‘भालो आछे’ कहकर पीएम मोदी ने जीता दिल, स्वीडन में भारतीय समुदाय ने किया जबरदस्त स्वागत
गुटेनबर्ग, 17 मई (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार को स्वीडन के गुटेनबर्ग पहुंचे, जहां बंगाली संस्कृति के साथ पीएम मोदी का भव्य स्वागत किया गया। इससे न सिर्फ प्रधानमंत्री गदगद हो उठे, बल्कि वहां मौजूद भारतीयों की खुशी का भी ठिकाना नहीं रहा।
स्वागत को लेकर प्रधानमंत्री मोदी ने एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा, “बंगाली संस्कृति पूरी दुनिया में लोकप्रिय है और स्वीडन भी इसका अपवाद नहीं है। भारतीय समुदाय द्वारा आयोजित स्वागत समारोह के दौरान जिसमें प्रधानमंत्री उल्फ क्रिस्टर्सन भी मौजूद थे, वहां गौरवशाली बंगाली संस्कृति की झलक देखने को मिली।”
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को देखने के लिए पहुंचे भारतीय समुदाय के लोगों ने कहा कि प्रधानमंत्री को सामने देखकर उनके रोंगटे खड़े हो गए। उन्हें सामने से देखना और उनसे हाथ मिलाना मानो कोई बड़ी उपलब्धि हासिल करने जैसा था।
एक महिला ने कहा कि प्रधानमंत्री ने हमारी प्रस्तुति को बड़े ध्यान से देखा। हमने बंगाली संस्कृति के साथ उनका स्वागत किया। उन्होंने जब हमसे पूछा, “भालो आछे? तो बहुत प्रसन्नता हुई। एक अन्य महिला ने कहा कि मुझे बहुत गर्व है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भारत से आए। भारतीयों ने उनका बहुत गर्मजोशी से स्वागत किया। मेरी तो उनसे सामने से मुलाकात हो गई, उन्होंने हाथ मिलाया। मुझे बहुत अच्छा लगा।
एक छात्र ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की स्वीडन यात्रा ने हम जैसे छात्रों के लिए ढेरों अवसर खोल दिए हैं, जो यहां भविष्य की तलाश में हैं। भारतीय समुदाय की एक अन्य महिला ने कहा कि आज मुझे बहुत गर्व महसूस हो रहा है। यह मेरे सपनों से भी परे था। मैंने कभी कल्पना भी नहीं की थी कि मैं स्वीडन जैसी विदेशी धरती पर अपने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मिल सकूंगी और यह मेरे लिए बहुत गर्व का क्षण था। मेरी आंखों में लगभग आंसू आ गए थे।
भारतीय समुदाय के लोगों ने बताया कि पीएम मोदी की एक झलक पाने के लिए हम काफी देर से खड़े थे। जब वह हमारे सामने आए तो हमें बहुत अच्छा लगा। भारतीय अधिकारियों को इस तरह के कार्यक्रम आयोजित करने के लिए धन्यवाद और उम्मीद है कि दोनों देशों के रिश्ते और मजबूत होंगे।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   17 May 2026 10:09 PM IST










