अमेरिकी राजदूत का दावा, 100 दिन में तेजी से आगे बढ़े भारत-अमेरिका के रिश्ते

अमेरिकी राजदूत का दावा, 100 दिन में तेजी से आगे बढ़े भारत-अमेरिका के रिश्ते
भारत में अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने अपने कार्यकाल के 100 दिन पूरे करने के साथ ही भारत-अमेरिका संबंधों में तेज प्रगति की बात कही। उन्होंने इसे सिर्फ शुरुआत बताते हुए कहा कि दोनों देश अब बातों से आगे बढ़कर ठोस नतीजे दे रहे हैं।

नई द‍िल्‍ली, 21 अप्रैल (आईएएनएस)। भारत में अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने अपने कार्यकाल के 100 दिन पूरे करने के साथ ही भारत-अमेरिका संबंधों में तेज प्रगति की बात कही। उन्होंने इसे सिर्फ शुरुआत बताते हुए कहा कि दोनों देश अब बातों से आगे बढ़कर ठोस नतीजे दे रहे हैं।

गोर ने व्यापार समझौते, रक्षा सहयोग और रणनीतिक साझेदारी को मजबूत करने के साथ-साथ भारत को ‘पैक्स सिलिका’ में शामिल करने की दिशा में काम को अहम बताया।

भारत में अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने सोशल मीड‍िया प्लेटफॉर्म 'एक्‍स' पर पोस्‍ट साझा करते हुए ल‍िखा, ''भारत में अमेर‍िकी राजदूत के तौर पर 100 दिन पूरे हो गए हैं। हमने जोरदार शुरुआत की है। अमेर‍िका-भारत के बीच एक बड़े व्यापार समझौते को आगे बढ़ाने से लेकर, भारत का 'पैक्स सिलिका' में स्वागत करने तक, रक्षा सहयोग को मजबूत करने और सरकार और व्यापार जगत के नेताओं से जुड़ने तक, हमारी रफ्तार साफ नजर आ रही है। इस अहम साझेदारी को और गहरा करने के लिए मैं राष्ट्रपति ट्रंप, उपराष्ट्रपति जेडी वेंस और सेक्रेटरी रुबियो से मिलने वॉशिंगटन भी गया था। यह तो बस शुरुआत है। अमेरिका और भारत सिर्फ बातें नहीं कर रहे, हम नतीजे भी दे रहे हैं।''

भारत-अमेरिका व्यापार संबंधों को लेकर भारतीय व्यापार प्रतिनिधिमंडल इस सप्ताह वॉशिंगटन पहुंचने वाला है। राजदूत सर्जियो गोर के अनुसार, दोनों देशों के बीच व्‍यापार समझौते को अंतिम रूप देने की द‍िशा में यह महत्‍वपूर्ण कदम है।

भारत में अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने सोशल मीड‍िया प्लेटफॉर्म 'एक्‍स' पर पोस्ट कर कहा, ''भारतीय व्यापार प्रतिनिधिमंडल इस सप्ताह वॉशिंगटन पहुंचेगा। यह हमारे द्विपक्षीय व्यापार समझौते को अंतिम रूप देने की दिशा में एक बड़ा कदम है। यह दोनों देशों के लिए फायदे का सौदा है।''

दो सप्‍ताह पहले ही अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से वाशिंगटन में मुलाकात की। इस मुलाकात में दोनों देशों के भविष्य के संबंधों और वैश्विक स्थिरता को लेकर विचार-विमर्श हुआ। साथ ही उन्होंने अमेरिकी राष्ट्रपति के वैश्विक स्थिरता लाने के अटूट संकल्प की भी सराहना की।

इसके अलावा, गोर ने अमेरिकी वाणिज्य सचिव हावर्ड लटनिक से भी मुलाकात की। इस दौरान भारत-अमेरिका व्यापार और निवेश के रास्ते को मजबूत बनाने पर चर्चा हुई।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   21 April 2026 10:16 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story