अंतरराष्ट्रीय शिक्षक दिवस जिनके लिए पढ़ाना सिर्फ पेशा नहीं, भविष्य गढ़ने की जिम्मेदारी

अंतरराष्ट्रीय शिक्षक दिवस  जिनके लिए पढ़ाना सिर्फ पेशा नहीं, भविष्य गढ़ने की जिम्मेदारी
हर साल 5 अक्टूबर को पूरी दुनिया में अंतरराष्ट्रीय शिक्षक दिवस मनाया जाता है। यह दिन उन शिक्षकों को सम्मान देने का अवसर है, जो सिर्फ बच्चों को किताबों का ज्ञान नहीं देते बल्कि उन्हें सोचने, समझने और सही फैसले लेने की दिशा भी दिखाते हैं। एक शिक्षक की भूमिका केवल कक्षा तक सीमित नहीं होती। वह विद्यार्थियों के व्यक्तित्व, आत्मविश्वास और भविष्य को आकार देने में भी अहम भूमिका निभाता है। यही वजह है कि शिक्षक को समाज में हमेशा एक खास स्थान दिया गया है।

नई दिल्ली, 4 अक्टूबर (आईएएनएस)। हर साल 5 अक्टूबर को पूरी दुनिया में अंतरराष्ट्रीय शिक्षक दिवस मनाया जाता है। यह दिन उन शिक्षकों को सम्मान देने का अवसर है, जो सिर्फ बच्चों को किताबों का ज्ञान नहीं देते बल्कि उन्हें सोचने, समझने और सही फैसले लेने की दिशा भी दिखाते हैं। एक शिक्षक की भूमिका केवल कक्षा तक सीमित नहीं होती। वह विद्यार्थियों के व्यक्तित्व, आत्मविश्वास और भविष्य को आकार देने में भी अहम भूमिका निभाता है। यही वजह है कि शिक्षक को समाज में हमेशा एक खास स्थान दिया गया है।

अंतरराष्ट्रीय शिक्षक दिवस की शुरुआत साल 1994 में हुई थी। यह दिन 5 अक्टूबर 1966 को यूनेस्को और अंतरराष्ट्रीय श्रम संगठन (आईएलओ) की ओर से अपनाई गई शिक्षकों की स्थिति के संबंध में अनुशंसा प्रतीक है। इस सिफारिश में शिक्षकों के अधिकार, उनकी जिम्मेदारियों, काम करने की परिस्थितियों और पेशेवर स्थिति से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर जोर दिया गया था। साल 2026 इस ऐतिहासिक सिफारिश की 60वीं वर्षगांठ का साल है। इसलिए इस बार का अंतरराष्ट्रीय शिक्षक दिवस खास महत्व रखता है।

2026 की थीम भी इसी सोच को आगे बढ़ाती है। इस वर्ष की थीम है—" शिक्षकों के साथ खड़े रहना: पेशे की रक्षा, इसकी स्थिति को आगे बढ़ाने और हमारे भविष्य को आकार देने के 60 वर्ष ।" यह थीम इस बात पर जोर देता है कि शिक्षा की गुणवत्ता बेहतर बनाने के लिए शिक्षकों को मजबूत और सम्मानजनक कार्य परिस्थितियां देना भी उतना ही जरूरी है।

आज शिक्षा का क्षेत्र तेजी से बदल रहा है। डिजिटल तकनीक और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस ने पढ़ाई के तरीके बदल दिए हैं। इसके साथ ही जलवायु परिवर्तन, पलायन, विस्थापन और समावेशी शिक्षा जैसी नई चुनौतियां भी सामने हैं। ऐसे समय में शिक्षक की भूमिका और भी महत्वपूर्ण हो जाती है। उसे केवल विषय पढ़ाने वाला व्यक्ति नहीं बल्कि बदलती दुनिया के साथ विद्यार्थियों को तैयार करने वाला मार्गदर्शक भी बनना पड़ रहा है।

हालांकि शिक्षकों के सामने कई व्यावहारिक चुनौतियां भी हैं। कई जगहों पर उन्हें अधिक काम का दबाव, सीमित संसाधन, वेतन और बेहतर कार्य परिस्थितियों से जुड़ी समस्याओं का सामना करना पड़ता है। इसलिए शिक्षक दिवस केवल उन्हें शुभकामनाएं देने का दिन नहीं है बल्कि यह सोचने का अवसर भी है कि समाज और सरकारें शिक्षकों को वह सम्मान और सुविधाएं दे पा रही हैं या नहीं, जिसके वे हकदार हैं।

एक अच्छा शिक्षक कई बार विद्यार्थी की जिंदगी में वह बदलाव ला देता है, जिसे वह खुद भी वर्षों तक नहीं भूलता। उसकी कही छोटी-सी बात मुश्किल समय में हौसला बन सकती है और उसकी दी हुई सीख जीवन की दिशा बदल सकती है। यही कारण है कि शिक्षक का योगदान केवल परीक्षा के अंकों से नहीं मापा जा सकता।

अंतरराष्ट्रीय शिक्षक दिवस हमें यही संदेश देता है कि शिक्षकों का सम्मान सिर्फ एक दिन तक सीमित नहीं होना चाहिए। अगर हमें बेहतर समाज और बेहतर भविष्य बनाना है, तो उन लोगों को मजबूत करना होगा जो आने वाली पीढ़ी को तैयार कर रहे हैं। शिक्षक सिर्फ आज की कक्षा नहीं संभालता, वह आने वाले कल की नींव भी तैयार करता है।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   4 Oct 2026 3:20 PM IST

Tags

Next Story