असम की 126 सीटों पर एक ही चरण में 9 अप्रैल को मतदान, 4 मई को नतीजों की घोषणा

असम की 126 सीटों पर एक ही चरण में 9 अप्रैल को मतदान, 4 मई को नतीजों की घोषणा
चुनाव आयोग ने रविवार को देश के चार राज्यों और एक केंद्र शासित प्रदेश में विधानसभा चुनाव की घोषणा कर दी है। मुख्य चुनाव आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार ने प्रेस कॉन्फ्रेंस करके पश्चिम बंगाल, असम, तमिलनाडु, केरल और केंद्रशासित प्रदेश पुडुचेरी में चुनाव की तारीखों की घोषणा की। असम की 126 विधानसभा सीटों के लिए एक ही चरण में 9 अप्रैल को मतदान होगा, जबकि नतीजे 4 मई को सामने आएंगे।

नई दिल्ली, 15 मार्च (आईएएनएस)। चुनाव आयोग ने रविवार को देश के चार राज्यों और एक केंद्र शासित प्रदेश में विधानसभा चुनाव की घोषणा कर दी है। मुख्य चुनाव आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार ने प्रेस कॉन्फ्रेंस करके पश्चिम बंगाल, असम, तमिलनाडु, केरल और केंद्रशासित प्रदेश पुडुचेरी में चुनाव की तारीखों की घोषणा की। असम की 126 विधानसभा सीटों के लिए एक ही चरण में 9 अप्रैल को मतदान होगा, जबकि नतीजे 4 मई को सामने आएंगे।

सीईसी ज्ञानेश कुमार ने असम चुनाव के लिए तारीखों की घोषणा करते हुए बताया कि गजट अधिसूचना जारी करने की तारीख 16 मार्च होगी। नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि 23 मार्च है। नामांकनों की जांच 24 मार्च को होगी। उम्मीदवारों द्वारा नाम वापस लेने की अंतिम तिथि 26 मार्च है। मतदान 9 अप्रैल को निर्धारित है। मतगणना 4 मई को होगी। चुनाव प्रक्रिया 6 मई से पहले पूरी करनी है।

सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी आयोग ने व्यापक तैयारियां की हैं। आयोग के अनुसार, असम में करीब 2.5 करोड़ मतदाता मतदान करेंगे।

सीईसी ने बताया कि आयोग ने पिछले कुछ दिनों में सभी चुनावी राज्यों का दौरा कर तैयारियों की समीक्षा और राजनीतिक दलों, अधिकारियों और मतदाताओं से बातचीत की। आयोग की टीम ने सभी चुनावी राज्यों में जाकर विधानसभा चुनाव की तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान सभी राजनीतिक दलों से मुलाकात कर उनके सुझाव भी लिए गए। साथ ही प्रवर्तन एजेंसियों के अधिकारियों, जिला निर्वाचन अधिकारियों, पुलिस अधिकारियों, राज्य निर्वाचन अधिकारियों और पुलिस महानिदेशकों से भी विस्तृत चर्चा की गई।

उन्होंने बताया कि आयोग ने युवाओं और पहली बार मतदान करने जा रहे मतदाताओं से भी संवाद किया। इसके अलावा चुनाव प्रक्रिया को सुचारु बनाने में अहम भूमिका निभाने वाले बूथ लेवल ऑफिसर्स (बीएलओ) के काम की भी सराहना की गई। चुनाव के दौरान कुछ विशेष व्यवस्थाएं भी की गई हैं। कई स्थानों पर महिलाओं द्वारा संचालित विशेष मतदान केंद्र बनाए जाएंगे, जहां पूरी व्यवस्था महिला कर्मियों द्वारा संभाली जाएगी।

चुनाव आयोग का कहना है कि इस बार भी सभी राज्यों में निष्पक्ष, पारदर्शी और सुरक्षित चुनाव कराने के लिए व्यापक इंतजाम किए गए हैं, ताकि हर मतदाता बिना किसी डर या दबाव के अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   15 March 2026 5:16 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story