Breaking News: आज की बड़ी खबरें13 अगस्त 2025 हिंदी न्यूज लाइव

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। देश दुनिया में आज क्या घटा खास। जानिए दिनभर की तमाम बड़ी खबरें।
Live Updates
- 13 Aug 2025 5:16 PM IST
दुर्भाग्यपूर्ण है कि विपक्ष ने सदन नहीं चलने दिया- गुलाम अली खटाना
भाजपा सांसद गुलाम अली खटाना ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी की ओर से चुनाव आयोग पर बार-बार आरोप लगाए जाने पर कड़ी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि यह बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है कि विपक्ष ने सदन की कार्रवाई को बार-बार बाधित किया।
- 13 Aug 2025 4:58 PM IST
असम चुनाव आयोग ने बोडोलैंड प्रादेशिक परिषद की अंतिम मतदाता सूची की जारी
असम राज्य चुनाव आयोग ने बोडोलैंड प्रादेशिक क्षेत्र (बीटीआर) के 40 निर्वाचन क्षेत्रों के लिए अंतिम मतदाता सूची बुधवार को जारी कर दी है। यह सूची असम सरकार की परिसीमन अधिसूचना के तहत बीटीआर में शामिल किए गए 81 नए गांवों को शामिल करते हुए तैयार की गई है।
- 13 Aug 2025 4:51 PM IST
'INDIA' फिर EC के खिलाफ सड़कों पर उतरने को तैयार, कांग्रेस ने किया एलान, कौन-कौन होगा मार्च में शामिल? जानें
बिहार में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) का मुद्दा तूल पकड़ता जा रहा है। कांग्रेस ने एक बार फिर चुनाव आयोग के खिलाफ सड़कों पर उतरने की तैयारी कर ली है। कांग्रेस सांसद केसी वेणुगोपाल ने बुधवार (13 अगस्त) को बताया कि वह एसआईआर के खिलाफ 17 अगस्त से लेकर 1 सितंबर तक यात्रा निकालेंगे। यह यात्रा सासाराम से शुरू होगी और बिहार की राजधानी पटना तक जाएगी। सांसद ने यह भी बताया कि इस यात्रा में कौन-कौन शामिल होगा? इसमें लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, बिहार विधानसभा में विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव भी हिस्सा लेंगे। इससे यह तो साफ नजर आ रहा है कि INDI गठबंधन इतने जल्दी हार मानने वाला नहीं है।
- 13 Aug 2025 4:11 PM IST
पेइचिंग 2025 विश्व रोबोट सम्मेलन संपन्न
विश्व रोबोट सम्मेलन- 2025, चीन की राजधानी पेइचिंग में संपन्न हुआ, जो 8 से 12 अगस्त तक आयोजित किया गया। इस वर्ष के सम्मेलन में 220 प्रतिष्ठित घरेलू और अंतर्राष्ट्रीय रोबोटिक्स कंपनियों के 1,569 उत्पाद प्रदर्शित किए गए।
- 13 Aug 2025 4:00 PM IST
आईसीसी टी20 रैंकिंग टिम डेविड की लंबी छलांग, अभिषेक शर्मा शीर्ष पर बरकरार
आईसीसी ने बुधवार को टी20 की ताजा रैंकिंग जारी की। इस रैंकिंग में सबसे ज्यादा फायदा ऑस्ट्रेलिया के विस्फोटक बल्लेबाज टिम डेविड को हुआ है। वह टॉप में आ गए हैं। वहीं, भारतीय अभिषेक शर्मा शीर्ष पर कायम हैं। दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ खेली जा रही तीन टी20 मैचों की सीरीज के पहले दो मैचों में टिम डेविड का बल्ला जमकर बोला है। डेविड ने पहले मैच में 52 गेंद पर 83 रन की पारी खेली थी। वहीं, दूसरे मैच में उन्होंने 24 गेंद पर 50 रन की पारी खेली थी। दोनों पारियों की वजह से उन्होंने आईसीसी रैंकिंग में बड़ी छलांग लगाई है। छह स्थान की छलांग लगाते हुए वह 10वें स्थान पर पहुंच गए हैं।
- 13 Aug 2025 3:55 PM IST
झारखंड कांग्रेस प्रभारी के. राजू बोले, ‘वोट चोरी’ के खिलाफ अभियान चलाएगी कांग्रेस
झारखंड कांग्रेस के प्रभारी के. राजू ने सोमवार को रांची में कहा कि कांग्रेस और ‘इंडिया’ गठबंधन की पार्टियां देशभर में वोटर लिस्ट में गड़बड़ियों और 'वोट चोरी' के खिलाफ व्यापक अभियान चलाएंगी। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा को चुनाव आयोग का पूरा समर्थन मिल रहा है और चुनावी प्रक्रिया में पारदर्शिता खत्म की जा रही है। राजू ने बुधवार को रांची पहुंचने के बाद मीडिया से बात करते हुए कहा, “राहुल गांधी ने देश के सामने सबूत रखे हैं कि कैसे एक विधानसभा क्षेत्र में एक लाख वोट चोरी किए गए। उनके प्रेजेंटेशन में कई जगह डुप्लीकेट और फर्जी वोट मिले हैं, यहां तक कि एक घर में 100 से ज्यादा वोट दर्ज हैं। अब देश भर में प्रदेश कांग्रेस कमेटियां जागरूकता बढ़ाने और भविष्य में ऐसी गड़बड़ियां रोकने के लिए अभियान चलाएंगी।”
