्य नहीं है। ऐसे लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए और जरूरत पड़ने पर उन्हें जेल भेजा जाना चाहिए ताकि समाज में सौहार्द बना रहे।
प्रयागराज में कांग्रेस नेता राहुल गांधी द्वारा प्रस्तावित छात्र सम्मेलन को लेकर पूछे गए सवाल पर संजय निषाद ने कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि यदि पिछली सरकारों ने युवाओं के लिए समय रहते प्रभावी नीतियां बनाई होतीं तो आज युवाओं को अपनी समस्याओं को लेकर सड़कों पर उतरने की आवश्यकता नहीं पड़ती। वर्तमान सरकार युवाओं के साथ मजबूती से खड़ी है और उनकी शिक्षा, रोजगार तथा विकास के लिए लगातार काम कर रही है।
अपनी पार्टी के आगामी कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए मंत्री संजय निषाद ने बताया कि आज से मंडली कार्यकर्ता सम्मेलन की शुरुआत हो रही है। उन्होंने कहा कि इस सम्मेलन में सातों जिलाध्यक्ष, लोकसभा प्रभारी, विधानसभा क्षेत्र अध्यक्ष, सेक्टर प्रभारी और गांव स्तर के प्रमुख कार्यकर्ता शामिल होंगे। पहले चरण में प्रतिदिन आठ-आठ मंडलियों का सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। साथ ही 16 अगस्त को लखनऊ में पार्टी का स्थापना दिवस मनाया जाएगा, जिसकी तैयारियां भी जोरों पर चल रही हैं। पार्टी संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने के उद्देश्य से यह अभियान चलाया जा रहा है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   7 Aug 2026 4:51 PM IST












