राकांपा अजित गुट सांसद पार्थ पवार ने मुख्यमंत्री फडणवीस से की मुलाकात, परांजपे के शिंदे गुट में जाने पर हुई चर्चा

  • शरद पवार से मिले परांजपे
  • परांजपे के शिंदे गुट में जाने पर हुई चर्चा

Mumbai News. प्रदेश की राजनीति में राकांपा (अजित) एक बार फिर चर्चाओं के केंद्र में आ गई है। पिछले एक सप्ताह से पार्टी के भीतर नाराजगी, अंदरूनी खींचतान और नेताओं की लगातार मुलाकातों ने सियासी माहौल गरमा दिया है। एक तरफ पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के असंतुष्ट होने की खबरें सामने आ रही हैं, तो दूसरी ओर पार्टी नेतृत्व इन दावों को खारिज कर रहा है। इसी बीच राकांपा (अजित) सांसद पार्थ पवार ने शनिवार देर रात मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से मुलाकात की। सूत्रों के मुताबिक इस बैठक में कई मुद्दों पर चर्चा हुई जिसमें अजित गुट के हालिया घटनाक्रम और शिवसेना (शिंदे) में शामिल हुए आनंद परांजपे पर भी पार्थ ने फडणवीस को जानकारी दी। बताया जा रहा है कि पार्थ पवार अकेले ही मुख्यमंत्री से मिलने पहुंचे थे।

पार्थ ने मौजूदा हालातों की जानकारी सीएम को दी

सूत्रों के मुताबिक शनिवार रात करीब 10 बजे पार्थ पवार बिना किसी राजनीतिक हलचल के सीधे मुख्यमंत्री फडणवीस के ‘वर्षा’ बंगले पर पहुंचे, जहां दोनों नेताओं के बीच बंद कमरे में करीब एक घंटे तक चर्चा हुई। खबर है कि इस मुलाकात पार्थ ने अपनी पार्टी के भीतर चल रहे अंदरूनी विवाद को लेकर जानकारी दी। इसके आलावा अभी हाल ही में अजित गुट छोड़कर शिंदे गुट में शामिल हुए आनंद परांजपे को लेकर भी चर्चा हुई। राकांपा (अजित) के एक नेता ने बताया कि राकांपा (अजित) में चल रही हलचल के बीच पार्थ पवार और फडणवीस की मुलाकात को काफी अहम माना जा रहा है। राजनीतिक हलकों में चर्चा है कि पार्टी के भीतर कुछ नेताओं को किनारे किए जाने की भी चर्चा है। लेकिन अजित गुट ऐसी खबरों को दरनिकार कर चुका है।

शरद पवार से मिले आनंद परांजपे

इधर, हाल ही में शिंदे की शिवसेना में शामिल हुए आनंद परांजपे ने रविवार सुबह राकांपा (शरद) अध्यक्ष शरद पवार से उनके बंगले सिल्वर ओक पर मुलाकात की। परांजपे ने इसे शिष्टाचार भेंट बताया है, लेकिन राजनीतिक हलकों में इस मुलाकात के कई मायने निकाले जा रहे हैं। परांजपे मूल रूप से शिवसेना से जुड़े रहे हैं। बाद में उन्होंने राकांपा (अविभाजित) का दामन थामा और करीब 14 साल तक पार्टी में सक्रिय रहे। पार्टी में विभाजन के बाद उन्होंने अजित गुट का साथ दिया था। हालांकि, पिछले कुछ समय से उनके नाराज होने की खबरें लगातार सामने आ रही थीं।

Created On :   17 May 2026 9:59 PM IST

Tags

Next Story