Breaking News: आज की बड़ी खबरें 12 अगस्त 2025 हिंदी न्यूज लाइव

आज की बड़ी खबरें 12 अगस्त 2025 हिंदी न्यूज लाइव
12 अगस्त 2025 दैनिक भास्कर में आज की ताजा बड़ी खबरें, दुनिया, देश, राजनीति, खेल, मनोरंजन, व्यापार, टेक्नोलॉजी, शिक्षा, जुर्म, जीवन शैली एवं राशिफल की हिंदी न्यूज़ पढ़ें

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। देश दुनिया में आज क्या घटा खास। जानिए दिनभर की तमाम बड़ी खबरें।

Live Updates

  • 12 Aug 2025 7:04 PM IST

    अनीता हसनंदानी ने दोस्त ऐश्वर्या खरे का लिया पक्ष, कहा- 'मैं अपनी दोस्त के लिए लड़ूंगी'

    अभिनेत्री अनीता हसनंदानी इन दिनों रियलिटी शो 'छोरियां चाली गांव' को लेकर सुर्खियों में बनी हुई हैं। शो में अभिनेत्री ने दोस्ती की मिसाल पेश की। हालिया एपिसोड में अनीता ने अपनी करीबी दोस्त ऐश्वर्या खरे की गैरमौजूदगी में उनका पक्ष लेते हुए कहा, "मैं अपनी दोस्त के लिए लड़ूंगी।"

  • 12 Aug 2025 6:55 PM IST

    एसआईआर पर विपक्ष का मकसद सड़क पर हंगामा करके सिर्फ राजनीतिक लाभ उठाना तरुण चुघ

    बिहार मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) और ईसीआई के खिलाफ विपक्ष के प्रदर्शन को भाजपा नेता तरुण चुघ ने राजनीतिक लाभ पाने की कोशिश करार दिया है। उन्होंने कांग्रेस और उसके सहयोगियों पर आरोप लगाया कि वे एक स्वतंत्र संस्था को बदनाम कर रहे हैं जो ठीक नहीं है।

  • 12 Aug 2025 6:50 PM IST

    फतेहपुर विवाद सपा सांसद नरेश उत्तम ने भाजपा पर लगाया सांप्रदायिक सौहार्द को बिगाड़ने का आरोप

    यूपी के फतेहपुर में मकबरे में हुई तोड़फोड़ को लेकर सियासत तेज हो गई है। समाजवादी पार्टी (सपा) के सांसद नरेश उत्तम पटेल ने इस घटना के लिए भाजपा कार्यकर्ताओं को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने कहा कि भाजपा नेताओं ने सांप्रदायिक सौहार्द को बिगाड़ कर एक निंदनीय कार्य किया है। सपा सांसद नरेश उत्तम पटेल ने मंगलवार को मीडिया से बात करते हुए कहा, "फतेहपुर में 11 अगस्त को 300 साल पुराने मकबरे को तोड़ा गया, जो सरकारी धरोहर है और एएसआई के अधीन आता है। भाजपा के कार्यकर्ता और नेता कुछ असामाजिक तत्वों को लेकर मकबरे पर चढ़ गए। इसके बाद उन्होंने मजारें तोड़ी और मकबरे पर झंडा भी फहराया।"

  • 12 Aug 2025 6:35 PM IST

    फतेहपुर की घटना सुनियोजित और निंदनीय, कार्रवाई नाकाफी आराधना मिश्रा

    उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में मंदिर-मस्जिद विवाद को लेकर प्रदेश की सियासत गर्म हो गई है। कांग्रेस विधायक आराधना मिश्रा ने इसे दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि यह घटना सुनियोजित और प्रायोजित है। आज यह बात भी स्पष्ट हो गई है। उन्होंने कहा कि विपक्ष ने जब विधानसभा में इस मुद्दे को उठाया तो संसदीय कार्य मंत्री ने बताया कि पुलिस ने इस मामले में कार्रवाई की है। मैं इस कार्रवाई का स्वागत करती हूं। लेकिन, अधूरी कार्रवाई नाकाफी है। लोगों के खिलाफ जो एफआईआर की गई, उसमें से प्रमुख आरोपी भारतीय जनता पार्टी का जिलाध्यक्ष है, उसका नाम क्यों छोड़ दिया गया? मतलब साफ है कि सरकार ऐसी घटना को अंजाम देने वालों को संरक्षित करने का काम कर रही है।

  • 12 Aug 2025 6:26 PM IST

    चीन को टक्कर देगा भारत, कैबिनेट ने चार सेमीकंडक्टर मैन्युफैक्चरिंग यूनिट्स को दी मंजूरी; 4,600 करोड़ रुपए का निवेश होगा

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में कैबिनेट ने मंगलवार को इंडिया सेमीकंडक्टर मिशन (आईएसएम) के तहत चार नई सेमीकंडक्टर यूनिट्स को मंजूरी दी है। इनमें करीब 4,600 करोड़ रुपए का निवेश होगा। जिन चार कंपनियों के सेमीकंडक्टर यूनिट्स को मंजूरी दी गई है, उनमें सिकसेम(एसआईसीएसईएम), कॉन्टिनेंटल डिवाइस इंडिया प्राइवेट लिमिटेड (सीडीआईएल), 3डी ग्लास सॉल्यूशंस इंक और एडवांस्ड सिस्टम इन पैकेज (एएसआईपी) टेक्नोलॉजीज का नाम शामिल है।

