ममिता बैजू ने 103 डिग्री बुखार में भी किया था जबरदस्त डांस, 'विश्वनाथ एंड संस' को लेकर भवानी श्री ने खोला राज
मुंबई, 20 अगस्त (आईएएनएस)। अभिनेत्री भवानी श्री ने निर्देशक वेंकी अटलुरी की फिल्म 'विश्वनाथ एंड संस' की शूटिंग से जुड़ा एक दिलचस्प और चौंकाने वाला किस्सा साझा किया है। फिल्म में सूर्या मुख्य भूमिका में हैं, जबकि भवानी श्री एक छोटी, लेकिन अहम भूमिका में नजर आई हैं।
उन्होंने बताया कि फिल्म के एक डांस नंबर की शूटिंग के दौरान अभिनेत्री ममिता बैजू की तबीयत काफी खराब थी। उन्होंने इतनी एनर्जी के साथ डांस किया कि उनके चेहरे से बीमारी का जरा भी अंदाजा नहीं लगा।
भवानी श्री ने फिल्म की ऊटी शेड्यूल को याद करते हुए बताया कि उस दौरान पूरी टीम को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा था। उन्होंने कहा, ''ऊटी का शेड्यूल हमारे लिए किसी छुट्टी जैसा था, उससे पहले मुझे हैदराबाद में चार दिनों तक शूटिंग करनी पड़ी थी। उस दौरान मैं खुद बीमार पड़ गई थी। हालांकि, जब मैं ठीक होने के बाद ऊटी पहुंचीं, तब तक वहां मौजूद टीम के कई लोग फ्लू की चपेट में आ चुके थे।''
भवानी श्री ने बताया, ''ऊटी में शूटिंग के दौरान ममिता बैजू को 103 डिग्री बुखार था। इसके बावजूद उन्होंने काम से पीछे हटने के बजाय डांस नंबर की शूटिंग की। ममिता की मेहनत कमाल की थी। उन्होंने उस गाने में शानदार काम किया। उन्होंने इतनी एनर्जी के साथ काम किया कि उनकी बीमारी और थकान उनके चेहरे पर बिल्कुल नजर नहीं आई।''
ममिता बैजू की इसी मेहनत की तारीफ फिल्म के निर्देशक वेंकी अटलुरी भी कर चुके हैं। उन्होंने ममिता को साफ दिल वाली इंसान बताया था।
चेन्नई में आयोजित फिल्म की 'थैंक्यू मीट' के दौरान निर्देशक वेंकी अटलुरी ने ममिता के बारे में बात करते हुए भावुक भी हो गए थे। उन्होंने कहा था कि अगर उन्हें कभी एक बहन की इच्छा होती, तो वह ममिता जैसी बहन चाहते।
वेंकी अटलुरी ने कहा कि ममिता अभिनय के मामले में बेहद सच्ची और साफ दिल वाली इंसान हैं। मैंने आज तक ऐसी अभिनेत्री नहीं देखी, जो अपने लुक से ज्यादा अपने अभिनय की चिंता करती हो।
फिल्म का निर्माण सूर्यदेवरा नागा वामसी और साई सौजन्या ने किया है। फिल्म में राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता संगीतकार जी. वी. प्रकाश कुमार ने संगीत दिया है।
फिल्म 14 अगस्त को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी। इसे रिलीज के बाद दर्शकों की अच्छी प्रतिक्रिया मिली है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   20 Aug 2026 4:19 PM IST












