Breaking News: आज की बड़ी खबरें 10 अगस्त 2025 हिंदी न्यूज लाइव

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। देश दुनिया में आज क्या घटा खास। जानिए दिनभर की तमाम बड़ी खबरें।
Live Updates
- 10 Aug 2025 12:48 PM IST
डिप्टी सीएम विजय कुमार सिन्हा ने पेश की सफाई, तेजस्वी यादव ने लगाया था 2 EPIC नंबर होने का आरोप
आरजेडी नेता तेजस्वी यादव द्वारा लगाए गए आरोपों पर बिहार के उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने अपनी ओर से सफाई पेश की है। उन्होंने मीडिया से बात करते हुए कहा कि पहले मेरे पूरे परिवार का नाम पटना में दर्ज था। अप्रैल 2024 में मैंने लखीसराय विधानसभा में नाम जुड़वाने के लिए आवेदन दिया था। वहां से नाम हटवाने के लिए भी फॉर्म भरा था। मेरे पास सबूत हैं। किसी कारणवश मेरा नाम नहीं हटा तो मैंने बीएलओ को फोन करके लिखित आवेदन दिया और रसीद ली। मेरे पास दोनों दस्तावेज हैं। मेरा नाम हटाने का फॉर्म खारिज कर दिया गया। मैं एक ही जगह से वोट करता हूं।
- 10 Aug 2025 12:29 PM IST
तेजस्वी यादव का डिप्टी सीएम सिन्हा पर गंभीर आरोप
बिहार विधानसभा चुनाव जैसे-जैसे पास आ रहा है वैसे-वैसे सियासी हलचल तेज होती जा रही है। चुनावी राज्य में स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) को लेकर विवाद खत्म होने का नाम ही नहीं ले रहा है। इस बीच रविवार (10 अगस्त) को बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष और आरजेडी नेता तेजस्वी यादव ने उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा पर गंभीर आरोप लगाए हैं। यह बयान SIR ड्राफ्ट वोटर लिस्ट को लेकर दिया गया है। तेजस्वी यादव ने कहा कि SIR ड्राफ्ट वोटर लिस्ट में डिप्टी सीएम के नाम दो जगह हैं और उनके पास दो EPIC कार्ड भी हैं। बस इतना ही नहीं बल्कि आरजेडी नेता ने इसका सबूत भी दिखाया। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कुछ तस्वीरें शेयर कीं जिसमें उपमुख्यमंत्री का नाम दो जगह देखा जा सकता है।
- 10 Aug 2025 12:17 PM IST
बिहार में आज का मौसम कैसा रहेगा?
बिहार में आज तेज बारिश होने की संभावना है। आईएमडी ने मूसलाधार बारिश का अलर्ट जारी किया है। दरभंगा, किशनगंज, सुपौल, सीतामढ़ी, मधुबनी, अररिया, मधेपुरा, कटिहार, मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर, बेगूसराय, पूर्णिया, में तेज हवा के साथ बारिश होने की भारी संभावना जताई गई है।
- 10 Aug 2025 11:51 AM IST
बेटे ने खरीदी वहीं बिल्डिंग, जहां पिता धोते थे प्लेटें,संघर्ष से स्टारडम तक सुनील शेट्टी की कहानी
बॉलीवुड में कुछ सितारे ऐसे होते हैं जिनकी चमक सिर्फ पर्दे तक सीमित नहीं होती, बल्कि उनके पीछे का संघर्ष भी उन्हें औरों से अलग बनाता है। ऐसे ही एक अभिनेता हैं सुनील शेट्टी, जो न सिर्फ एक सफल अभिनेता हैं, बल्कि एक बेहतरीन इंसान, बिजनेस टायकून और सोशल वर्कर भी हैं। वह दमदार फिजीक, गहरी आवाज और एक्शन से भरपूर किरदारों के लिए पहचाने जाते हैं। उन्होंने 90 के दशक में बॉलीवुड में अपनी अलग पहचान बनाई। लेकिन उनकी जिंदगी की सबसे खास बात सिर्फ एक सुपरस्टार बनना नहीं, बल्कि अपने पिता के संघर्ष को मान देना है।
