अररिया में दो लोगों की नृशंस हत्या पर तेजस्वी ने सरकार को घेरा, बोले- बिहार की भयावह हालत

अररिया में दो लोगों की नृशंस हत्या पर तेजस्वी ने सरकार को घेरा, बोले- बिहार की भयावह हालत
बिहार के अररिया जिले के फारबिसगंज में गुरुवार को एक दुकानदार द्वारा एक चालक की नृशंस हत्या और फिर हत्या के आरोपी की पीट-पीटकर हत्या किए जाने की घटना को लेकर विधानसभा में विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव ने सरकार पर सियासी हमला बोला है।

पटना, 9 अप्रैल (आईएएनएस)। बिहार के अररिया जिले के फारबिसगंज में गुरुवार को एक दुकानदार द्वारा एक चालक की नृशंस हत्या और फिर हत्या के आरोपी की पीट-पीटकर हत्या किए जाने की घटना को लेकर विधानसभा में विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव ने सरकार पर सियासी हमला बोला है।

उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि बिहार के हालात भयावह हैं। अररिया जिले के फारबिसगंज में एक शख्स ने सरेआम, बीच बाजार, दूसरे शख्स का गला काट दिया और सैकड़ों लोगों के बीच उसका सिर लेकर घूमता रहा। उन्होंने कहा कि बाद में मृतक के परिजनों ने हत्या करने वाले को ढूंढकर उसकी भी हत्या कर दी। पुलिस भी कानून व्यवस्था को संभालने की जगह जान बचाती दिखी।

उन्होंने सवालिया लहजे में कहा कि चौपट राज की इससे बड़ी तस्वीर क्या हो सकती है? उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर अररिया की घटना को लेकर लिखा, "यह घटना साफ दिखा रही है कि बिहार में कानून व्यवस्था किस हद तक बदहाल हो चुकी है। सत्ताधारी भाजपा-जदयू के नेता ‘सीएम चेयर’ के खेल में लगे हैं और बिहार में हर दिन लूट, हत्या, अपराध और बलात्कार की घटनाएं बढ़ती जा रही हैं।"

उन्होंने आगे लिखा, "अपराधियों के हौसले इतने बुलंद हैं कि दिनदहाड़े सरेआम हत्याएं हो रही हैं और कानून का जरा भी डर नहीं है। बालू-दारू में मस्त-व्यस्त और पस्त एनडीए शासन के कारण बिहार की आम जनता खुद को असुरक्षित महसूस कर रही है। बिहार में एनडीए राज नहीं, महाचौपट राज है।"

उन्होंने यह भी कहा, "सिर काट कर घूमने का दृश्य अभी हाल ही में आई प्रोपगंडा फिल्म का दृश्य था, सरकार अपने प्रोपेगेंडे के लिए जो जहर समाज में भर रही है, ये भी दिल दहलाने वाला है।"

इससे पहले बिहार के अररिया जिले के फारबिसगंज में गुरुवार को एक छोटे से विवाद में दो लोगों की हत्या कर दी गई। बताया गया कि वाहन लगाने के विवाद में एक सत्तू बेचने वाले दुकानदार ने एक चालक की धारदार हथियार से वार कर हत्या कर दी। इसके बाद स्थानीय लोगों ने आरोपी दुकानदार को पीट-पीटकर मार डाला।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   9 April 2026 6:19 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story