अमुंडी एवियन चैंपियनशिप अदिति अशोक 33वें स्थान पर पहुंचीं
एवियन रिजॉर्ट, 12 जुलाई (आईएएनएस)। भारत की स्टार गोल्फर अदिति अशोक ने अमुंडी एवियन चैंपियनशिप के तीसरे राउंड में लगातार दूसरा दो-अंडर 69 का कार्ड खेलते हुए शानदार प्रदर्शन किया और लीडरबोर्ड में 33वें स्थान पर पहुंच गईं। अपने 38वें मेजर टूर्नामेंट में खेल रहीं अदिति ने शुरुआती दो राउंड में 70-70 का स्कोर बनाया था और तीसरे दिन उससे बेहतर खेल दिखाते हुए अंतिम राउंड के लिए अपनी स्थिति मजबूत कर ली।
तीसरे राउंड में अदिति ने कुल चार बर्डी और दो बोगी लगाईं। उन्होंने दूसरे होल पर बर्डी के साथ अच्छी शुरुआत की, हालांकि चौथे होल पर एक शॉट गंवा दिया। सातवें होल पर दूसरी बर्डी के बाद वह एक-अंडर पर पहुंचीं। बैक नाइन में भी उन्होंने शानदार खेल जारी रखा और 12वें व 16वें होल पर बर्डी लगाई। 14वें होल पर बोगी के बावजूद उन्होंने दो-अंडर 69 का स्कोर पूरा कर लीडरबोर्ड में सुधार किया।
वहीं, टूर्नामेंट की सबसे बड़ी चर्चा दक्षिण कोरिया की 25 वर्षीय हेरन रयू रहीं, जिन्होंने तीसरे राउंड में इतिहास रच दिया। रयू ने 11-अंडर 60 का शानदार स्कोर बनाकर कोर्स रिकॉर्ड तोड़ दिया और कुल 19-अंडर के स्कोर के साथ तीन शॉट की बढ़त हासिल कर ली। उनका यह स्कोर टूर्नामेंट के इतिहास में 54 होल के सबसे कम कुल स्कोर की बराबरी भी है, जो 2016 में इन जी चुन ने बनाया था।
रयू ने दूसरे और पांचवें होल पर बर्डी से शुरुआत की, जबकि छठे होल पर शानदार ईगल लगाया। इसके बाद उन्होंने सातवें, नौवें, 10वें, 14वें, 15वें और 17वें होल पर भी बर्डी दर्ज की। अंतिम होल पर उनके पास ऐतिहासिक 59 का स्कोर बनाने का मौका था, लेकिन ईगल पुट चूकने के बाद उन्होंने बर्डी के साथ राउंड 60 पर समाप्त किया।
सिर्फ दो सप्ताह पहले केपीएमजी विमेंस पीजीए चैंपियनशिप जीतने वाली रयू अब लगातार दूसरा मेजर खिताब जीतने के बेहद करीब हैं।
जापान की अकी इवाई 16-अंडर के साथ दूसरे स्थान पर हैं। कनाडा की ब्रुक हेंडरसन और जापान की माओ साइगो 12-अंडर के साथ संयुक्त तीसरे स्थान पर हैं। दक्षिण अफ्रीका की कैसंड्रा एलेक्जेंडर 11-अंडर के साथ पांचवें, जबकि थाईलैंड की जीनो थिटिकुल, जापान की मियू यामाशिता और इंग्लैंड की लोटी वोड 10-अंडर के साथ संयुक्त छठे स्थान पर मौजूद हैं। अब सभी की नजरें रविवार को होने वाले फाइनल राउंड पर होंगी।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   12 July 2026 5:48 PM IST