- 10 Aug 2025 11:31 AM IST
यूक्रेन संकट के समाधान में यूरोप के हितों की भी रक्षा होनी चाहिए- यूरोपीय नेता
रूस और यूक्रेन के बीच चल रही जंग को समाप्त करने की कवायद चल रही है। अमेरिका इसके लिए मध्यस्थ की भूमिका निभाना चाहता है। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और रूस के राष्ट्रपति ब्लादिमीर पुतिन के बीच जल्द मुलाकात होने वाली है।
- 10 Aug 2025 11:14 AM IST
पीएम मोदी 11 अगस्त को करेंगे सांसदों के लिए बने 184 नए बहुमंजिला फ्लैट्स का उद्घाटन, सिंदूर का पौधा भी लगाएंगे
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 11 अगस्त को सुबह 10 बजे नई दिल्ली में बाबा खरक सिंह मार्ग पर सांसदों के लिए निर्मित 184 नए टाइप-7 बहुमंजिला फ्लैट्स का उद्घाटन करेंगे। इस अवसर पर, प्रधानमंत्री मोदी आवासीय परिसर में सिंदूर का पौधा लगाएंगे। इसके साथ ही वे श्रमजीवियों से संवाद करेंगे और उपस्थित जनसमूह को संबोधित भी करेंगे।
- 10 Aug 2025 10:58 AM IST
ऑपरेशन सिंदूर के दौरान मिला फ्री हैंड, पहली बार देखा राजनीतिक स्पष्टता का ऐसा उदाहरण सेनाध्यक्ष
ऑपरेशन सिंदूर के दौरान सशस्त्र बलों को खुली छूट दी गई थी। सेना को फ्री हैंड दिया गया था कि जो करना है, आप तय करें। यह बात भारतीय सेनाध्यक्ष जनरल उपेंद्र द्विवेदी ने कही है। सेनाध्यक्ष का कहना है कि ऑपरेशन सिंदूर के दौरान राजनीतिक दिशा और स्पष्टता का ऐसा उदाहरण रहा, जो हमने पहली बार देखा।
- 10 Aug 2025 10:35 AM IST
दिल्ली के चाणक्यपुरी इलाके में थार गाड़ी ने कहर मचाया, एक व्यक्ति की मौत
दिल्ली के चाणक्यपुरी इलाके में थार गाड़ी ने कहर मचाया है। रविवार को तेज रफ्तार गाड़ी ने दो लोगों को टक्कर मारी, जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई। राष्ट्रपति भवन से 2 किलोमीटर की दूरी पर तालकटोरा स्टेडियम के सामने यह घटना हुई।
- 10 Aug 2025 10:29 AM IST
पीएम मोदी के बेंगलुरु दौरे को लेकर स्कूल-कॉलेज के छात्राओं में दिखा उत्साह
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार को कर्नाटक के दौरे पर होंगे, जहां वे बेंगलुरु के केएसआर रेलवे स्टेशन से तीन वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। इससे क्षेत्र में रेल कनेक्टिविटी को बढ़ावा मिलेगा और यात्रा सुविधाएं बेहतर होंगी।
- 10 Aug 2025 10:18 AM IST
यमन में सरकारी बलों ने नाकाम किया हूती हमला, तीन हूती विद्रोदी मारे गए
यमन के सरकारी बलों ने दक्षिणी यमन के धालिया प्रांत में हूती समूह के बड़े हमले को नाकाम कर दिया और इस दौरान तीन हूती लड़ाकों को मार गिराया। एक सैन्य अधिकारी ने समाचार एजेंसी सिन्हुआ को यह जानकारी दी। एक अधिकारी ने नाम न छापने की शर्त पर सिन्हुआ को बताया कि हुती विद्रोहियों ने उत्तरी धालिया के बाब घालक क्षेत्र में सरकारी रक्षा पंक्तियों को तोड़ने के लिए भारी तोपों का इस्तेमाल किया, जिससे हूती लड़ाकों और सरकारी बलों के बीच तेज लड़ाई शुरू हो गई।
Created On :   10 Aug 2025 8:00 AM IST