सीपीएल त्रिनबागो नाइट राइडर्स ने ड्वेन ब्रावो की 47 नंबर जर्सी को रिटायर किया
नई दिल्ली, 30 अगस्त (आईएएनएस)। त्रिनबागो नाइट राइडर्स ने 47 नंबर की जर्सी को रिटायर कर दिया है। वेस्टइंडीज के दिग्गज ऑलराउंडर ड्वेन ब्रावो त्रिनबागो नाइट राइडर्स के लिए खेलते हुए ये जर्सी पहनते थे। ब्रावो के योगदान को देखते हुए उनकी जर्सी को रिटायर किया गया है। वह सीपीएल के पहले खिलाड़ी हैं जिनकी जर्सी रिटायर की गई है।
नाइट राइडर्स ग्रुप के सीईओ वेंकी मैसूर ने एक सेरेमनी में कहा, "नाइट राइडर्स और सीपीएल में ड्वेन ब्रावो के योगदान को मापना नामुमकिन है। नंबर 47 को रिटायर करना ब्रावो की विरासत को फ्रेंचाइजी के साथ हमेशा संरक्षित करने जैसा है। सीपीएल इतिहास में यह सम्मान पाने वाला पहला खिलाड़ी बनने के लिए इससे ज्यादा सही कोई खिलाड़ी नहीं हो सकता।"
ड्वेन ब्रावो अब अंतरराष्ट्रीय और लीग क्रिकेट से संन्यास ले चुके हैं। सीपीएल में ब्रावो ने 107 मैच खेले और 129 विकेट लिए। ब्रावो सीपीएल इतिहास के तीसरे सबसे सफल गेंदबाज हैं। सुनील नरेन पहले (139) और इमरान ताहिर दूसरे (135) नंबर पर हैं।
ब्रावो फिलहाल त्रिनबागो नाइट राइडर्स के कोच हैं। वह टीम के लिए 2015 से 2025 तक खेले और इस दौरान 5 बार टीम को चैंपियन बनाने में अहम भूमिका निभाई। 2017 और 2018 में वह टीम के कप्तान भी रहे। ब्रावो इस बीच 2021 में सेंट किट्स एंड नेविस पैट्रियट्स के भी कप्तान रहे।
त्रिनबागो नाइट राइडर्स के मौजूदा कप्तान निकोलस पूरन ने फ्रेंचाइजी द्वारा साझा एक वीडियो में कहा, "प्रेरणा और रोल मॉडल बनने के लिए धन्यवाद। हमें बहुत खुशी है कि आप हमारे साथ हैं। बड़े भाई होने के लिए धन्यवाद।"
सुनील नरेन ने कहा, "मुझे लगता है कि आपने बहुत से युवा क्रिकेटरों के लिए रास्ता बनाया है। आप हमेशा अपनी ऊर्जा का ध्यान रखते हैं और हर हाल में जीत दर्ज करना चाहते हैं।
2020 में त्रिनबागो नाइट राइडर्स के कप्तान रहे किरोन पोलार्ड ने कहा, "एक व्यक्ति के तौर पर आपने मेरे लिए जो कुछ भी किया है, उसके लिए धन्यवाद।"
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   30 Aug 2026 11:53 AM IST












