Breaking News: आज की बड़ी खबरें 14 अप्रैल 2025 हिंदी न्यूज लाइव

आज की बड़ी खबरें 14 अप्रैल 2025 हिंदी न्यूज लाइव
14 अप्रैल2025 दैनिक भास्कर में आज की ताजा बड़ी खबरें, दुनिया, देश, राजनीति, खेल, मनोरंजन, व्यापार, टेक्नोलॉजी, शिक्षा, जुर्म, जीवन शैली एवं राशिफल की हिंदी न्यूज़ पढ़ें

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। देश दुनिया में आज क्या घटा खास। जानिए दिनभर की तमाम बड़ी खबरें.

Live Updates

  • 14 April 2025 10:44 AM IST

    कांग्रेस ने अपने शासन में बाबासाहेब का नाम तक लेने से गुरेज किया धर्मेंद्र प्रधान

    केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने बाबासाहेब भीमराव अंबेडकर की जयंती पर उनका स्मरण करते हुए उन्हें नमन किया। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने अपने 60 साल के शासन में बाबासाहेब का नाम तक लेने से गुरेज किया।

  • 14 April 2025 10:36 AM IST

    अभिनेता सलमान खान को धमकी

    अभिनेता सलमान खान को फिर मिली जान से मारने की धमकी, अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज

  • 14 April 2025 10:20 AM IST

    सीएम योगी ने अग्निशमन विभाग के अधिकारियों के साथ की बैठक

    उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 'अग्नि सुरक्षा सप्ताह' से पहले अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवाओं के महानिदेशक आदित्य मिश्रा सहित अग्निशमन विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक की।

  • 14 April 2025 10:12 AM IST

    धर्मेंद्र प्रधान ने किया बाबा अंबेडकर को याद

    केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि बाबा साहब भीमराव अंबेडकर जी की जयंती के अवसर पर उन्हें पुष्पांजलि अर्पित कर हम गौरवान्वित महसूस कर रहे हैं। बाबा साहब ने जो संविधान में नीति बनाई है अगर वे ना होता तो पिछड़े और वंचितों की क्या हालत होती? ये देश उनकी जयंती पर उन्हें नमन कर रहा है।

  • 14 April 2025 9:57 AM IST

    असम के मुख्यमंत्री जीत अदाणी से मिले, ग्रुप के 50,000 करोड़ रुपये की निवेश योजना पर हुई चर्चा

    असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने फरवरी में गुवाहाटी में आयोजित व्यापार शिखर सम्मेलन के दौरान राज्य के लिए प्रस्तावित 50,000 करोड़ रुपये की निवेश योजना को आगे बढ़ाने के लिए अदाणी समूह के निदेशक जीत अदाणी के साथ बैठक की। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार को उम्मीद है कि अदाणी समूह द्वारा विभिन्न क्षेत्रों में निवेश के लिए दिए गए प्रस्ताव शीघ्र ही वास्तविकता बन जाएंगे।

  • 14 April 2025 9:49 AM IST

    बाबासाहेब ने महिलाओं और वंचित वर्गों को समान अधिकार दिलाने के लिए आजीवन संघर्ष किया- राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू

    संविधान निर्माता बाबासाहेब भीमराव अंबेडकर की आज जयंती है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने आंबेडकर जयंती पर सभी देशवासियों को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दीं। राष्ट्रपति ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में बाबासाहेब की तस्वीर के साथ संदेश भी साझा किया। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने संदेश में कहा, "भारतीय संविधान के शिल्पकार, बाबासाहेब भीमराव रामजी आंबेडकर के जन्म दिवस पर मैं सभी देशवासियों को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं देती हूं। अपने प्रेरणादायी जीवन में बाबासाहेब ने अत्यंत विषम परिस्थितियों का सामना करते हुए अपनी विशेष पहचान बनाई और असाधारण उपलब्धियों से विश्व स्तर पर सम्मान अर्जित किया।"

  • 14 April 2025 9:35 AM IST

    मायावती ने बाबा साहेब अंबेडकर को किया याद

    बसपा सुप्रीमो मायावती ने कहा कि देश के समस्त दलितों, आदिवासियों, पिछड़े वर्गों व अन्य उपेक्षितों को भी वास्तव में मिशनरी अंबेडकरवादी बनना होगा, जिसमें जुल्म-ज्यादती व अन्याय आदि से मुक्ति पाकर शासक वर्ग बनने की शक्ति उनकी आपसी एकता व सत्ता की मास्टर चाबी की प्राप्ति में ही है। उन्होंने आगे कहा कि देश में बहुजनों के सामाजिक, आर्थिक व राजनीतिक हालात, कांग्रेस की तरह भाजपा शासनकाल में भी अति-दयनीय हैं तथा इनके आरक्षण के संवैधानिक अधिकार पर भी सुनियोजित कुठाराघात होने से अब इनकी स्थिति कुछ 'अच्छे दिन' के बजाय बुरे दिन वाली ही बन रही है, जो अति दुःखद व चिंतनीय है।"

  • 14 April 2025 9:05 AM IST

    सीएम योगी ने किया बाबा साहेब अंबेडकर को याद

    सीएम योगी आदित्यनाथ ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा, "सर्वसमावेशी, सर्वहितग्राही, उत्कृष्ट लोकतांत्रिक मूल्यों से दीप्त, एक भारत-श्रेष्ठ भारत की भावना को समृद्ध करते भारतीय संविधान के शिल्पकार, बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर जी की जयंती पर उन्हें कोटि-कोटि नमन! वे सच्चे अर्थों में 'भारत रत्न' एवं लोकतंत्र की जीवंत पाठशाला थे। समतामूलक एवं न्यायप्रिय समाज की स्थापना के लिए उनका संघर्ष हम सभी को अनंत काल तक प्रेरणा प्रदान करता रहेगा।"

  • 14 April 2025 8:58 AM IST

    अंबेडकर जयंती पर क्या बोले अमित शाह

    अमित शाह ने कहा, शिक्षा, समानता और न्याय के बल पर सामाजिक क्रांति की नींव रखने वाले बाबासाहेब भीमराव अंबेडकर आजीवन वंचितों के अधिकारों के लिए कटिबद्ध रहे। समता, स्वतंत्रता और बंधुत्व पर आधारित संविधान की रचना कर उन्होंने भारत की महान लोकतांत्रिक विरासत को सुदृढ़ आधार प्रदान किया। न्यायपूर्ण और समतामूलक समाज निर्माण की दिशा में बाबासाहेब के विचार आज भी हम सभी को प्रेरणा प्रदान करते हैं। महान संविधान शिल्पी और करोड़ों देशवासियों के आत्मगौरव के प्रतीक बाबासाहेब भीमराव अंबेडकर जी को उनकी जयंती पर कोटि-कोटि नमन करता हूं।"

  • 14 April 2025 8:54 AM IST

    पीएम मोदी ने किया बासा साहेब अंबेडकर को याद

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक वीडियो पोस्ट करते हुए कैप्शन में लिखा, "सभी देशवासियों की ओर से भारत रत्न पूज्य बाबासाहेब को उनकी जयंती पर कोटि-कोटि नमन। यह उन्हीं की प्रेरणा है कि देश आज सामाजिक न्याय के सपने को साकार करने में समर्पित भाव से जुटा हुआ है। उनके सिद्धांत एवं आदर्श आत्मनिर्भर और विकसित भारत के निर्माण को मजबूती और गति देने वाले हैं।"

Created On :   14 April 2025 8:00 AM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story