मध्य प्रदेश उमरिया जिले के पास एनएच-43 किनारे सिद्ध बाबा के पास मिला शव, जांच में जुटी पुलिस
उमरिया, 30 अगस्त (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश के उमरिया जिले से होकर गुजरने वाले नेशनल हाईवे-43 के किनारे नौरोजाबाद थाना क्षेत्र में एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव सिद्ध बाबा के समीप झाड़ियों के पास संदिग्ध परिस्थितियों में मिला। शव करीब एक सप्ताह पुराना बताया जा रहा है, जिसके कारण उसकी हालत काफी खराब हो चुकी है और फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। युवक की मौत हादसे में हुई या फिर उसकी हत्या कर शव को यहां लाकर फेंका गया, इसे लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, एक राहगीर सड़क किनारे बाथरूम करने के लिए गया था। इसी दौरान उसकी नजर झाड़ियों के पास पड़े शव पर पड़ी। शव देखकर राहगीर घबरा गया और तत्काल इसकी सूचना नौरोजाबाद पुलिस को दी। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी बालेंद्र शर्मा और डीएसपी शिव चरण बोहित पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।
पुलिस टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और आसपास के क्षेत्र में जानकारी जुटाई। शव की हालत खराब होने के कारण मौके पर उसकी पहचान नहीं हो सकी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए उमरिया शवगृह में सुरक्षित रखवा दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद युवक की मौत के कारणों को लेकर सबूत मिल सकते है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि संदिग्ध परिस्थितियों में शव मिलने के बाद पुलिस के सामने कई सवाल हैं। आखिर युवक यहां तक कैसे पहुंचा? क्या वह किसी हादसे का शिकार हुआ और सड़क किनारे झाड़ियों में जा गिरा? या फिर उसकी मौत किसी अन्य स्थान पर हुई और बाद में शव को यहां लाकर फेंका गया? पुलिस इस आशंका को भी ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
नौरोजाबाद पुलिस ने मर्ग (मृत्यु की सूचना) कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। मृतक की पहचान के लिए आसपास के थाना क्षेत्रों से गुमशुदगी के मामलों की जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि पिछले कुछ दिनों में क्षेत्र से कोई युवक लापता तो नहीं हुआ था। फिलहाल पुलिस ने मामले को संदिग्ध मानते हुए सभी संभावित पहलुओं पर जांच शुरू कर दी है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   30 Aug 2026 11:53 AM IST












