New Delhi News: बिरला ने कहा - ईमानदारी के साथ जनता की उम्मीदों पर खरा उतरें विधि निर्माता, पारदर्शी-समावेशी और जवाबदेह शासन सुनिश्चित करें

बिरला ने कहा - ईमानदारी के साथ जनता की उम्मीदों पर खरा उतरें विधि निर्माता, पारदर्शी-समावेशी और जवाबदेह शासन सुनिश्चित करें
  • पूरी ईमानदारी के साथ जनता की उम्मीदों और आकांक्षाओं पर खरा उतरने की सलाह
  • ओम बिरला ने विधि निर्माताओं को अपने व्यक्तिगत और राजनीतिक हितों से ऊपर उठने को कहा

New Delhi News. लोक सभा अध्यक्ष ओम बिरला ने गुरुवार को विधि निर्माताओं को अपने व्यक्तिगत और राजनीतिक हितों से ऊपर उठकर पूरी ईमानदारी के साथ जनता की उम्मीदों और आकांक्षाओं पर खरा उतरने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि चुने हुए प्रतिनिधियों की जिम्मेदारी है कि वे जनता की अपेक्षाओं को पूरा करें, लोकतांत्रिक संस्थाओं को मजबूत बनाएं और पारदर्शी, समावेशी तथा जवाबदेह शासन सुनिश्चित करें। गोवा की राजधानी पणजी में राष्ट्रमंडल संसदीय संघ, भारत क्षेत्र, जोन–सात के प्रथम सम्मेलन के उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए बिराल ने कहा कि जनता का विश्वास बनाए रखने के लिए दूरदर्शिता, समर्पण और जन कल्याण के प्रति मजबूत प्रतिबद्धता आवश्यक है। ये गुण एक विकसित, न्यायपूर्ण और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण के लिए जरूरी हैं।

लोकसभा अध्यक्ष ने अनुसंधान, नवाचार और तकनीक के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि जन प्रतिनिधियों को विज्ञान और तकनीक की शक्ति का उपयोग करके लोगों की समस्याओं का समाधान करना चाहिए। उन्होंने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) जैसी आधुनिक तकनीकों के इस दौर में भी मानवीय संवेदनशीलता उतनी ही जरूरी है। युवा विधि निर्माताओं की भूमिका पर राय व्यक्त करते हुए बिरला ने कहा कि वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के लक्ष्य को हासिल करने में युवाओं की अहम भूमिका है। युवाओं की ऊर्जा, नई सोच और जन सेवा के प्रति समर्पण देश को समृद्ध, आत्मनिर्भर और न्यायपूर्ण बना सकता है तथा आने वाली पीढ़ियों के लिए स्थायी विकास सुनिश्चित कर सकता है।

Created On :   9 April 2026 9:01 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story