डोनाल्ड ट्रंप को खुद नहीं पता कि वह क्या करने वाले हैं उमर अब्दुल्ला

डोनाल्ड ट्रंप को खुद नहीं पता कि वह क्या करने वाले हैं  उमर अब्दुल्ला
जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने गुरुवार को कहा कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप पर भरोसा नहीं किया जा सकता। शायद उन्हें खुद भी नहीं पता कि वे क्या करने वाले हैं।

श्रीनगर, 9 अप्रैल (आईएएनएस)। जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने गुरुवार को कहा कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप पर भरोसा नहीं किया जा सकता। शायद उन्हें खुद भी नहीं पता कि वे क्या करने वाले हैं।

मीडिया से बात करते हुए उमर अब्दुल्ला ने कहा, "शायद अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को खुद भी नहीं पता कि वह क्या कर रहे हैं। वह सुबह कुछ कहते हैं, दोपहर में कुछ और शाम को कुछ और ही बोलते हैं।"

मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने कहा कि उन्होंने पहले भी कहा था कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप पर भरोसा नहीं किया जा सकता। ट्रंप सोशल मीडिया पर ऐसी अभद्र भाषा का इस्तेमाल करते हैं, जो किसी को भी शोभा नहीं देती और यह अमेरिका के राष्ट्रपति के लिए बिल्कुल भी उचित नहीं है।

जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने कहा, "बोलने से पहले उन्हें याद रखना चाहिए कि वे अमेरिका के राष्ट्रपति हैं। अगर हम सोशल मीडिया पर ऐसी भाषा का इस्तेमाल करें, तो हमें ब्लॉक कर दिया जाएगा या प्लेटफॉर्म से हटा दिया जाएगा। उन्हें इसलिए बर्दाश्त किया जा रहा है, क्योंकि वे अमेरिका के राष्ट्रपति हैं।"

उन्होंने कहा कि ट्रंप को सबसे पहले दुनिया को यह स्पष्ट करना चाहिए कि पश्चिम एशिया में युद्ध क्यों शुरू किया गया। ईरान ने इस युद्ध की शुरुआत नहीं की थी। यह संघर्ष ईरान पर थोप दिया गया था।

मुख्यमंत्री ने कहा, "अब हमें कहा जा रहा है कि अमेरिका इसलिए सफल हुआ है, क्योंकि होर्मुज स्ट्रेट खुल गया। लेकिन, होर्मुज युद्ध से पहले भी खुला हुआ था। इस युद्ध ने ईरान को यह कहने का मौका दे दिया है कि वे होर्मुज से गुजरने वाले जहाजों से टोल टैक्स लेंगे।"

उन्होंने आगे कहा कि अगर अब युद्धविराम की घोषणा हो चुकी है, तो अमेरिका को सुनिश्चित करना चाहिए कि यह युद्धविराम टिकाऊ रहे। उन्हें इजरायल पर नियंत्रण रखना चाहिए, जो लगातार लेबनान पर बमबारी कर रहा है। लोग मारे जा रहे हैं।

उमर अब्दुल्ला ने कहा, "मैं इसे सफलता या विफलता नहीं कहूंगा। लेकिन, सच यह है कि पाकिस्तान ने वह किया जो हम नहीं कर सके। मेरी निजी राय है कि इजरायल के साथ हमारे करीबी संबंधों ने हमें यह भूमिका निभाने से रोका। वरना, अमेरिका और ईरान दोनों के साथ हमारे अच्छे संबंध थे।"

उन्होंने कहा कि अब जो सबसे महत्वपूर्ण है, वह यह कि संघर्ष-विराम हो चुका है। भले ही पाकिस्तान ने इस संघर्ष-विराम में मध्यस्थता की हो, इसका मूल तथ्य या नतीजे पर कोई असर नहीं पड़ता।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   9 April 2026 8:09 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story