Breaking News: आज की बड़ी खबरें 13 जुलाई 2025 हिंदी न्यूज लाइव

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। देश दुनिया में आज क्या घटा खास। जानिए दिनभर की तमाम बड़ी खबरें।
Live Updates
- 13 July 2025 1:41 PM IST
शुभांशु की वापसी के लिए परिजन उत्साहित, माता-पिता ने कहा- बेटे के धरती पर लौटने का बेसब्री से इंतजार
एक्सिऑम-4 (एएक्स-4) मिशन 14 जुलाई को अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (आईएसएस) से धरती पर लौटने वाला है। भारतीय वायुसेना के ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला का परिवार इस मौके पर बहुत उत्साहित और गर्व महसूस कर रहा है। शुभांशु शुक्ला की अंतरिक्ष यात्रा का आखिरी चरण चार दिन की देरी के बाद पूरा होने जा रहा है। शुभांशु देश के लाखों लोगों के लिए प्रेरणा का प्रतीक बन चुके हैं। शुभांशु शुक्ला के माता-पिता अपने बेटे का स्वागत करने को लेकर भावुक हैं। उनके पिता शंभू दयाल शुक्ला ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से खास बातचीत में गर्व और खुशी जताई है।
- 13 July 2025 1:15 PM IST
'बिग बॉस 19' में नजर आ सकते हैं श्रीराम चंद्रा, दिलचस्प पर्सनालिटी से 'तेलुगू सीजन' के बन चुके हैं फाइनलिस्ट
सिंगर और एक्टर श्रीराम चंद्रा को लेकर खबर सामने आ रही है कि वह पॉपुलर रियलिटी शो 'बिग बॉस 19' में बतौर कंटेस्टेंट नजर आ सकते हैं। शो से जुड़े एक सूत्र ने बताया है कि श्रीराम चंद्रा इस समय बिग बॉस (हिंदी) के मेकर्स से बात कर रहे हैं। सूत्र ने कहा, ''श्रीराम चंद्रा ने 'बिग बॉस तेलुगू' में अपने सफर के दौरान काफी फैंस बनाए थे। अब 'बिग बॉस' की हिंदी टीम भी चाहती है कि उनकी वही दिलचस्प पर्सनालिटी इस शो में नजर आए। वह जमीन से जुड़े और समझदार इंसान माने जाते हैं। उनकी सहजता दर्शकों को काफी पसंद आती है।''
- 13 July 2025 1:08 PM IST
केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने छत्रपति शिवाजी महाराज के 12 किलों को UNESCO की विश्व धरोहर सूची में शामिल किए जाने पर दिया रिएक्शन
केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने छत्रपति शिवाजी महाराज के 12 किलों को UNESCO की विश्व धरोहर सूची में शामिल किए जाने पर कहा, "यह हम सभी के लिए बहुत गर्व की बात है। छत्रपति शिवाजी महाराज ने देश में स्वराज लाने, देश की एकता और अखंडता के लिए संघर्ष, विकास और प्रत्येक व्यक्ति को अंतिम छोर तक सम्मान देने का काम किया। हम सभी बहुत गौर्वांवित हैं कि छत्रपति शिवाजी महाराज के 12 किलों(11 किले महाराष्ट्र में हैं और 1 तमिलनाडु) को विश्व धरोहर स्थल का दर्जा मिला है। यह दर्शाता है कि छत्रपति शिवाजी महाराज का व्यापक प्रभाव हर कोने में था। यह हम सभी को प्रेरणा देता है।"
- 13 July 2025 12:52 PM IST
शुभांशु शुक्ला के पिता शंभू दयाल शुक्ला ने वापसी को लेकर दी प्रतिक्रिया
ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला के साथ Axiom-4 मिशन 14 जुलाई को अंतर्राष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन से अनडॉक होने वाला है। शुभांशु शुक्ला के पिता शंभू दयाल शुक्ला ने बताया, "कल, 14 जुलाई को शाम लगभग 4.30 बजे अनडॉकिंग होगी और 15 जुलाई को वह पृथ्वी पर वापस आ जाएगा। हम इसका इंतज़ार कर रहे थे, इसलिए हमें खुशी है कि वह वापस आ रहा है। हम ईश्वर से प्रार्थना करते हैं कि वह सकुशल वापस आ जाए।"
- 13 July 2025 12:37 PM IST
केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने सुप्रीम कोर्ट की तरफ से चुनाव आयोग को बिहार में मतदाता सूची के विशेष पुनरीक्षण पर दी प्रतिक्रिया
केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने सुप्रीम कोर्ट द्वारा चुनाव आयोग को बिहार में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभ्यास की अनुमति देने पर कहा, "संविधान प्रदत्त व्यवस्था के अनुरूप निष्पक्ष चुनाव कराना चुनाव आयोग का काम है। अगर चुनाव आयोग चुनाव की निष्पक्षता के लिए मतदाता सूची की समीक्षा करता है तो वह उनका अधिकार है। इस पर किसी को चुनाव आयोग पर संदेह करने की आवश्यकता नहीं है। इसे एक राजनैतिक मुद्दा बनाने की कोशिश की गई है।"
- 13 July 2025 12:27 PM IST
बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने रोजगार को लेकर दी प्रतिक्रिया
बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा, "हम लोगों ने 2020 में साफ तौर पर घोषणा की थी कि 10 लाख सरकारी नौकरी और 10 लाख रोजगार देंगे। हमने 50 लाख के लक्ष्य को पूरा कर लिया है। अब 2025 से 2030 की सरकार जो NDA बनाएगी। उसके लिए 1 करोड़ लोगों को बिहार में रोजगार देने की तैयारी है। बिहार में कौशल विश्वविद्यालय का निर्माण किया जाएगा।यहां उद्योग को बढ़ावा मिलेगा। इंफ्रास्ट्रक्चर का काम बिहार में लगातार बढ़ रहा है। आज इंफ्रास्ट्रक्चर और बिजली सही हो गई है। गांव में लोग रहने लगे हैं। पलायन रूक गया है। लालू यादव के समय में पलायन 11% था अब घटकर 4% से नीचे चला गया। अब यहां रोजगार बढ़ाने की जरूरत है। नीतीश कुमार जी ने NDA के लिए लक्ष्य तय किया है कि 1 करोड़ लोगों को नौकरी और रोजगार देंगे। अब मजबूरी में लोग पलायन नहीं करते हैं। कोई अच्छी नौकरी के लिए जा रहा है तो हम उसे रोक नहीं सकते हैं। हमने संकल्प लिया है कि अगले 5 साल में हर घर में लोगों को चिह्नित करेंगे कि नौजवान बाहर क्यों गया है? यदि उसको रोजगार देना है तो यहां पर उसकी स्थापना की जाएगी।"
- 13 July 2025 12:02 PM IST
उत्तर कोरिया का रूस को बिना शर्त समर्थन
उत्तर कोरिया के नेता किम जोंग उन ने रूस -यूक्रेन जंग के बीच रूस को बिना शर्त समर्थन देने की बात कही है। उत्तर कोरिया के पूर्वी शहर वोन्सान में रूसी विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव से हुई मुलाकात में किम जोंग ने रूस को बिना शर्त समर्थन देने की बात दोहराई।
- 13 July 2025 11:53 AM IST
15 जुलाई को कांग्रेस संसदीय रणनीतिक समूह की बैठक
कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी ने संसद के मानसून सत्र की रणनीति पर चर्चा के लिए 15 जुलाई को कांग्रेस संसदीय रणनीतिक समूह की बैठक बुलाई है।
- 13 July 2025 11:43 AM IST
पाकिस्तानी सैना और उसके ठिकानों पर बीएलएफ ने किए ताबड़तोड़ हमले
बलूचिस्तान लिबरेशन फ्रंट ने पूरे पाकिस्तानी प्रांत में सशस्त्र हमलों की व्यापक लहर की जिम्मेदारी लेते हुए ऑपरेशन बाम के समापन की घोषणा की है। ऑपरेशन बाम के दौरान बीएलएफ ने बड़े पैमाने पर पिछले दो दिनों में 84 हमले किए। बीएलएफ प्रवक्ता मेजर ग्वाहराम बलोच ने कहा, 9 जुलाई से 11 जुलाई के बीच किए गए हमलों में पाकिस्तानी सैन्य कर्मियों, खुफिया कार्यकर्ताओं और प्रमुख राज्य बुनियादी ढांचे को निशाना बनाया गया।
- 13 July 2025 11:41 AM IST
कला, साहित्य और लोक सेवा के क्षेत्र के प्रतिष्ठित व्यक्तियों को किया जाता है मनोनीत
राष्ट्रपति मुर्मू ने संविधान के अनुच्छेद 80(1)(क) के खंड (3) द्वारा उन्हें दी गई शक्तियों के अंतर्गत इन लोगों को उच्च सदन के लिए चुना है। भारतीय राष्ट्रपति राज्यसभा के लिए 12 नागरिकों को मनोनीत कर सकते हैं। ये लोग कला, साहित्य और लोक सेवा के क्षेत्र में अपनी प्रतिष्ठा से प्रसिद्ध होते है
Created On :   13 July 2025 8:00 AM IST