अखिलेश के अयोध्या दौरे से पहले सपा का हमला, कहा-सरकार के इशारे पर काम करता है चुनाव आयोग
लखनऊ/अयोध्या, 4 अक्टूबर (आईएएनएस)। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के अयोध्या दौरे से पहले पार्टी नेताओं ने विभिन्न मुद्दों को लेकर भाजपा और चुनाव आयोग पर निशाना साधा। सपा नेताओं ने अखिलेश यादव के दौरे, पार्टी के स्थापना दिवस, लोकतंत्र और मताधिकार की रक्षा के साथ-साथ आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर अपनी रणनीति स्पष्ट की।
सपा सांसद राजीव राय ने कहा कि भगवान राम ने अखिलेश यादव को यह समझ दी कि वहां चोरी हो रही थी और उन्होंने इसका पर्दाफाश किया। अब जब गलत काम करने वाले कुछ लोगों को हटा दिया गया है तो संभव है कि अखिलेश यादव अयोध्या में पूजा-अर्चना करने जा रहे हों। उन्होने कहा कि चुनाव आयोग सरकार के इशारे पर काम कर रहा है। पहले की तरह अब चुनाव आयोग निष्पक्ष नहीं, न स्वतंत्र, न ईमानदार रह गया है।
अयोध्या में सपा सांसद अवधेश प्रसाद ने समाजवादी पार्टी के स्थापना दिवस पर पार्टी कार्यकर्ताओं और नेताओं को बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह दिन समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं, समाजवादी परिवार और पूरे प्रदेश व देश के लिए बेहद पवित्र और खुशी का अवसर है। इसी दिन नेताजी मुलायम सिंह यादव ने समाजवादी पार्टी की स्थापना की थी और अब पार्टी के गठन को एक और वर्ष पूरा हो गया है।
अवधेश प्रसाद ने पार्टी के सभी कार्यकर्ताओं, नेताओं और समर्थकों को शुभकामनाएं देते हुए विशेष रूप से सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को बधाई दी।
उन्होंने लोकतंत्र और संविधान की रक्षा को लेकर चुनाव आयोग पर भी सवाल उठाए। अवधेश प्रसाद ने कहा कि देश में लोकतंत्र की जड़ें मजबूत हैं और इसकी रक्षा के लिए समाजवादी पार्टी के नेताओं ने हमेशा संघर्ष किया है, हालांकि उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान चुनाव आयोग न तो निष्पक्ष है, न स्वतंत्र और न ही ईमानदार। उन्होंने कहा कि पार्टी के नेताओं ने चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली को लेकर कई सवाल उठाए हैं। उत्तर प्रदेश में चुनाव के दौरान भी वोट में धांधली के आरोप सामने आए थे।
अवधेश प्रसाद ने कहा कि बाबासाहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर द्वारा दिए गए मताधिकार की रक्षा, लोकतंत्र को बचाने और संविधान की रक्षा के लिए समाजवादी पार्टी सभी जिलों में मार्च निकालेगी। उन्होंने कहा कि ये मार्च चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली के विरोध में आयोजित किए जाएंगे।
दिल्ली में सपा सांसद रामा शंकर राजभर ने कांग्रेस को लेकर कहा कि पार्टी से काफी उम्मीदें हैं। उन्होंने कहा कि विपक्ष का लक्ष्य भारतीय जनता पार्टी को हराना होना चाहिए। उन्होंने कहा कि सपा नेतृत्व पहले ही स्पष्ट कर चुका है कि सीटों की संख्या महत्वपूर्ण नहीं है, बल्कि चुनाव में जीत मायने रखती है।
राजभर ने कांग्रेस से अपील की कि वह उत्तर प्रदेश में सीटों को लेकर बड़े दावे करने के बजाय जीत की रणनीति पर बातचीत करे। उन्होंने मध्य प्रदेश और हरियाणा में कांग्रेस के साथ सीट बंटवारे को लेकर हुए घटनाक्रम का भी जिक्र किया।
उन्होंने कहा कि इंडी गठबंधन मजबूत है और समाजवादी पार्टी का कांग्रेस के साथ गठबंधन है। इसी गठबंधन ने 2024 के लोकसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश में भाजपा को हराया था और 2027 के विधानसभा चुनाव में भी गठबंधन भाजपा को शिकस्त देगा।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   4 Oct 2026 9:24 PM IST












