Breaking News: आज की बड़ी खबरें13 अगस्त 2025 हिंदी न्यूज लाइव

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। देश दुनिया में आज क्या घटा खास। जानिए दिनभर की तमाम बड़ी खबरें।
Live Updates
- 13 Aug 2025 12:55 PM IST
सागर धनकड़ हत्या मामले में सुप्रीम कोर्ट ने सुशील कुमार की जमानत रद्द की
ओलंपिक पदक विजेता पहलवान सुशील कुमार को देश की सर्वोच्च अदालत से झटका लगा है। शीर्ष अदालत ने जूनियर पहलवान सागर धनखड़ की हत्या मामले में सुशील कुमार की जमानत रद्द कर दी है।
- 13 Aug 2025 12:37 PM IST
'हर घर तिरंगा' में बढ़चढ़ कर हिस्सा ले रही कर्नाटक भाजपा, बताया गर्व का विषय
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर देशभर में 'हर घर तिरंगा' अभियान चल रहा है। इसके अंतर्गत सरकार 13 से 15 अगस्त के बीच अपने घरों और कार्यस्थलों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने के लिए लोगों को प्रोत्साहित कर रही है। कर्नाटक भाजपा के तमाम नेताओं ने भी हर घर तिरंगा अभियान में भाग लिया।
- 13 Aug 2025 12:31 PM IST
दौसा सड़क हादसा घायलों का हाल जानने पहुंचे किरोड़ी लाल मीणा, हर संभव मदद करने को कहा
राजस्थान के दौसा जिले में बुधवार को एक भीषण सड़क हादसे में 11 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई घायल हो गए। राजस्थान के कैबिनेट मंत्री एवं वरिष्ठ भाजपा नेता किरोड़ी लाल मीणा ने घायलों का हाल जानने के लिए पहुंचकर हर संभव मदद की बात कही।
- 13 Aug 2025 12:15 PM IST
गरीबों के अधिकार हनन पर विपक्ष जरूर उठाएगा आवाज पप्पू यादव
बिहार के पूर्णिया लोकसभा सीट से सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू ने विपक्ष की भूमिका पर कहा कि विपक्ष का कर्तव्य गरीबों के अधिकारों की रक्षा, संविधान और लोकतांत्रिक मूल्यों की सुरक्षा, और गलत परंपराओं के खिलाफ आवाज उठाना है।
- 13 Aug 2025 12:05 PM IST
यमन के हूती ग्रुप का दावा, चार इजरायली शहरों पर ड्रोन हमले किए
यमन के हूती समूह ने बताया है कि इजरायल के शहरों हाइफा, नेगेव, इलियट और बीर शेवा को निशाना बनाकर चार ड्रोन हमले किए गए। याह्या सरिया, हूती समूह के सैन्य प्रवक्ता, ने अल-मसीरा टीवी पर प्रसारित बयान में दावा किया कि छह ड्रोनों से किए गए हमलों ने अपने उद्देश्यों को सफलतापूर्वक हासिल किया।
- 13 Aug 2025 11:50 AM IST
हिमाचल के कांगड़ा में पिस्तौल की नोक पर नाबलिग लड़की का अपहरण
हिमाचल प्रदेश के जिला कांगड़ा के जवाली उपमंडल में भाई के साथ ट्रैक्टर पर घर जा रही नाबालिग लड़की को अगवा कर लिया है। डीएसपी जवाली वीरी सिंह ने स्वयं इसकी पुष्टि की। उन्होंने बताया कि पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और किडनैपरों की तलाश में विशेष टीमों को रवाना कर दिया गया है।
- 13 Aug 2025 11:42 AM IST
सोने के भाव में कमी आई
भारतीय सर्राफा बाजार में सोना चांदी के भाव कुछ हद तक कम हुए है। आज (13 अगस्त 2025, बुधवार) यलो मेटल कहे जाने वाले सोने की की कीमत में जहां करीब 100 रुपए प्रति 10 ग्राम तक की कमी आई है।दिल्ली के अलावा नोएडा, गाजियाबाद, लखनऊ, और जयपुर जैसे शहरों में 22 कैरेट गोल्ड की कीमत 92,900 रुपए प्रति 10 ग्राम से अधिक है। वहीं 24 कैरेट सोने की कीमत 1,01,000 रुपए प्रति 10 ग्राम के करीब है।
- 13 Aug 2025 11:33 AM IST
चांदी की कीमत घटी
सोना- चांदी (Gold- Silver) की कीमतों में लगातार तीसरे दिन गिरावट देखने को मिली है। इनमें चांदी की कीमत की तो यह फिलहाल 1 लाख 15000 रुपए के नीचे आ गई है। इसकी कीमत में आज करीब 200 रुपए प्रति किलोग्राम तक की गिरावट देखी गई है। जिसके बाद अधिकांश शहरों में चांदी की कीमत 1,14,900 रुपए प्रति किलोग्राम हो गई है।
- 13 Aug 2025 11:21 AM IST
कई शहरों में बदल गए पेट्रोल-डीजल के रेट
आज भुवनेश्वर में पेट्रोल 39 पैसे घटकर 101.16 रुपए और डीजल 37 पैसे कम होकर 92.74 रुपए प्रति लीटर हो गया है। वहीं जयपुर में पेट्रोल 31 पैसे घटकर 104.41 रुपए और डीजल 28 पैसे कम होकर 89.93 रुपए प्रति लीटर हो गया है। इसी प्रकार पटना में पेट्रोल 55 पैसे घटकर 105.56 रुपए और डीजल 52 पैसे कम होकर 91.80 रुपए प्रति लीटर हो गया है। जबकि, नोएडा में पेट्रोल 10 पैसे बढ़कर 94.87 रुपए और डीजल 12 पैसे महंगा होकर 88.01 रुपए प्रति लीटर हो गया है। लखनऊ में भी पेट्रोल 11 पैसे बढ़कर 94.69 रुपए और डीजल 13 पैसे महंगा होकर 87.81 रुपए प्रति लीटर हो गया है।
- 13 Aug 2025 11:10 AM IST
महानगरों में नहीं बदले ईंधन के दाम
आज देश की राजधानी दिल्ली में पेट्रोल 94.77 रुपए और डीजल 87.67 रुपए प्रति लीटर मिल रहा है। वहीं आर्थिक राजधानी मुंबई में पेट्रोल की कीमत 103.44 रुपए, तो एक लीटर डीजल 89.97 रुपए में उपलब्ध है। इसी तरह कोलकाता में एक लीटर पेट्रोल 104.95 रुपए में उपलब्ध है, जबकि यहां डीजल 91.76 प्रति लीटर है। चेन्नई में भी आपको एक लीटर पेट्रोल के लिए 101.03 रुपए चुकाना होंगे, वहीं यहां डीजल की कीमत 92.61 रुपए प्रति लीटर है।
Created On :   13 Aug 2025 8:00 AM IST