Breaking News: आज की बड़ी खबरें 08 अक्टूबर 2025 हिंदी न्यूज लाइव

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। देश दुनिया में आज क्या घटा खास। जानिए दिनभर की तमाम बड़ी खबरें।
Live Updates
- 8 Oct 2025 8:40 PM IST
महिला विश्व कप अलाना किंग दसवें नंबर पर बल्लेबाजी करते हुए अर्धशतक लगाने वाली पहली क्रिकेटर बनीं
महिला विश्व कप 2025 में कोलंबो में ऑस्ट्रेलिया और पाकिस्तान के मैच में ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाज अलाना किंग ने इतिहास रचा। अलाना ने इतिहास गेंद से नहीं बल्कि बल्ले से रचते हुए चौंकाया। अलाना दसवें नंबर पर बल्लेबाजी करने उतरी थीं। उन्होंने 49 गेंद पर 3 छक्के और 3 चौके लगाते हुए नाबाद 51 रन की पारी खेली। यह अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट में उनका पहला अर्धशतक था। इस अर्धशतक के साथ उन्होंने नया विश्व रिकॉर्ड बना दिया है। महिला वनडे क्रिकेट में दसवें नंबर पर बल्लेबाजी करते हुए अर्धशतक बनाने वाली पहली क्रिकेटर बन गई हैं।
- 8 Oct 2025 8:18 PM IST
दीपावली से पहले मेरठ पुलिस का लोगों को तोहफा, 40 लाख कीमत के 217 मोबाइल सौंपे
दीपावली से ठीक पहले उत्तर प्रदेश की मेरठ पुलिस की क्राइम ब्रांच और सर्विलांस टीम ने जनता को बड़ा तोहफा दिया है। पुलिस ने शहर के अलग-अलग इलाकों से गुम हुए कुल 217 मोबाइल फोन बरामद किए हैं, जिनकी कीमत 40 लाख रुपए से अधिक है। मेरठ पुलिस ने यह कार्रवाई मिशन शक्ति 5.0 के तहत की है। पुलिस अब इन मोबाइल फोन के असली मालिकों की खोज कर रही है और उनको यह फोन वापस कर रही है।
- 8 Oct 2025 7:55 PM IST
महागठबंधन में एकजुटता, बिहार में सरकार बनाना हमारा लक्ष्य मुकेश सहनी
विकाशील इंसान पार्टी (वीआईपी) के प्रमुख मुकेश सहनी ने बुधवार को महागठबंधन की एकजुटता पर जोर देते हुए कहा कि गठबंधन में सब कुछ ठीक है और सभी सहयोगी दल बिहार के विकास के लिए एकजुट होकर काम करेंगे।
- 8 Oct 2025 7:41 PM IST
झारखंड गिरिडीह में नक्सलियों का आत्मसमर्पण, शिवलाल और सरिता ने छोड़ा माओवादी संगठन
झारखंड सरकार की आत्मसमर्पण एवं पुनर्वास नीति ‘नई दिशा, नई पहल’ से प्रभावित होकर भाकपा (माओवादी) संगठन के एरिया कमेटी सदस्य शिवलाल हेम्ब्रम उर्फ शिवा (25 वर्ष) और उनकी पत्नी दस्ता सदस्य सरिता हांसदा उर्फ उर्मिला (19 वर्ष) ने बुधवार को गिरिडीह पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण कर दिया। यह घटना नक्सल उन्मूलन की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
- 8 Oct 2025 7:27 PM IST
कीर स्टार्मर 9 अक्टूबर को प्रधानमंत्री मोदी से करेंगे मुलाकात
ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर दो दिवसीय भारत दौरे पर मुंबई पहुंचे, जहां उनका भव्य स्वागत किया गया। पीएम स्टार्मर का यह बिजनेस दौरा है, जहां वे 125 लोगों के प्रतिनिधिमंडल के साथ पहुंचे हैं। पीएम स्टार्मर ने कहा कि भारत में ब्रिटिश व्यवसायों का मतलब है कि हमारे लोगों के लिए व्यापार के अवसर ज्यादा होंगे।
