भारत के आत्मनिर्भर बनने का मार्ग देश में बनी चीजों पर गर्व करने से ही प्रशस्त होगा प्रधानमंत्री मोदी
नई दिल्ली, 30 अगस्त (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आने वाले त्योहारों से पहले देशवासियों से एक बार फिर भारत में बनी चीजें ही खरीदने का आह्वान किया है। उन्होंने 'वोकल फॉर लोकल' के आग्रह को दोहराते हुए कहा कि भारत के आत्मनिर्भर बनने का मार्ग भारत में बनी चीजों पर गर्व करने से ही प्रशस्त होगा।
प्रधानमंत्री मोदी ने रविवार को रेडियो कार्यक्रम 'मन की बात' के 137वें एपिसोड को संबोधित किया। राष्ट्र के नाम अपने संदेश में पीएम मोदी ने कहा, "मेरे प्यारे देशवासियो, हमारे पर्व और त्योहार, हमारी परंपराओं के साथ-साथ, हमें एक-दूसरे से जुडने का भी अवसर देते हैं।"
उन्होंने कहा, "आने वाले दिनों में हम और भी कई महत्वपूर्ण पर्व मनाने जा रहे हैं। 4 सितंबर को जन्माष्टमी का पावन पर्व है। सितंबर में ही हम विश्वकर्मा पूजा भी मनाएंगे। इस अवसर पर अपने आसपास के कारीगरों, शिल्पकारों और विश्वकर्मा साथियों का सम्मान करना चाहिए। कुछ महीनों बाद दीपावली भी आने वाली है, इसकी तैयारियां भी धीरे-धीरे शुरू हो रही हैं।"
अपने संबोधन में पीएम मोदी ने कहा, "त्योहारों के इस मौसम में मैं एक बार फिर आपसे 'वोकल फॉर लोकल' का आग्रह दोहराऊंगा और 'वोकल फॉर लोकल' का मतलब केवल मिट्टी के दीये खरीदना नहीं है, इसका विजन बहुत बड़ा है।"
प्रधानमंत्री ने कहा कि हम अपने घर के लिए जो भी सामान खरीदते हैं, उसे एक बार जरूर देख लें कि वो भारत में बना हो। भारत के आत्मनिर्भर बनने का मार्ग भारत में बनी चीजों पर गर्व करने से ही प्रशस्त होगा। इस संदेश को ज्यादा-से-ज्यादा लोगों तक पहुंचाना भी हमारी जिम्मेदारी है।
पीएम मोदी ने कहा, "हमारे क्रिएटिव वर्ल्ड के साथियों, इन्फ्लुएंसर और सेलिब्रिटी की भी इसमें बहुत बड़ी भूमिका है। मेरा आपसे आग्रह है कि स्वयं भी 'वोकल फॉर लोकल' को अपनाए और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित कीजिए।"
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   30 Aug 2026 11:53 AM IST












