भोपाल में भाजपा का कांग्रेस कार्यालय पर प्रदर्शन

भोपाल, 26 अक्टूबर (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पिता पर कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे द्वारा की गई अशोभनीय टिप्पणी के विरोध में भारतीय जनता पार्टी ने भोपाल में पैदल मार्च निकालकर कांग्रेस कार्यालय पर प्रदर्शन किया। प्रधानमंत्री के पिता के खिलाफ की गई कांग्रेस अध्यक्ष की टिप्पणी को लेकर भाजपा में नाराजगी है।
भाजपा कार्यकर्ता रेडक्रॉस चौराहे से पैदल मार्च करते हुए कांग्रेस कार्यालय पहुंचे। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस के खिलाफ विरोध दर्ज कराते हुए प्रधानमंत्री के पिता के प्रति की गई टिप्पणी की निंदा की। भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष लालसिंह आर्य ने कहा कि कांग्रेस का मानसिक दिवालियापन उजागर हो गया है। प्रधानमंत्री मोदी का राजनीतिक विरोध करते-करते कांग्रेस के नेता अब उनके परिवार के प्रति भी अशोभनीय टिप्पणियां करने लगे हैं।
कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे द्वारा प्रधानमंत्री के पिता के विरुद्ध की गई टिप्पणी राजनीतिक मर्यादाओं का खुला उल्लंघन है। सार्वजनिक जीवन में रहने वाले नेताओं से अपेक्षा की जाती है कि वे अपने शब्दों और व्यवहार से लोकतांत्रिक मूल्यों तथा राजनीतिक संवाद की गरिमा को बनाए रखें, लेकिन कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व द्वारा इस प्रकार की टिप्पणी किया जाना दुर्भाग्यपूर्ण है।
उन्होंने आगे कहा कि लोकतंत्र में विचारों का विरोध करने, सरकार की नीतियों पर सवाल उठाने और राजनीतिक मतभेद व्यक्त करने की पूरी स्वतंत्रता है, लेकिन इन सबके बीच भाषा की मर्यादा और व्यक्तिगत सम्मान का ध्यान रखना भी उतना ही आवश्यक है। किसी नेता की राजनीतिक विचारधारा या कार्यशैली से असहमति हो सकती है, लेकिन उसके परिवार के प्रति अपमानजनक टिप्पणी करना किसी भी दृष्टि से उचित नहीं ठहराया जा सकता।
कांग्रेस के नेताओं को यह समझना चाहिए कि राजनीतिक विरोध और व्यक्तिगत अपमान के बीच स्पष्ट अंतर है। इस प्रकार की बयानबाजी से स्वस्थ राजनीतिक विमर्श को नुकसान पहुंचता है और जनता के बीच राजनीति के प्रति गलत संदेश जाता है।
भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष लालसिंह आर्य ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने अपना संपूर्ण सार्वजनिक जीवन राष्ट्र की सेवा, देश के विकास और जनकल्याण के कार्यों को समर्पित किया है। उनके नेतृत्व और निर्णयों पर कांग्रेस को अपनी बात रखने का पूरा अधिकार है, लेकिन राजनीतिक बहस को व्यक्तिगत टिप्पणियों तक सीमित कर देना कांग्रेस की सोच और उसके राजनीतिक आचरण पर सवाल खड़े करता है।
भाजपा के विरोध प्रदर्शन में विधायक रामेश्वर शर्मा, भगवान दास सबनानी सहित तमाम नेता मौजूद रहे। पुलिस ने बैरिकेटिंग लगाकर भाजपा कार्यकर्ताओं को कांग्रेस दफ्तर के पास जाने से पहले ही रोक दिया।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :  
