Breaking News: आज की बड़ी खबरें 10 जुलाई 2025 हिंदी न्यूज लाइव

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। देश दुनिया में आज क्या घटा खास। जानिए दिनभर की तमाम बड़ी खबरें।
Live Updates
- 10 July 2025 6:08 PM IST
PACL कंपनी का मालिक गुरनाम सिंह गिरफ्तार, EOW की बड़ी कार्रवाई
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से आर्थिक अपराध शाखा ने करोड़ों रुपये की ठगी के आरोपी और PACL कंपनी के मालिक गुरनाम सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। ईओडब्ल्यू की इस गिरफ्तारी को निवेशकों के लिए बड़ी राहत और कानून-व्यवस्था की बड़ी सफलता माना जा रहा है।
- 10 July 2025 6:00 PM IST
सोना-चांदी खरीदना हुआ महंगा, कीमतें 900 रुपए से अधिक बढ़ी
सोना-चांदी की कीमतों में गुरुवार को बढ़त देखने को मिली। 24 कैरेट के सोने की कीमतों में 961 रुपए प्रति 10 ग्राम और चांदी की कीमत में 654 रुपए प्रति किलो की बढ़त हुई है। इंडिया बुलियन ज्वेलर्स एसोसिएशन (आईबीजेए) द्वारा शाम को जारी की गई कीमतों के मुताबिक, 24 कैरेट के सोने की कीमत 961 रुपए बढ़कर 97,046 रुपए प्रति 10 ग्राम हो गई है, जो कि गुरुवार को यह 96,085 रुपए प्रति 10 ग्राम थी।
- 10 July 2025 5:49 PM IST
हरियाणा तालाब में डूबने से एक ही परिवार के तीन बच्चों की मौत
हरियाणा के कैथल जिले में एक ही परिवार के तीन बच्चों की तालाब में डूबकर मौत हो गई। तीनों बच्चे रोज की तरह बाकि बच्चों के साथ घर से बाहर खेलने के लिए निकले थे। इस दौरान तीनों बच्चे गंदे पानी के तालाब के पास पहुंच गए। यहां पैर फिसलने से हादसे के शिकार हो गए।
- 10 July 2025 5:45 PM IST
बर्थडे स्पेशल टीवी के 'रावण' से 'हीरो' तक, जानिए संघर्षों से सजी पारस छाबड़ा की कहानी
हर चमकते चेहरे के पीछे संघर्ष की एक कहानी होती है। 11 जुलाई... यह तारीख टीवी इंडस्ट्री के उस चेहरे का जन्मदिन है, जिसने अपनी मेहनत और हौसलों से गुमनामी की गलियों से निकलकर ग्लैमर की दुनिया में पहचान बनाई, नाम है पारस छाबड़ा। रियलिटी शोज की दुनिया से लेकर पौराणिक किरदारों तक, पारस ने हर किरदार में खुद को साबित किया और साबित किया कि अगर इरादे बुलंद हों, तो किस्मत भी घुटनों पर होती है।
- 10 July 2025 5:35 PM IST
नोएडा पेंट फैक्ट्री में ब्लास्ट, 5 मजदूर झुलसे, अस्पताल में भर्ती
नोएडा की एक पेंट फैक्ट्री में ब्लास्ट होने की वजह से पांच मजदूर बुरी तरह झुलस गए, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। ब्लास्ट अचानक एक मिक्सिंग टैंक में हुआ। घायलों की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक, जब टैंक में आग लगने लगी तो मजदूरों ने इसे बाहर निकालने की कोशिश की, लेकिन अचानक इसमें ब्लास्ट हो गया। यह हादसा थाना फेज-1 क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली पेंट फैक्ट्री में हुआ।
- 10 July 2025 5:31 PM IST
शासकीय स्कूल के 6 कमरों में डेढ़ साल से कब्जे का विवाद
