लंबे समय तक टिके रहने के लिए बहुत मेहनत करनी पड़ती है रवींद्र जडेजा

लंबे समय तक टिके रहने के लिए बहुत मेहनत करनी पड़ती है रवींद्र जडेजा
अनुभवी बाएं हाथ के स्पिन ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा ने भारतीय टीम के साथ अपने एक दशक से ज्यादा के सफर के लिए आभार व्यक्त किया है। जडेजा का मानना है कि शीर्ष स्तर पर लंबा करियर बनाए रखने के लिए बहुत ज्यादा मेहनत और लगन बेहद जरूरी है।

गाले, 20 अगस्त (आईएएनएस)। अनुभवी बाएं हाथ के स्पिन ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा ने भारतीय टीम के साथ अपने एक दशक से ज्यादा के सफर के लिए आभार व्यक्त किया है। जडेजा का मानना है कि शीर्ष स्तर पर लंबा करियर बनाए रखने के लिए बहुत ज्यादा मेहनत और लगन बेहद जरूरी है।

भारत ने हाल ही में श्रीलंका के विरुद्ध टेस्ट सीरीज का पहला मैच 165 रन से अपने नाम किया था, जिसमें उन्होंने चार विकेट झटके। इसी के साथ मेहमान टीम दो मुकाबलों की सीरीज में 1-0 से आगे हो गई है। रवींद्र जडेजा को जब साल 2017 में गाले टेस्ट जीतने वाली भारतीय टीम का हिस्सा होने की एक तस्वीर दिखाई गई, तो वे पुरानी यादों में खो गए; उस मैच में जड्डू ने कुल 6 विकेट अपने नाम किए थे।

जडेजा ने गुरुवार को बीसीसीआई के सोशल मीडिया अकाउंट्स पर पोस्ट किए गए एक वीडियो में कहा, "हां, यह यहीं की है। रंग बदलने के अलावा, बाकी सब कुछ वैसा ही है। हमने यहां पिछली सीरीज 2017 में खेली थी। जाहिर है, 10 साल तक भारत के लिए खेलना बहुत मायने रखता है, क्योंकि लंबे समय तक टिके रहने के लिए बहुत मेहनत करनी पड़ती है। मुझे लगता है कि मैं बहुत भाग्यशाली हूं और भगवान का शुक्रगुजार हूं कि मैं अभी भी भारत के लिए खेल रहा हूं और वही काम कर रहा हूं, जो मैं इतने वर्षों से भारत के लिए करता आ रहा हूं।"

भारत के 600वें टेस्ट मैच में, युवा बाएं हाथ के स्पिनर मानव सुथार ने अपने करियर का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए कुल 10 विकेट हासिल किए। बाएं हाथ के टॉप-ऑर्डर बल्लेबाज देवदत्त पडिक्कल ने चोटिल बी. साई सुदर्शन की जगह नंबर तीन पर बल्लेबाजी करते हुए 167 और 44 रन बनाए। इन शानदार पारियों के लिए उन्हें 'प्लेयर ऑफ द मैच' चुना गया।

इस जीत के साथ वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (डब्ल्यूटीसी) स्टैंडिंग में भारत का प्वाइंट्स प्रतिशत 48.14 से बढ़कर 53.33 हो गया है, हालांकि वे अभी भी पांचवें स्थान पर हैं। भारत और श्रीलंका के बीच टेस्ट सीरीज का दूसरा मुकाबला 23 अगस्त से कोलंबो के सिंहलीज स्पोर्ट्स क्लब में खेला जाएगा।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   20 Aug 2026 3:59 PM IST

Tags

Next Story