'उन्हें दोष देना ठीक नहीं', दिल्ली कैपिटल्स की हार के बावजूद गावस्कर ने मिलर का किया बचाव

उन्हें दोष देना ठीक नहीं, दिल्ली कैपिटल्स की हार के बावजूद गावस्कर ने मिलर का किया बचाव
भारत के पूर्व कप्तान सुनील गावस्कर ने दिल्ली कैपिटल्स की एक रन की रोमांचक हार के आखिरी पलों में डेविड मिलर के एक रन लेने से मना करने के फैसले का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि साउथ अफ्रीकी खिलाड़ी के खुद मैच खत्म करने के आत्मविश्वास की आलोचना नहीं की जानी चाहिए।

नई दिल्ली, 9 अप्रैल (आईएएनएस)। भारत के पूर्व कप्तान सुनील गावस्कर ने दिल्ली कैपिटल्स की एक रन की रोमांचक हार के आखिरी पलों में डेविड मिलर के एक रन लेने से मना करने के फैसले का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि साउथ अफ्रीकी खिलाड़ी के खुद मैच खत्म करने के आत्मविश्वास की आलोचना नहीं की जानी चाहिए।

बुधवार को अरुण जेटली स्टेडियम में दिल्ली कैपिटल्स और गुजरात टाइटंस के बीच हुआ मुकाबला आखिरी गेंद तक चला। मुकाबले के आखिरी ओवर में दो गेंदों पर दिल्ली कैपिटल्स को जीत के लिए 2 रनों की दरकार थी। डेविड मिलर ने ओवर की पांचवीं गेंद पर एक रन लेने से इनकार कर दिया था और कुलदीप यादव को वापस भेज दिया था। इसके बाद मैच की आखिरी गेंद पर मिलर बड़ा शॉट लगाने में नाकाम रहे और रन चुराने के प्रयास में कुलदीप यादव रनआउट भी हो गए। गुजरात टाइटंस इस मुकाबले को एक रन से जीतने में सफल रही।

मैच के उस पल के बारे में बात करते हुए गावस्कर ने माना कि शायद कोई दूसरा तरीका अपनाना ज्यादा समझदारी भरा होता, लेकिन उन्होंने मिलर की मौजूदा फॉर्म और इरादे पर भी जोर दिया। उन्होंने 'स्टार स्पोर्ट्स' से कहा, "हां, उन्हें खुद पर भरोसा था कि वे ही मैच जिताने में सफल रहेंगे। हालांकि, जिस तरह कुलदीप यादव ने पहली ही गेंद पर गेंद को हल्के से खेलकर एक रन लिया था, उसे देखते हुए शायद मिलर को स्ट्राइक कुलदीप को दे देनी चाहिए थी। उन्हें स्ट्राइक देनी चाहिए थी।"

गावस्कर ने आगे कहा, "यह सब मैच खत्म होने के बाद की बातें हैं। हालांकि, सच तो यह है कि जिस तरह से वे पिछले ओवर में और इस ओवर में भी बल्लेबाजी कर रहे थे, उन्हें पूरा भरोसा था कि वे ऐसा कर सकते हैं – बात बस इतनी सी है। इसी कारण आप उन्हें इसके लिए दोष नहीं दे सकते। उन्हें खुद पर भरोसा था कि वे ऐसा कर सकते हैं, लेकिन वे सफल नहीं हो पाए, क्योंकि प्रसिद्ध कृष्णा ने जो गेंद फेंकी थी वह सचमुच एक बेहतरीन बॉल थी।"

मिलर ने गुजरात टाइटंस के खिलाफ 20 गेंदों में 41 रनों की तूफानी पारी खेली और उन्होंने लगभग मैच का रुख पलट ही दिया था। केएल राहुल (92 रन) के आउट होने के बाद दिल्ली कैपिटल्स को जीत के लिए 45 रनों की जरूरत थी। मिलर ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए दिल्ली कैपिटल्स को मैच में बनाए रखा। आखिरी ओवर में प्रसिद्ध कृष्णा के खिलाफ भी मिलर ने चौथी गेंद पर जोरदार सिक्स लगाते हुए दिल्ली कैपिटल्स के फैंस की उम्मीदों को जिंदा रखा था। हालांकि, पांचवीं बॉल पर एक रन नहीं लेने और आखिरी गेंद पर कुलदीप के रनआउट होने की वजह से दिल्ली कैपिटल्स को एक रन से हार झेलनी पड़ी।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   9 April 2026 9:01 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story