Breaking News: आज की बड़ी खबरें 02 नवंबर 2025 हिंदी न्यूज लाइव

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। देश दुनिया में आज क्या घटा खास। जानिए दिनभर की तमाम बड़ी खबरें।
Live Updates
- 2 Nov 2025 11:06 AM IST
जेडीयू नेता अनंत सिंह की गिरफ्तारी पर आरजेडी नेता तेजस्वी यादव ने कहा यह ‘महाजंगलराज’ है
जेडीयू नेता अनंत सिंह की गिरफ्तारी पर महागठबंधन के मुख्यमंत्री पद के चेहरे और आरजेडी नेता तेजस्वी यादव ने कहा कि जिस तरह वह घटना हुई, यह होना तय था। आज प्रधानमंत्री आ रहे हैं, और रोहतास में एक पिता-पुत्र की हत्या कर दी गई। यह ‘महाजंगलराज’ है, लेकिन प्रधानमंत्री को यह दिखाई नहीं देता।
- 2 Nov 2025 10:37 AM IST
बीजेपी सांसद मनोज तिवारी ने खुद दावा किया है कि उन पर बक्सर में हमला हुआ है
भारतीय जनता पार्टी सांसद मनोज तिवारी ने खुद दावा किया है कि उन पर बक्सर में हमला हुआ है। हमले का आरोप उन्होंने राष्ट्रीय जनता दल के समर्थकों पर लगाए हैं। उन्होंने कहा कि डुमरांव में रोड शो के दौरान उन पर हमला किया गया।
- 2 Nov 2025 10:17 AM IST
पीएम मोदी का पटना में रोड शो, राहुल गांधी की बेगूसराय और खगड़िया में जनसभा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पटना में रोड शो के जरिए जनता का उत्साह बढ़ाएंगे, वहीं दूसरी ओर कांग्रेस नेता राहुल गांधी बेगूसराय और खगड़िया में जनसभाओं के ज़रिए माहौल गर्माएंगे
- 2 Nov 2025 9:56 AM IST
मोकामा में हत्या मामले में पुलिस कार्रवाई पर उठे सवाल
बिहार के मोकामा में 30 अक्तूबर को दुलारचंद यादव की हत्या मामले में पटना पुलिस ने सत्ताधारी दल- जेडीयू के प्रत्याशी अनंत सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। इस पर जनसुराज पार्टी के उम्मीदवार पीयूष प्रियदर्शी ने कहा, अगर प्रशासन ने ये कार्रवाई पहले की होती तो बेहतर होता।
- 2 Nov 2025 9:39 AM IST
बिहार में एनडीए की लहर, एकतरफा होगा चुनाव- रोहन गुप्ता
बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी तापमान चरम पर है। इस बीच भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता रोहन गुप्ता ने विपक्ष पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि बिहार में चुनाव अब एकतरफा होता जा रहा है और एनडीए के पक्ष में स्पष्ट लहर दिखाई दे रही है।
- 2 Nov 2025 9:07 AM IST
बिहार में राहुल गांधी की 'यात्रा' का असर आज भी महसूस किया जा सकता है- अशोक गहलोत
बिहार विधानसभा चुनाव पर कांग्रेस नेता अशोक गहलोत ने कहा कि बिहार में राहुल गांधी की 'यात्रा' का असर आज भी महसूस किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि एक सर्वेक्षण के अनुसार तेजस्वी यादव सीएम चेहरे के तौर पर नीतीश कुमार से दोगुने लोकप्रिय हैं और प्रशांत किशोर से भी आगे हैं। वहां चुनाव बहुत प्रभावी ढंग से लड़ा जा रहा है।
- 2 Nov 2025 8:51 AM IST
बंगाल हुगली में एक ही परिवार के तीन लोग मृत पाए गए
पश्चिम बंगाल के हुगली जिले में एक घटना में एक परिवार के तीन सदस्य शनिवार को चंपदानी स्थित अपने घर में मृत पाए गए। मृतकों की पहचान मोहम्मद केयामुद्दीन, उनकी पत्नी मुमताज परवीन और उनकी आठ वर्षीय बेटी अफसा के रूप में हुई है। परवीन और अफसा के शव बिस्तर पर पड़े मिले, जबकि केयामुद्दीन का फंदे से लटका हुआ मिला।
- 2 Nov 2025 8:50 AM IST
महाराष्ट्र चैरिटेबल ट्रस्ट की जमीन की अवैध बिक्री पर कांग्रेस ने राज्य मंत्री मोहोल से इस्तीफा मांगा
कांग्रेस ने शनिवार को केंद्रीय सहकारिता राज्य मंत्री मुरलीधर मोहोल के इस्तीफे की मांग की। उन पर एक चैरिटेबल ट्रस्ट की जमीन को एक निर्माण कंपनी को अवैध रूप से बेचने में कथित संलिप्तता का आरोप है।
- 2 Nov 2025 8:34 AM IST
आरएसएस में राष्ट्रवाद से प्रेरित युवा लेते हैं ट्रेनिंग- मंत्री दयाशंकर सिंह
आरएसएस पर प्रतिबंध लगाने की मांग पर उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री दयाशंकर सिंह ने कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर हमला बोला है। मंत्री दयाशंकर सिंह ने कहा कि आरएसएस एक राष्ट्रवादी संगठन है। दुनिया भर में इस बात पर शोध हो रहा है कि एक स्वयंसेवी संगठन राष्ट्र के लिए इतना बड़ा जनसमर्थन कैसे जुटा सकता है।
- 2 Nov 2025 8:12 AM IST
एसआईआर पर बढ़ती बयानबाजी के बीच अभिषेक बनर्जी प्रमुख चेहरा बनकर उभरे
पश्चिम बंगाल और अन्य राज्यों में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर आरोप-प्रत्यारोप के बीच तृणमूल कांग्रेस के महासचिव अभिषेक बनर्जी इस प्रक्रिया के खिलाफ राज्य की सत्तारूढ़ सरकार में प्रमुख चेहरा बनकर उभरे हैं।
Created On :   2 Nov 2025 8:00 AM IST