- 13 Aug 2025 3:50 PM IST
कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने ‘वोट चोरी’ के मुद्दे पर कहा- लोकतंत्र को नष्ट किया जा रहा है
बिहार में ‘वोट चोरी’ का मुद्दा विपक्षी दलों की ओर से जोर-शोर से उठाया जा रहा है। कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने राजद नेता तेजस्वी यादव के आरोपों का समर्थन करते हुए दावा किया है कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और चुनाव आयोग के बीच सांठगांठ है, जिसके जरिए वोटर लिस्ट में धांधली की जा रही है और लोकतंत्र को नष्ट किया जा रहा है। कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने आईएएनएस से बातचीत में कहा कि सब कुछ सामने आ रहा है कि कैसे भाजपा ने अपने कार्यकर्ताओं के बीच वोट बांटे हैं। भाजपा की चुनावी मशीनरी के बिना यह गठजोड़ संभव नहीं था। यह चुनाव और भाजपा के बीच मिलीभगत, व्यवस्था में हेरफेर, वोट चुराने के साथ यह लोकतंत्र को नष्ट करना चाहते हैं।
- 13 Aug 2025 3:48 PM IST
'लोकसभा को तत्काल किया जाए भंग', चुनाव आयोग के बयान का जिक्र कर अभिषेक बनर्जी ने कर दी बड़ी मांग
तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के सांसद अभिषेक बनर्जी ने चुनाव आयोग (ईसीआई) और सरकार पर हमला बोला। उन्होंने 2024 में हुए आम चुनाव में अनियमितताओं का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग के बयान के अनुसार, इस देश के लोगों के साथ विश्वासघात किया गया है। टीएमसी सांसद अभिषेक बनर्जी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, "चुनाव आयोग ने कहा है कि विभिन्न राज्यों की मतदाता सूचियां, जिनके आधार पर बमुश्किल एक साल पहले यानी 2024 में आम चुनाव हुए थे, त्रुटिपूर्ण और अनियमितताओं से भरी हैं। अगर वाकई ऐसा है और अगर भारत सरकार चुनाव आयोग के आकलन से सहमत है, तो एक वास्तविक 'एसआईआर' लागू करने और उच्च नैतिक आधार पर खड़े होने की दिशा में पहला कदम लोकसभा को तत्काल भंग करना है।"
- 13 Aug 2025 3:40 PM IST
ग्रेटर नोएडा में किसानों की तिरंगा बाइक रैली, सिरसा टोल तक गूंजे भारत माता के जयकारे
संयुक्त किसान मोर्चा के आह्वान पर 13 अगस्त को संपूर्ण भारत में तिरंगा रैली आयोजित की गई। इसी क्रम में भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) गौतम बुद्ध नगर इकाई ने विशाल बाइक रैली का आयोजन किया, जिसमें सैकड़ों की संख्या में किसान राष्ट्रीय ध्वज थामे जोश और देशभक्ति के साथ शामिल हुए। यह रैली ग्रेटर नोएडा के जीरो प्वाइंट से शुरू होकर यमुना विकास प्राधिकरण, पी-3 गोल चक्कर और कसाना होते हुए पेरीफेरल रोड पर स्थित रामपुर सिरसा टोल तक पहुंची, जहां इसका समापन हुआ। रैली के दौरान पूरे मार्ग पर किसानों का उत्साह देखने लायक था। जगह-जगह लोगों ने भारत माता की जय और वंदे मातरम के नारों से माहौल को देशभक्ति के रंग में रंग दिया।
- 13 Aug 2025 3:25 PM IST
रूसी रक्षा मंत्रालय का दावा, ट्रंप-पुतिन की वार्ता को विफल करने की योजना बना रहा यूक्रेन
रूसी रक्षा मंत्रालय ने बुधवार को यूक्रेनी सरकार पर बड़ा आरोप लगाया है। मंत्रालय ने दावा किया है कि कीव 15 अगस्त को अलास्का में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और उनके रूसी समकक्ष व्लादिमीर पुतिन के बीच होने वाली बैठक को बाधित करने के लिए योजना बना रहा है। टेलीग्राम पर एक पोस्ट में, रूसी रक्षा मंत्रालय ने कहा, "कई माध्यमों से मिली जानकारी से पता चला है कि कीव सरकार 15 अगस्त 2025 को होने वाली रूसी-अमेरिकी वार्ता को विफल करने के लिए तैयारी कर रहा है।"
Created On :   13 Aug 2025 8:00 AM IST