बिहार मोतिहारी में हथियारों की बड़ी खेप बरामद, पांच पिस्टल के साथ तस्कर गिरफ्तार

बिहार मोतिहारी में हथियारों की बड़ी खेप बरामद, पांच पिस्टल के साथ तस्कर गिरफ्तार
बिहार के पूर्वी चंपारण जिले में रघुनाथपुर थाना पुलिस ने हथियार तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए पांच पिस्टल, पांच जिंदा कारतूस और 10 मैगजीन के साथ एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है।

मोतिहारी, 20 अगस्त (आईएएनएस)। बिहार के पूर्वी चंपारण जिले में रघुनाथपुर थाना पुलिस ने हथियार तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए पांच पिस्टल, पांच जिंदा कारतूस और 10 मैगजीन के साथ एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी हथियारों की खेप की आपूर्ति करने के लिए मजूराहां फायरिंग रेंज के पास पहुंचा था। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए उसे दबोच लिया। पुलिस के अनुसार, रघुनाथपुर थाना क्षेत्र में सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति भारी मात्रा में हथियार लेकर मजूराहां फायरिंग रेंज के पास किसी को हथियारों की आपूर्ति करने वाला है।

सूचना को गंभीरता से लेते हुए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, सदर-1 मोतिहारी के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया। गठित टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए बताए गए स्थान पर छापेमारी की। इसी दौरान पुलिस को एक संदिग्ध व्यक्ति झोला लेकर आता दिखाई दिया। पुलिस ने उसे रोककर पूछताछ की और उसकी विधिवत तलाशी ली। तलाशी के दौरान झोले से पांच पिस्टल, पांच जिंदा कारतूस और 10 मैगजीन बरामद किए गए।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान मो. अहमद, निवासी मुस्तफापुर, थाना विभूतिपुर, जिला समस्तीपुर के रूप में हुई है। पुलिस ने बरामद हथियारों को जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। इस मामले में रघुनाथपुर थाना कांड संख्या 275/26 दर्ज किया गया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी के पास हथियार कहां से पहुंचे थे और इन्हें किसे सप्लाई किया जाना था। साथ ही हथियार तस्करी से जुड़े अन्य लोगों और पूरे नेटवर्क के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है।

अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर-1 दिलीप कुमार ने गुरुवार को बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को हथियारों के साथ गिरफ्तार किया है। उन्होंने कहा कि मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है और हथियार तस्करी से जुड़े अन्य संभावित लोगों की भूमिका की जांच की जा रही है। -

-आईएएनएस

एमएनपी/डीएससी

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   20 Aug 2026 3:59 PM IST

Tags

Next Story