बंगाल में नई सरकार की संवैधानिक प्रक्रिया शुरू, आयोग ने राज्यपाल को सौंपी 293 विजयी उम्मीदवारों की सूची

बंगाल में नई सरकार की संवैधानिक प्रक्रिया शुरू, आयोग ने राज्यपाल को सौंपी 293 विजयी उम्मीदवारों की सूची
पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव परिणामों के बाद राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। इसी बीच पश्चिम बंगाल के मुख्य निर्वाचन अधिकारी मनोज कुमार अग्रवाल और चुनाव आयोग के वरिष्ठ अधिकारियों ने कोलकाता स्थित लोक भवन में राज्यपाल से मुलाकात की। इस मुलाकात के बाद नई विधानसभा के गठन और आगे की संवैधानिक प्रक्रिया को लेकर स्थिति स्पष्ट की गई।

कोलकाता, 6 मई (आईएएनएस)। पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव परिणामों के बाद राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। इसी बीच पश्चिम बंगाल के मुख्य निर्वाचन अधिकारी मनोज कुमार अग्रवाल और चुनाव आयोग के वरिष्ठ अधिकारियों ने कोलकाता स्थित लोक भवन में राज्यपाल से मुलाकात की। इस मुलाकात के बाद नई विधानसभा के गठन और आगे की संवैधानिक प्रक्रिया को लेकर स्थिति स्पष्ट की गई।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी मनोज कुमार अग्रवाल ने मीडिया से बातचीत में कहा कि इसी अधिसूचना के आधार पर नई विधानसभा का गठन किया जाता है और पुरानी विधानसभा का कार्यकाल स्वतः समाप्त हो जाता है। इसके बाद राज्यपाल के कार्यालय द्वारा आवश्यक औपचारिक प्रक्रियाएं पूरी की जाती हैं, जिसमें शपथ ग्रहण समारोह शामिल होता है।

उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग की भूमिका केवल चुनाव कराना और परिणाम घोषित करने तक सीमित होती है। उन्होंने स्पष्ट किया कि मुख्यमंत्री के इस्तीफे या सरकार गठन से आयोग का कोई सीधा संबंध नहीं है। उनके अनुसार, “एक वैधानिक अधिसूचना चुनाव आयोग द्वारा जारी की जाती है, जिसे राज्यपाल को सौंपा जाता है। इसमें यह बताया जाता है कि कौन उम्मीदवार किस सीट से विजयी हुआ है।”

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने यह भी बताया कि राज्य में फाल्टा सीट पर दोबारा मतदान कराया जाएगा, जिसके लिए 21 मई की तारीख तय की गई है। इसके अलावा बाकी 293 विजयी उम्मीदवारों की सूची राज्यपाल को सौंप दी गई है, ताकि नई विधानसभा के गठन की प्रक्रिया आगे बढ़ सके।

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के इस्तीफे से इनकार किए जाने के सवाल पर मनोज कुमार अग्रवाल ने कहा कि यह पूरी तरह संवैधानिक और राजनीतिक प्रक्रिया का हिस्सा है, जिसमें चुनाव आयोग की कोई भूमिका नहीं होती। उन्होंने कहा, “यह मुख्यमंत्री, राज्यपाल और राष्ट्रपति के बीच का मामला है। आयोग इस पर कोई टिप्पणी नहीं करता।”

वहीं, लोकभवन में हुई इस मुलाकात के बाद राज्य में नई सरकार के गठन को लेकर प्रक्रियाएं तेज हो गई हैं। प्रशासनिक स्तर पर माना जा रहा है कि अगले कुछ दिनों में शपथ ग्रहण और नई विधानसभा के गठन की औपचारिकताएं पूरी कर ली जाएंगी। राज्य में राजनीतिक दलों के बीच भी आगे की रणनीति को लेकर गतिविधियां तेज हो गई हैं। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी ने जीत हासिल की है।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   6 May 2026 2:02 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story