शासकीय स्कूल रघुराज क्रमांक एक व दो के बीच 6 कमरों में कब्जे का विवाद डेढ़ साल में नहीं सुलझा। इस बीच जनजातीय कार्य विभाग के सहायक आयुक्त को 6 से ज्यादा पत्र लिखकर समस्या से अवगत कराया गया फिर भी समाधान नहीं निकला। रघुराज हायरसेकेंडरी के दोनों विद्यालय एक ही कैंपस में संचालित होती थी। दो साल पहले पीएमश्री शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय रघुराज क्रमांक 1 के लिए नया भवन तैयार हुआ और विद्यालय का संचालन नए भवन में होने भी लगा पर क्रमांक एक प्रबंधन ने पुराने परिसर में 6 कमरों में ताला जड़ दिया और यह कहकर कब्जा नहीं छोड़ा जा रहा है कि उनको नए भवन में भी कमरों की कमीं पड़ रही है।
- 10 July 2025 5:20 PM IST
ट्रेन में इलेक्ट्रिक हीटर और कड़ाही उपयोग करते पकड़ाया पेन्ट्रीकार मैनेजर
आरपीएफ अपराध गुप्तचर शाखा, दपूमरे, नागपुर के अधिकारियों ने ट्रेन नंबर 12879 (एलटीटी-भुवनेश्वर एक्सप्रेस) के पैंट्री कार में फायर सेफ्टी ड्राइव के दौरान जांच की। इस दौरान सहायक पैंट्री कार मैनेजर नागेंद्र शर्मा ( 42) निवासी मध्य प्रदेश को रेलवे द्वारा प्रतिबंधित इलेक्ट्रॉनिक हीटर और कड़ाही का उपयोग करते हुए खाद्य सामग्री तैयार करते पकड़ा । पूछताछ में नागेंद्र शर्मा ने बताया कि खाद्य सामग्री को जल्दी तैयार करने के लिए हीटर का उपयोग किया गया। रेसुब अधिकारियों ने मौके पर गवाहों की उपस्थिति में जब्ती पत्र तैयार कर प्रतिबंधित हीटर और कड़ाही, जिनकी अनुमानित कीमत 6,000 रुपये है, को जब्त किया। इस कार्य को रेल अधिनियम की धारा 164 और 153 के तहत अपराध मानते हुए, नागपुर मंडल के गोंदिया को मामला सौंपा गया। इसके आधार पर नागेंद्र शर्मा के खिलाफ अपराध क्रमांक 2323/25 दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू की गई।
- 10 July 2025 5:10 PM IST
वैशाली में ‘प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना’ ने बदली गांव की तस्वीर, लोगों ने पीएम मोदी का जताया आभार
‘प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना’ के तहत बिहार के वैशाली जिले के महनार प्रखंड के महिंदवारा पंचायत की वार्ड संख्या 13 में पक्की सड़क का निर्माण स्थानीय लोगों के लिए बड़ी राहत लेकर आया है। वर्षों से कच्ची सड़क की समस्या झेल रहे लोगों को अब बेहतर आवागमन की सुविधा मिलेगी, जिससे उनकी दिनचर्या और आर्थिक गतिविधियों में सुधार होगा। स्थानीय लोगों की खुशी और पीएम मोदी के प्रति उनका आभार इस योजना की सफलता को दर्शाता है।
- 10 July 2025 5:00 PM IST
कर्नाटक उच्च न्यायालय ने MUDA में अवैध भूमि आवंटन घोटाले के संबंध में मुख्यमंत्री सिद्धारमैया की पत्नी को नोटिस जारी करने का आदेश
कर्नाटक उच्च न्यायालय ने MUDA में अवैध भूमि आवंटन घोटाले के संबंध में मुख्यमंत्री सिद्धारमैया की पत्नी को नोटिस जारी करने का आदेश दिया है। उच्च न्यायालय की खंडपीठ ने आज मुख्यमंत्री सिद्धारमैया द्वारा दायर उस अपील पर सुनवाई की जिसमें राज्यपाल द्वारा MUDA घोटाले की जांच की अनुमति को चुनौती दी गई थी। उच्च न्यायालय की खंडपीठ ने सुनवाई 4 सितंबर तक के लिए स्थगित कर दी है।
- 10 July 2025 4:51 PM IST
पहले सेशन का खेल जारी, इंग्लैंड को 50 रन के अंदर लगे दो झटके
भारत और इंग्लैंड के बीच चल रही एंडरसन-तेंदुलकर ट्रॉफी का तीसरा टेस्ट लंदन के लॉर्ड्स क्रिकेट ग्राउंड में खेला जा रहा है। इंग्लैंड के कप्तान बेन स्टोक्स ने टॉस जीतकर बैटिंग चुनी है। पहले सेशन का खेल जारी है। इंग्लैंड ने दो विकेट पर 44 रन बना लिए हैं। नीतीश रेड्डी ने अपने पहले ही ओवर में दो विकेट झटके।
Created On :   10 July 2025 8:00 AM IST












