असम गृह मंत्री अमित शाह दिल्ली के लिए रवाना, सीएम सरमा ने जताया आभार
गुवाहाटी, 15 मार्च (आईएएनएस)। असम के दो दिवसीय दौरे के बाद केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह रविवार को गोवाहाटी से नई दिल्ली के लिए रवाना हो गए। अमित शाह के असम दौरे के लिए मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने उनको धन्यवाद दिया है।
मुख्यमंत्री सरमा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में लिखा, "आपके मार्गदर्शन के लिए धन्यवाद, अमित शाह जी। मैं असम की जनता की ओर से आपको 2,000 करोड़ रुपए से अधिक की स्वास्थ्य परियोजनाओं को समर्पित करने और आपकी यात्रा के दौरान हमारी युवा शक्ति को सशक्त बनाने के लिए धन्यवाद देता हूं।"
इससे पहले केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने गुवाहाटी में कई स्वास्थ्य सेवा परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। उन्होंने कहा कि 10 साल पहले असम की स्वास्थ्य सेवाओं का हाल जर्जर था। सालों तक शासन में रहने वाली कांग्रेस ने अपने परिवारों के आर्थिक स्वास्थ्य के अलावा लोगों के स्वास्थ्य की चिंता नहीं की।
गुवाहाटी में कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा की प्रशंसा की। उन्होंने कहा, "जब से हिमंत बिस्वा सरमा जब से असम के मुख्यमंत्री बने हैं, एक लगन के साथ असम की स्वास्थ्य सेवाओं को गुजरात, महाराष्ट्र और कर्नाटक जैसे विकसित राज्यों के समकक्ष बनाने में सफल हुए हैं।"
उन्होंने आगे कहा, "हिमंत बिस्वा सरमा में एक और कला है। वे सरकार के साथ-साथ समाज को जोड़कर भी अपनी शक्ति को दोगुना करते हैं।"
शाह ने कहा कि प्रोटोन थेरेपी जैसी अत्याधुनिक तकनीक, जो बहुत महंगी है, देश के किसी भी सरकारी अस्पताल में प्रोटोन थेरेपी की व्यवस्था नहीं है। हम सभी जानते हैं कि निजी अस्पतालों में इलाज बहुत महंगा होता है। लेकिन हिमंत बिस्वा सरमा 400 करोड़ रुपए की लागत से प्रोटोन थेरेपी को स्थापित करने जा रहे हैं। असम देश का पहला राज्य बनेगा, जहां सरकारी कैंसर अस्पताल में प्रोटोन थेरेपी होगी।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि आज 700 करोड़ रुपए की लागत से बने प्राग्ज्योतिषपुर मेडिकल कॉलेज और अस्पताल का उद्घाटन हुआ है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   15 March 2026 6:10 PM IST