  • 12 Aug 2025 6:19 PM IST

    यूक्रेन ने रूस के हीलियम प्लांट को बनाया निशाना

    रूस की संघीय सुरक्षा सेवा (एफएसबी) ने मंगलवार को बताया कि मॉस्को में रक्षा मंत्रालय के एक टॉप अधिकारी को निशाना बनाने की आतंकी साजिश को नाकाम कर दिया गया। जानकारी के अनुसार, दोहरी नागरिकता रखने वाले एक रूसी-यूक्रेनी नागरिक को गिरफ्तार किया गया, जो एक कार में छिपाए गए 60 किलो से अधिक विस्फोटकों से हमला करने की योजना बना रहा था। यह कार बम उस समय विस्फोट करने की योजना थी, जब अधिकारी वहां से गुजर रहे हों।

  • 12 Aug 2025 6:10 PM IST

    वृंदावन छत्तीसगढ़ कुंज में भक्तों को भागवत कथा का रसपान कराएंगे जगद्गुरु रामभद्राचार्य

    नगर की पंचकोसी परिक्रमा मार्ग स्थित छत्तीसगढ़ कुंज में 13 अगस्त बुधवार से 19 अगस्त तक भागवत कथा एवं जन्माष्टमी महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। इसके संबंध में एक प्रेस वार्ता का आयोजन छत्तीसगढ़ कुंज आश्रम में मंगलवार को आयोजित किया गया। इसमें जानकारी देते हुए आश्रम के उत्तराधिकारी महंत रामचंद्र दास महाराज ने बताया कि साकेतवासी पूज्य रामबलिदास महाराज की पावन स्मृति में ठाकुर उत्सव का आयोजन किया जा रहा है।

  • 12 Aug 2025 6:00 PM IST

    सपा ने पप्पू सिंह चौहान को किया निष्कासित, पार्टी विरोधी गतिविधियों का दिया हवाला

    समाजवादी पार्टी ने फतेहपुर की घटना के बाद पप्पू सिंह चौहान को पार्टी से बाहर कर दिया है। समाजवादी पार्टी के फतेहपुर जिला अध्यक्ष सुरेंद्र प्रताप सिंह ने पप्पू सिंह चौहान के खिलाफ यह कार्रवाई की। सोमवार को फतेहपुर में कुछ लोगों ने एक विवादित मकबरे को ध्वस्त किया था। इस घटना में कथित तौर पर पप्पू सिंह चौहान भी शामिल थे। समाजवादी पार्टी ने यह कहकर पप्पू सिंह चौहान को निष्कासित किया है कि वह पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल थे। सपा जिला अध्यक्ष सुरेंद्र प्रताप सिंह ने समाजवादी पार्टी की उत्तर प्रदेश इकाई के अध्यक्ष को एक पत्र लिखा, जिसमें उन्हें पप्पू सिंह चौहान को निष्कासित करने की जानकारी दी। सुरेंद्र प्रताप सिंह ने लिखा, "पप्पू सिंह चौहान को पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल होने के कारण पार्टी से निष्कासित कर दिया गया है।"

  • 12 Aug 2025 5:35 PM IST

    बिहार एसआईआर मामला पप्पू यादव ने कहा, 'लोगों के अधिकारों की चोरी, देश की आत्मा पर हमला'

    एसआईआर मुद्दे पर 'इंडिया' ब्लॉक के दल एकजुट नजर आ रहे हैं। वे चुनाव आयोग पर कथित तौर पर वोट चोरी का आरोप लगा रहे हैं। पूर्णिया से निर्दलीय सांसद एवं कांग्रेस नेता पप्पू यादव ने मंगलवार को सरकार पर देश की आत्मा पर हमला करने का आरोप लगाया। कांग्रेस नेता पप्पू यादव ने कहा, "लोगों के अधिकार की चोरी करना देश की आत्मा पर हमला है। चुनाव आयोग ने आज के समय में रावण को भी पीछे छोड़ दिया है। आयोग ने वोट की चोरी करके एक व्यक्ति को देश का प्रधानमंत्री बनाया, न कि वे जनता के वोट से प्रधानमंत्री बने।

  • 12 Aug 2025 5:29 PM IST

    गौतमबुद्ध नगर में बुधवार को भाकियू की 'तिरंगा बाइक रैली', किसानों ने तैयारियां की पूरी

    संयुक्त किसान मोर्चा के आह्वान पर बुधवार को पूरे देश में 'तिरंगा रैली' आयोजित की जाएगी। इसी कड़ी में भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) की ओर से गौतमबुद्ध नगर में भी विशाल 'तिरंगा बाइक रैली' निकाली जाएगी। इस रैली की तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक झाड़े वाले मंदिर (परी चौक) के पास ग्रेटर नोएडा में आयोजित हुई, जिसकी अध्यक्षता राजाराम नंबरदार ने की और संचालन रॉबिन नागर ने किया।

Created On :   12 Aug 2025 8:00 AM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story