- 8 Oct 2025 7:13 PM IST
अरविंद केजरीवाल ने किया बिजली परियोजनाओं का शिलान्यास, 24 घंटे बिजली आपूर्ति का दावा
आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने बुधवार को पंजाब के जालंधर में बिजली ट्रांसमिशन और डिस्ट्रीब्यूशन नेटवर्क का शिलान्यास किया। इस दौरान अरविंद केजरीवाल ने कहा कि यह कदम राज्य के बिजली नेटवर्क को आधुनिक बनाने और पूरे पंजाब में 24 घंटे बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए रोशन पंजाब पहल के तहत उठाया गया है।
- 8 Oct 2025 5:55 PM IST
अयोध्या: वित्त मंत्री और सीएम योगी ने बृहस्पति कुंड का अनावरण किया
अयोध्या: वित्त मंत्री और सीएम योगी ने बृहस्पति कुंड का अनावरण किया
- 8 Oct 2025 5:00 PM IST
गाजा युद्धविराम वार्ता जारी, हमास ने रखीं दो प्रमुख मांगें
मिस्र के शर्म अल-शेख में फिलिस्तीनी इस्लामी प्रतिरोध आंदोलन (हमास) और इजरायल के बीच युद्धविराम वार्ता का एक नया दौर आयोजित हुआ। इस वार्ता के दौरान हमास ने दो प्रमुख मांगें रखीं। पहली, गाजा पट्टी पर इजरायली कब्जे का स्थायी अंत, जिसकी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर गारंटी होनी चाहिए। दूसरी, इजरायली बंदियों की रिहाई को इजरायली सेना की पूर्ण वापसी से जोड़ा जाए। हमास के प्रमुख वार्ताकार खलील हया ने कहा कि हमास प्रतिनिधिमंडल मिस्र एक स्पष्ट लक्ष्य के साथ पहुंचा है, संघर्ष को तत्काल और स्थायी रूप से समाप्त करना तथा एक पारस्परिक कार्मिक विनिमय समझौते तक पहुंचना।
- 8 Oct 2025 4:51 PM IST
भारत सरकार का डेट वित्त वर्ष 31 तक घटकर जीडीपी का 77 प्रतिशत होने का अनुमान रिपोर्ट
भारत सरकार का डेट वित्त वर्ष 31 तक घटकर जीडीपी के 77 प्रतिशत तक पहुंच सकता है और वित्त वर्ष 35 में घटकर 71 प्रतिशत हो सकता है, जो कि मौजूदा समय में 81 प्रतिशत पर है। यह जानकारी बुधवार को जारी एक रिपोर्ट में दी गई। केयरएज रेटिंग्स की रिपोर्ट में बताया गया कि जीडीपी अनुपात के मुकाबले डेट में कमी आने की वजह सरकार का राजकोषीय समेकन और जीडीपी वृद्धि दर का लगातार 6.5 प्रतिशत के आसपास बने रहना है। हालांकि, कुछ राज्यों द्वारा दी जाने वाली मुफ्त रेवड़ियों और डेट की स्थिति को भविष्य में मॉनिटर किया जाना आवश्यक है।
- 8 Oct 2025 4:42 PM IST
किम जोंग उन ने प्योंगयांग में लाओस के राष्ट्रपति से बातचीत की
उत्तर कोरिया के नेता किम जोंग-उन ने लाओस के राष्ट्रपति थोंगलाउन सिसोउलिथ के साथ बातचीत की और द्विपक्षीय सहयोग को मजबूत करने पर सहमति व्यक्त की, उत्तर कोरिया की सरकारी मीडिया ने बुधवार को यह जानकारी दी। कोरियन सेंट्रल न्यूज एजेंसी (केसीएनए) के अनुसार, यह बैठक मंगलवार को प्योंगयांग में सत्तारूढ़ वर्कर्स पार्टी ऑफ कोरिया की स्थापना की 80वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में आयोजित की गई। लाओस के राष्ट्रपति की नॉर्थ कोरिया की यात्रा के दौरान ये आयोजन हुआ।
Created On :   8 Oct 2025 8:08 AM IST












