Breaking News: आज की बड़ी खबरें 05 जुलाई 2025 हिंदी न्यूज लाइव

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। देश दुनिया में आज क्या घटा खास। जानिए दिनभर की तमाम बड़ी खबरें।
Live Updates
- 5 July 2025 11:14 AM IST
शिवसेना (UBT) और मनसे की संयुक्त रैली पर शिवसेना (UBT) नेता अरविंद सावंत ने दी प्रतिक्रिया
शिवसेना (UBT) और महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) की संयुक्त रैली पर शिवसेना (UBT) नेता अरविंद सावंत ने कहा, "ये ऐतिहासिक क्षण है। भाजपा ने देश में सत्ता में आने के बाद विभाजनकारी विचार देश में प्रचारित और प्रसारित किए। लेकिन आज जोड़ने की प्रक्रिया हो रही है,जुड़ने की प्रक्रिया हो रही है। आज देश को समझ आएगा कि हर राज्य की अपनी अस्मिता होती है उसे ठेस नहीं पहुंचानी चाहिए। राज्य की भाषा का सम्मान होना चाहिए। बात 'सबका साथ, सबका विकास' की करते हो और करते क्या हो? झगड़े लगाते हो।"
- 5 July 2025 10:55 AM IST
रामबन के डिप्टी कमिश्नर (DEO) ने ट्वीट करके दी पहलगाम काफिले की आखिरी वाहन के नियंत्रण खोने की जानकारी
रामबन के डिप्टी कमिश्नर (DEO) ने ट्वीट किया, "पहलगाम काफिले के आखिरी वाहन ने नियंत्रण खो दिया और चंद्रकोट लंगर स्थल पर फंसे वाहनों को टक्कर मार दी, जिससे 4 वाहन क्षतिग्रस्त हो गए और 36 यात्रियों को मामूली चोटें आईं। घटनास्थल पर पहले से मौजूद जिला प्रशासन ने घायलों को तुरंत डीएच रामबन पहुंचाया। यात्रियों को बाद में उनकी आगे की यात्रा के लिए अन्य वाहनों में स्थानांतरित कर दिया गया।"
- 5 July 2025 10:47 AM IST
सासाराम से कांग्रेस सांसद मनोज कुमार ने व्यवसायी गोपाल खेमका की हत्या पर दी प्रतिक्रिया
सासाराम से कांग्रेस सांसद मनोज कुमार ने व्यवसायी गोपाल खेमका की हत्या पर कहा, "जो लोग जंगलराज का वर्णन करते हैं उनसे पूछिए कि देर रात बिहार की राजधानी पटना में जो घटना हुई वह कौन सा राज है? सरकार पूरी तरह से विफल है और प्रशासन मूक दर्शक बना हुआ है। यह शर्मसार करने वाली घटना है। मैं गोपाल खेमका के परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करता हूं और बहुत ही दुख व्यक्त करता हूं। प्रतिदिन ऐसी घटनाएं हो रही हैं। बिहार में अपराधियों का मनोबल बढ़ रहा है।"
- 5 July 2025 10:35 AM IST
व्यवसायी गोपाल खेमका हत्याकांड पर राजद सांसद मनोज झा ने दी प्रतिक्रिया
व्यवसायी गोपाल खेमका हत्याकांड पर राजद सांसद मनोज झा ने कहा, "सरकार नाम की कोई चीज नहीं है। हत्यारों ने ये सोच लिया है कि सरकार उनकी है। शर्म आनी चाहिए क्या बना कर रख दिया है बिहार को।"
- 5 July 2025 10:24 AM IST
पीएम मोदी की त्रिनिदाद एंड टोबैगो यात्रा ऐतिहासिक संबंधों में नई ऊर्जा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 3 और 4 जुलाई को त्रिनिदाद एंड टोबैगो की आधिकारिक यात्रा की। ये यात्रा पिछले 26 वर्षों में किसी भारतीय प्रधानमंत्री की पहली द्विपक्षीय यात्रा थी। यह दौरा विशेष रूप से 1845 में भारतीयों के पहली बार त्रिनिदाद आगमन की 180वीं वर्षगांठ के अवसर पर हुआ, जिससे इस यात्रा को सांस्कृतिक, ऐतिहासिक और भावनात्मक रूप से अत्यंत महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
