बिहार के सीएम सम्राट चौधरी से मिले गौतम अदाणी, राज्य में 60 हजार करोड़ के निवेश का ऐलान

बिहार के सीएम सम्राट चौधरी से मिले गौतम अदाणी, राज्य में 60 हजार करोड़ के निवेश का ऐलान
अदाणी ग्रुप के चेयरमैन गौतम अदाणी ने रविवार को सारण के मस्तीचक में अखंड ज्योति आई हॉस्पिटल में अदाणी आई केयर प्रोजेक्ट की शुरुआत की। इस दौरान उनके साथ अदाणी फाउंडेशन की चेयरपर्सन प्रीति अदाणी भी मौजूद रहीं।

पटना, 17 मई (आईएएनएस)। अदाणी ग्रुप के चेयरमैन गौतम अदाणी ने रविवार को सारण के मस्तीचक में अखंड ज्योति आई हॉस्पिटल में अदाणी आई केयर प्रोजेक्ट की शुरुआत की। इस दौरान उनके साथ अदाणी फाउंडेशन की चेयरपर्सन प्रीति अदाणी भी मौजूद रहीं।

सारण में आई केयर प्रोजेक्ट के उद्घाटन के बाद गौतम अदाणी मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के आवास पर उनसे मिलने पहुंचे। सम्राट चौधरी ने गौतम अदाणी के साथ मुलाकात की तस्वीर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर शेयर की। मुख्यमंत्री ने लिखा कि देश के विख्यात उद्योगपति और अदाणी समूह के अध्यक्ष गौतम अदाणी ने शिष्टाचार भेंट की। उन्होंने बिहार के विकास के लिए हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।

वहीं, गौतम अदाणी ने भी सोशल मीडिया पर शेयर एक पोस्ट में लिखा कि आज पटना में बिहार के लोकप्रिय और ऊर्जावान मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के साथ हुई सार्थक मुलाकात ने राज्य के उज्ज्वल भविष्य में हमारे विश्वास को और मजबूत किया है।

उन्होंने लिखा कि अदाणी समूह रोजगार सृजन और सामाजिक सेवा पहलों को आगे बढ़ाने के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध है। साथ ही बुनियादी ढांचे और ऊर्जा के क्षेत्रों में सक्रिय सहयोग प्रदान करके बिहार के विकास को नई दिशा देने का प्रयास करेगा।

यहां आयोजित एक कार्यक्रम में गौतम अदाणी ने कहा कि अदाणी ग्रुप का लक्ष्य अगले तीन से चार वर्षों में बिहार के बुनियादी ढांचे को पूरी तरह से बदलना है। इसके लिए ग्रुप राज्य में 50 हजार करोड़ रुपए से लेकर 60 हजार करोड़ रुपए तक का निवेश करने जा रहा है। उन्होंने कहा कि बिहार की सबसे बड़ी ताकत यहां के मेहनती लोग, उनकी सादगी और मजबूत इरादे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि बिहारी होना अपने आप में गर्व की बात है।

उन्होंने कहा कि राज्य के विकास के लिए अदाणी ग्रुप हरसंभव मदद करने के लिए तैयार है। उनका लक्ष्य यहां के लोगों को यहीं पर बेहतर रोजगार मुहैया कराना है। अदाणी ग्रुप का अदाणी आई केयर प्रोजेक्ट अखंड ज्योति आई हॉस्पिटल और अदाणी फाउंडेशन की एक संयुक्त पहल है। अब इसके माध्यम से अदाणी सेंटर फॉर आई डिजीज और अदाणी ट्रेनिंग सेंटर फॉर ऑप्थैल्मिक साइंसेस संचालित होगा।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   17 May 2026 9:41 PM IST

Tags

Next Story