- 5 July 2025 10:23 AM IST
पटना: कारोबारी गोपाल खेमका की हत्या पर आरजेडी नेता का बयान
राजद नेता मृत्युंजय तिवारी ने व्यवसायी गोपाल खेमका हत्या पर कहा कि बिहार की राजधानी पटना में पुलिस मुख्यालय की नांक के नींचे इस तरह एक व्यवसायी की गोली मारकर हत्या हो जाती है। लगातार तेजस्वी यादव क्राइम बुलेटिन जारी कर सरकार को आइना दिखा रहे हैं, सवाल पूछ रहे हैं। नीतीश कुमार अब एक क्षण भी मुख्यमंत्री की कुर्सी पर रहने लायक नहीं रहे। बिहार में अराजक स्थिति हो चुकी है। इस सरकार की विदाई से ही बिहार की भलाई होगी। अराधियों का मनोबल तो देखिए कि गांधी मैदान से सटे इतने भीड़-भाड़ वाले इलाके में सीधे गोली मार दी जाती है, यह क्या हाल कर दिया है नीतीश कुमार आपने? इसे राक्षस राज, महाजंगल राज, अपराधी राज नहीं कहा जाएगा तो और क्या कहा जाएगा?
- 5 July 2025 9:46 AM IST
पटना में उद्योगपति गोपाल खेमका की हत्या से हड़कंप, परिवार ने पुलिस पर उठाए सवाल
बिहार की राजधानी पटना में शुक्रवार देर रात हुई उद्योगपति गोपाल खेमका की हत्या ने पूरे शहर को हिलाकर रख दिया है। गांधी मैदान थाना क्षेत्र के रामगुलाम चौक के पास गोपाल खेमका की गोली मार कर हत्या कर दी गई। घटनास्थल से गांधी मैदान थाना की दूरी महज 600 मीटर है। इसके बावजूद पुलिस समय पर नहीं पहुंच सकी, जिस पर परिवार और स्थानीय लोगों ने गहरी नाराजगी जताई है।
- 5 July 2025 9:34 AM IST
‘बहुदा यात्रा’ भगवान जगन्नाथ को देखने के लिए उमड़े भक्त, हुए भावुक
ओडिशा के पुरी में भगवान जगन्नाथ की बहुदा यात्रा शनिवार को निकाली जाएगी। यह यात्रा भगवान जगन्नाथ, बलभद्र और देवी सुभद्रा की गुंडिचा मंदिर से श्री मंदिर वापसी में निकाली जाती है। इस यात्रा को लेकर भक्तों में उत्साह दिखाई दे रहा है। भक्तों ने बहुदा यात्रा के अपने अनुभव को साझा किया।
- 5 July 2025 9:25 AM IST
अमरनाथ यात्रा चौथा जत्था भगवती नगर से रवाना, श्रद्धालुओं में उत्साह
अमरनाथ यात्रा के लिए आज जम्मू के भगवती नगर बेस कैंप से चौथा जत्था भोले बाबा के दर्शन के लिए रवाना हुआ। सुबह के शांत और भक्ति भरे माहौल में "बम बम भोले" और "बोले बाबा की जय" के नारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा। इसके साथ ही श्रद्धालु 'इंडियन आर्मी जिंदाबाद' और 'भारतीय सेना जिंदाबाद' के नारे लगाते दिखे।
- 5 July 2025 9:06 AM IST
पटना में कारोबारी गोपाल खेमका की हत्या
बिहार की राजधानी पटना से बड़ी वारदात सामने आई है। कुछ अज्ञात हमलावरों ने जाने-माने कारोबारी गोपाल खेमका को गोलियों से भून कर उनकी हत्या कर दी। गांधी मैदान थाना इलाके में स्थित बिजनेसमेन के घर के पास अपराधियों ने जानलेवा हमले को अंजाम दिया।
Created On :   5 July 2025 8:03 AM IST